पावर स्टार पवन सिंह की घिनौनी हरकत, को-एक्ट्रेस अंजलि राघव को गलत तरीके से किया टच
Authored By: Ranjan Gupta
Published On: Saturday, August 30, 2025
Updated On: Saturday, August 30, 2025
भोजपुरी स्टार पवन सिंह एक नए विवाद में फंस गए हैं. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में को-एक्ट्रेस अंजलि राघव के साथ इवेंट के दौरान गलत तरीके से टच करने का आरोप उन पर लग रहा है. अंजलि ने इंस्टाग्राम वीडियो जारी कर नाराजगी जताई और भोजपुरी इंडस्ट्री छोड़ने का ऐलान किया.
Authored By: Ranjan Gupta
Updated On: Saturday, August 30, 2025
Pawan Singh Controversy with Anjali Raghav: भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री एक बार फिर विवादों में है. इस बार मुद्दा है सुपरस्टार और गायक पवन सिंह और उनकी को-एक्ट्रेस अंजलि राघव का. हाल ही में लखनऊ में हुए एक प्रमोशनल इवेंट का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें पवन सिंह पर अंजलि को गलत तरीके से टच करने का आरोप लगा है. इस घटना के बाद अंजलि ने इंस्टाग्राम पर दो वीडियो जारी कर अपनी पीड़ा साझा की और साफ कहा कि बिना अनुमति किसी महिला को टच करना गलत है. उन्होंने इस घटना से आहत होकर भोजपुरी इंडस्ट्री को छोड़ने का फैसला भी कर लिया है.
प्रमोशनल इवेंट के दौरान हुई घटना
- यह घटना लखनऊ में हुए एक प्रमोशनल इवेंट की बताई जा रही है, जहां दोनों अपनी नई म्यूजिक वीडियो ‘सैंया सेवा करे’ को प्रमोट करने पहुंचे थे.
- वीडियो सामने आते ही मामला तूल पकड़ गया. सोशल मीडिया पर कई लोग पवन सिंह को ट्रोल कर रहे हैं, तो वहीं कुछ लोग अंजलि राघव को भी जिम्मेदार ठहराने लगे. इसी बीच अंजलि ने इंस्टाग्राम पर दो वीडियो पोस्ट कर अपनी नाराजगी जाहिर की और भोजपुरी इंडस्ट्री से दूरी बनाने का बड़ा फैसला सुना दिया.
अंजलि राघव का बयान
पहले वीडियो में अंजलि ने कहा, “राम राम जी, मुझे आप सबसे एक जरूरी बात करनी है. लखनऊ इवेंट में जो हुआ, उस पर मुझे लगातार कमेंट्स मिल रहे हैं कि मैंने कुछ कहा क्यों नहीं, थप्पड़ क्यों नहीं मारा. कुछ लोग तो मुझे ही गलत ठहरा रहे हैं. मीम्स बनाए जा रहे हैं कि मैं हंस रही थी. आप ही बताइए, अगर कोई पब्लिक में मुझे टच करेगा तो क्या मुझे मजा आएगा?”
अंजलि ने साफ किया कि गाने की शूटिंग के दौरान सबकुछ सामान्य था, इसलिए वह इवेंट में गईं. उन्होंने बताया कि स्टेज पर जब वह दर्शकों से बात कर रही थीं, तभी पवन सिंह ने कहा कि उनकी कमर पर कुछ लगा है. अंजलि को लगा शायद साड़ी या ब्लाउज का टैग होगा, इसलिए उन्होंने हंसकर टाल दिया. लेकिन बाद में टीम से पूछने पर पता चला कि वहां कुछ नहीं था. इस बात ने उन्हें गहरा आहत किया.
भीड़ और माहौल का डर
अंजलि ने आगे कहा कि इवेंट में पवन सिंह के फैंस की भारी भीड़ मौजूद थी. लोग उन्हें भगवान मानकर उनके पैरों में गिर रहे थे. ऐसे माहौल में उन्हें डर था कि अगर स्टेज पर विरोध करतीं, तो शायद कोई उनका साथ न देता. वह बैकस्टेज जाकर बात करना चाहती थीं, लेकिन पवन सिंह अचानक इवेंट छोड़कर चले गए.
सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग से दुखी
दूसरे वीडियो में अंजलि ने कहा कि उनके बयान से पहले ही लोगों ने बिना सच्चाई जाने उन्हें दोषी ठहराना शुरू कर दिया. उन्होंने बताया कि जब वह सोशल मीडिया पर अपनी बात रखने जा रही थीं, तभी उन्हें चेतावनी मिली कि पवन सिंह की पीआर टीम बहुत मजबूत है और अगर उन्होंने कुछ लिखा तो मामला और बिगड़ जाएगा. इसी वजह से उन्होंने शुरुआत में चुप्पी साध ली थी.
इंडस्ट्री छोड़ने का एलान
अंजलि ने कहा, “किसी भी लड़की को उसकी इजाजत के बिना छूना गलत है. अगर यही घटना हरियाणा में होती तो जनता खुद जवाब देती. मैं एक आर्टिस्ट हूं और नई-नई चीजें करना चाहती हूं, लेकिन इस इंडस्ट्री ने मुझे सिर्फ तकलीफ दी है. अब मैं भोजपुरी इंडस्ट्री में काम नहीं करूंगी.” उन्होंने साफ कहा कि वह अब हरियाणा में अपने परिवार के साथ खुश हैं और भोजपुरी फिल्मों या गानों में दोबारा नजर नहीं आएंगी.
ये भी पढ़ें:- ‘दिव्यांगों का मजाक उड़ाना सहीं नहीं..’, समय रैना सहित 5 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स पर SC सख्त
यह भी पढ़ें
news via inbox
समाचार जगत की हर खबर, सीधे आपके इनबॉक्स में - आज ही हमारे न्यूजलेटर को सब्सक्राइब करें।
[newsletter_form]














