Special Coverage
INDIA गठबंधन का बड़ा ऐलान. 6 अक्टूबर को चुनाव आयोग मार्च, 1 नवंबर को दिल्ली में विशाल रैली
Authored By: Galgotias Times Bureau
Published On: Wednesday, September 30, 2026
Last Updated On: Wednesday, September 30, 2026
दिल्ली में INDIA गठबंधन की बैठक के बाद विपक्ष ने चुनाव आयोग, SIR और मतदाता सूची को लेकर बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया. 6 अक्टूबर को EC मार्च और 1 नवंबर को दिल्ली में बड़ी रैली होगी. जानिए बैठक की बड़ी बातें.
Authored By: Galgotias Times Bureau
Last Updated On: Wednesday, September 30, 2026
INDIA Alliance Meeting: नई दिल्ली, चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर जारी विवाद के बीच बुधवार, 30 सितंबर को दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में विपक्षी गठबंधन INDIA की अहम बैठक (INDIA Alliance Meeting) हुई. करीब साढ़े तीन घंटे चली इस बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आंदोलन को आगे बढ़ाने का ऐलान किया.
बैठक में कौन-कौन पहुंचा
| नेता / पार्टी | बैठक में स्थिति |
|---|---|
| मल्लिकार्जुन खड़गे | बैठक में शामिल हुए |
| सोनिया गांधी | बैठक में शामिल हुईं |
| राहुल गांधी | बैठक में शामिल हुए |
| जयराम रमेश | बैठक में शामिल हुए |
| केसी वेणुगोपाल | बैठक में शामिल हुए |
| पवन खेड़ा | बैठक में शामिल हुए |
| ममता बनर्जी | बैठक में शामिल हुईं |
| अभिषेक बनर्जी | बैठक में शामिल हुए |
| तेजस्वी यादव | बैठक में शामिल हुए |
| उद्धव ठाकरे | ऑनलाइन बैठक से जुड़े |
| हेमंत सोरेन | ऑनलाइन बैठक से जुड़े |
| अखिलेश यादव | खुद शामिल नहीं हुए, प्रतिनिधि भेजे |
| AAP | बैठक से दूरी बनाई |
| DMK | बैठक से दूरी बनाई |
खड़गे का शुरुआती संबोधन
बैठक की शुरुआत में मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और इसकी लोकतांत्रिक परंपराएं इस सरल पर गहरे सिद्धांत पर टिकी हैं कि सरकार चुनने में हर नागरिक की बराबर आवाज होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की बुनियाद ‘एक व्यक्ति, एक वोट, एक मूल्य’ के सिद्धांत पर टिकी है और इसे कमजोर नहीं होने दिया जा सकता.
बैठक से पहले खड़गे ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर सीधा निशाना साधते हुए उन्हें भाजपा की “कठपुतली” बताया था. उनका आरोप था कि सोची-समझी साजिशों के जरिए वोटर लिस्ट से नाम हटाए जा रहे हैं, और चुनाव आयुक्त मोदी सरकार की कठपुतली बन गए हैं, जो भारतीय लोकतंत्र के उसूलों और भावना के खिलाफ है. उन्होंने यह भी कहा कि 2027 में पांच राज्यों में चुनाव होने हैं, इसलिए किसी भी वोटर के अधिकार का उल्लंघन न हो, यह पक्का करना जरूरी है.
खड़गे की छह मांगें
बैठक में खड़गे ने विपक्षी दलों के सामने चुनाव सुधार से जुड़ी छह मांगें रखीं, जिनमें सबसे अहम रही EVM की जगह बैलेट पेपर से वोटिंग की मांग. साथ ही उन्होंने पहली बार वोट देने वाले युवाओं के लिए आसान और सुलभ मतदाता पंजीकरण, पारदर्शी मतदाता सूची और ऐसे जवाबदेह चुनाव आयोग की मांग रखी जिस पर सभी राजनीतिक दलों का भरोसा हो. इसके अलावा CEC(Election Commission controversy) की इम्यूनिटी, SIR के जरिए वोटरों को हटाए जाने और युवाओं को मताधिकार से वंचित किए जाने पर भी सवाल उठाए गए. दावा किया गया कि करीब 13.3 करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं.
6 अक्टूबर को चुनाव आयोग तक मार्च
प्रेस कॉन्फ्रेंस में खड़गे ने ऐलान किया कि 6 अक्टूबर को सभी विपक्षी सांसद एकसाथ चुनाव आयोग तक मार्च करेंगे. उन्होंने बताया कि अक्टूबर के दूसरे हफ्ते में विपक्षी नेता राष्ट्रपति से मुलाकात का समय मांगेंगे और चुनाव आयोग व सरकार के खिलाफ अपनी शिकायतों को लेकर ज्ञापन सौंपेंगे.
1 नवंबर को दिल्ली में बड़ी रैली, देशभर में 5 और रैलियां
खड़गे ने यह भी घोषणा की कि 1 नवंबर को दिल्ली में गठबंधन की एक बड़ी रैली होगी, जिसमें विपक्ष चुनाव प्रक्रिया और कथित “वोट चोरी” का मुद्दा उठाएगा. इसके अलावा देशभर में पांच और बड़ी रैलियां आयोजित करने की योजना है, जिनकी तारीख और स्थान जल्द तय किए जाएंगे. देशभर में जिला स्तर पर भी कार्यक्रम किए जाएंगे.
ममता बनर्जी का तीखा तेवर
बैठक से एक दिन पहले मंगलवार को ही ममता बनर्जी दिल्ली पहुंच गई थीं. एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने CEC ज्ञानेश कुमार(Gyanesh Kumar) पर तंज कसते हुए कहा, “वैनिश जी, वैनिश जी. आप जानते हैं, मैं उन्हें शुरुआत से ही ‘वैनिश’ कहती रही हूं.” उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी का निशाना चुनाव आयोग है और यह बैठक उस पूरी टीम के खिलाफ है जिसने लोगों के साथ विश्वासघात किया.
इससे पहले भी ममता बनर्जी चुनाव आयोग पर हमलावर रही हैं. उन्होंने आरोप लगाया था कि भाजपा और चुनाव आयोग ने बंगाल विधानसभा चुनाव को लूटा और मांग की थी कि जब तक ज्ञानेश कुमार सीईसी पद पर रहेंगे, विरोध जारी रहेगा.
राष्ट्रीय राजधानी में सतर्कता
बैठक से पहले दिल्ली में विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने वाली होर्डिंग को लेकर भी सियासी माहौल गरमाया रहा. वहीं दूसरी ओर, आगरा में CEC ज्ञानेश कुमार(Gyanesh Kumar) के घर पर कालिख पोतने की घटना को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हत्या के प्रयास की धारा लगाए जाने की खबर भी सामने आई.
चुनाव आयोग का पक्ष
चुनाव आयोग(Election Commission) ने विपक्ष के इन दावों के बीच कहा कि अलग-अलग विचार किसी भी संस्थागत विचार-विमर्श का सामान्य हिस्सा होते हैं. आयोग SIR से जुड़े अपने फैसलों को कानूनी प्रक्रिया के तहत बता चुका है. आयोग ने हाल ही में Form 6 से SIR घोषणापत्र वाला हिस्सा भी हटाया है, हालांकि यह बदलाव सिर्फ उन राज्यों में लागू होगा जहां SIR प्रक्रिया पूरी हो चुकी है.
यह भी पढ़ें :- INDIA Bloc Meeting: दिल्ली में विपक्ष की बड़ी बैठक, चुनाव आयोग पर क्या होगा अगला कदम?




