बिहार ही नहीं, झारखंड के सवाल पर भी भाजपा नेता अब हो रहे हैं लालू परिवार पर हमलावर
Authored By: सतीश झा
Published On: Wednesday, March 26, 2025
Updated On: Thursday, May 1, 2025
बिहार की राजनीति में लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) और उनके परिवार पर भाजपा नेताओं के हमले अब सिर्फ बिहार तक सीमित नहीं रहे, बल्कि झारखंड (Jharkhand) के मुद्दे पर भी भाजपा (BJP) खुलकर हमला बोल रही है. हाल ही में बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा (Vijay Sinha) ने लालू यादव पर तंज कसते हुए कहा , "लालू यादव कहते थे कि झारखंड (Jharkhand) मेरी लाश पर बनेगा, लेकिन आज झारखंड भी है और लालू यादव भी."
Authored By: सतीश झा
Updated On: Thursday, May 1, 2025
Bihar Political Debate : बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा (Vijay Sinha) के इस बयान के बाद भाजपा के अन्य नेता भी लालू (Lalu Yadav) परिवार पर हमलावर हो गए हैं। भाजपा (BJP) का कहना है कि लालू यादव ने झारखंड के गठन का हमेशा विरोध किया और जब केंद्र में अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार थी, तब भाजपा ने झारखंड (Jharkhand) को अलग राज्य बनाकर उसे एक नई पहचान दी.
भाजपा (BJP) नेताओं का आरोप है कि राजद (RJD) की राजनीति सिर्फ बिहार में सत्ता बनाए रखने तक सीमित थी, जबकि भाजपा ने झारखंड को एक तेजी से विकसित होता राज्य बनाने की दिशा में काम किया. डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने कहा, “इतिहास गवाह है कि लालू यादव झारखंड को अलग राज्य बनाने के पक्ष में नहीं थे. उन्होंने खुले मंच से कहा था कि झारखंड तभी बनेगा जब उनकी लाश पड़ेगी. लेकिन आज झारखंड एक विकसित राज्य के रूप में अपनी पहचान बना चुका है और लालू यादव भी पूरी तरह सक्रिय हैं.” उन्होंने आगे कहा कि राजद की राजनीति हमेशा जातिवाद और वोटबैंक तक सीमित रही है, जबकि भाजपा और एनडीए सरकारों ने विकास को प्राथमिकता दी है.
झारखंड के गठन पर लालू यादव का विरोध
गौरतलब है कि 15 नवंबर 2000 को झारखंड राज्य का गठन हुआ था, जब अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में केंद्र में भाजपा सरकार थी. उस समय बिहार में राजद की सरकार थी और लालू यादव (Lalu Yadav) ने झारखंड को अलग राज्य बनाए जाने का जोरदार विरोध किया था.
भाजपा ने झारखंड को दी नई दिशा
विजय सिन्हा (Vijay Sinha) ने कहा कि भाजपा ने झारखंड को एक उभरता हुआ राज्य बनाया है. उन्होंने भाजपा सरकारों के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि अगर झारखंड आज विकास की राह पर है, तो यह भाजपा की मजबूत नीतियों का नतीजा है.
लालू परिवार पर भाजपा की नई रणनीति?
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा अब झारखंड के मुद्दे को बिहार की राजनीति में भी भुनाने की तैयारी में है. बिहार में भाजपा लगातार लालू यादव और उनके परिवार को घेरने में जुटी है. अब झारखंड से जुड़े पुराने विवादों को उठाकर राजद को और दबाव में लाने की रणनीति बना रही है. झारखंड में भी भाजपा नेता इस मुद्दे को जोर-शोर से उठा रहे हैं. प्रदेश भाजपा के कई नेताओं ने कहा है कि लालू यादव और उनकी पार्टी हमेशा झारखंड के विकास में बाधक बने रहे और अगर आज झारखंड एक उभरता हुआ राज्य है, तो इसका श्रेय भाजपा को जाता है.
राजद नेता तेजस्वी यादव ने किया सीएम नीतीश पर सियासी हमला
पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उसके बाद उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा जिस प्रकार से राजद और खासकर लालू परिवार पर हमलावर हैं, उसको लेकर पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने नीतीश पर हमला बोला है। राजद नेता तेजस्वी यादव का कहना है कि आदरणीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी द्वारा बार- बार पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती राबड़ी देवी जी का भरे सदन में अपमान करना अत्यंत निंदनीय है। बिहार की भूमि माता सीता की जननी है , बिहार का मुखिया ही जब महिलाओं के लिए तू तड़ाक की भाषा का प्रयोग करेगा तो बिहार का इस से बड़ा दुर्भाग्य क्या होगा।
राबड़ी देवी जी बिहार के महिला सशक्तिकरण का एक जीवंत हस्ताक्षर हैं। बिहार की हर महिला में वो ये आशा, विश्वास और उत्साह जगाती हैं कि केवल पुरुष ही नहीं बल्कि यहाँ की नारी भी इतनी शक्तिशाली है जो अन्याय के ख़िलाफ़ जीवन पर्यन्त डट कर लड़ सकती है, अपने परिवार को सम्भाल सकती है और पूरे बिहार की समृद्धि में योगदान दे सकती है।
मुख्यमंत्री की ऐसी आपत्तिजनक भाषा, दुर्व्यवहार, अशिष्ट आचरण और अपमान नारी शक्ति का घोर अपमान है तथा महिलाओं को दोयम समझने वाली पुरुषवादी मानसिकता का भी परिचायक है।
बिहार की राजनीति में हलचल
विजय सिन्हा के इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में हलचल मचने के आसार हैं.राजद की ओर से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन यह बयान नई सियासी बहस को जन्म दे सकता है.
यह भी पढ़ें
news via inbox
समाचार जगत की हर खबर, सीधे आपके इनबॉक्स में - आज ही हमारे न्यूजलेटर को सब्सक्राइब करें।















