जहीर खान बन सकते हैं लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटर, गौतम गंभीर के जाने के बाद से खाली पड़ा है पद

जहीर खान बन सकते हैं लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटर, गौतम गंभीर के जाने के बाद से खाली पड़ा है पद

Authored By: अंशु सिंह (वरिष्ठ लेखिका और पत्रकार)

Published On: Wednesday, August 21, 2024

Categories: Cricket News, Sports

Updated On: Tuesday, August 20, 2024

zaheer khan indian cricketer

जहीर खान आईपीएल की फ्रेंचाइजी लखनऊ सुपर जायंट्स (Lucknow Super Giants) के साथ मेंटर एवं टीम के गेंदबाजी कोच की भूमिका निभा सकते हैं। फिलहाल उनकी बातचीत चल रही है। अगर, सब ठीक रहा तो वे गौतम गंभीर का स्थान ले सकते हैं। वर्ष 2023 में गंभीर के कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ चले जाने के बाद से सुपर जायंट्स में कोई मेंटर नहीं है। गंभीर दो सीजन तक लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटर रहे हैं। इस समय वे भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच हैं।

मेंटर के साथ बोलिंग कोच की निभा सकते भूमिका

45 वर्षीय जहीर खान (Zaheer Khan) ने भारत के लिए 92 टेस्ट, 200 वनडे और 17 टी20 मैच खेले हैं। साथ ही 100 आईपीएल मैच भी खेले हैं, जिसमें उन्होंने दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स), रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (अब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) और मुंबई इंडियंस का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने अपना आखिरी आईपीएल मैच 2017 में खेला था। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, जहीर को गंभीर के विकल्प के तौर पर चुना जा रहा है। वह लखनऊ सुपर जायंट्स के गेंदबाजों को अपनी विशेषज्ञता का लाभ भी दे सकते हैं, क्योंकि वर्तमान बोलिंग कोच मोर्न मोर्कल (Bowling Coach Morne Morkel) के भारतीय टीम को ज्वाइन करने की संभावना है। आपको बता दें कि जहीर के पहले टीम इंडिया में संभावित बॉलिंग कोच के रूप में शामिल होने की संभावना थी। वे युवा और उभरते हुए तेज गेंदबाजों को मेंटर करने वाले थे, क्योंकि अपने खेल के दिनों में भी जहीर भारतीय टीम में युवा तेज गेंदबाजों का मार्गदर्शन और मेंटरिंग करने के लिए जाने जाते थे। लेकिन भारतीय टीम के साथ संभावित भूमिका साकार नहीं हो पाई। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने गंभीर की सिफारिश पर मोर्कल को प्राथमिकता दी।

आईपीएल (IPL) का है अच्छा अनुभव

पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान को आईपीएल में कोचिंग का व्यापक अनुभव है। उन्होंने पहले मुंबई इंडियंस के साथ काम किया है। ऐसे में लखनऊ सुपर जायंट्स सेटअप में जहीर मुख्य कोच जस्टिन लैंगर और कोचों की एक मजबूत टीम के साथ सहयोग करेंगे, जिसमें एडम वोजेस, लांस क्लूजनर और जोंटी रोड्स शामिल हैं। वैसे, संजीव गोयनका के स्वामित्व वाली फ्रेचाइज़ी में एक और प्रमुख कोच के शामिल होने की भी चर्चा है, जिसका विवरण पूरी तरह से स्पष्ट नहीं है। आईपीएल की सबसे महंगी टीम एलएसजी को वर्ष 2022 में एक बिलियन डॉलर (उस समय की विनिमय दर के अनुसार 7090 करोड़ रुपये) से अधिक कीमत में खरीदा गया था। अपने पहले दो सत्रों में टीम शीर्ष-चार चरण तक पहुंची, लेकिन पिछले साल खराब नेट रन रेट (एनआरआर) के कारण प्लेऑफ़ स्थान से चूक गई।

(हिन्दुस्तान समाचार के इनपुट्स के साथ)

पिछले बीस वर्षों से दैनिक जागरण सहित विभिन्न राष्ट्रीय समाचार माध्यमों से नियमित और सक्रिय जुड़ाव व प्रेरक लेखन।

Leave A Comment

अन्य खबरें

अन्य खेल खबरें