भारत की झोली में आया एक और पदक, एयर पिस्टल मिक्सड में मनु भाकर और सरबजोत सिंह ने जीता कांस्य

Authored By: सतीश झा

Published On: Tuesday, July 30, 2024

Last Updated On: Sunday, April 27, 2025

Manu Bhaker and Sarabjot Singh
Manu Bhaker and Sarabjot Singh

मनु भाकर (Manu Bhaker ) और सरबजोत सिंह (Sarabjot Singh) की कांस्य पदक जीत ने भारत को अंतरराष्ट्रीय शूटिंग में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि दिलाई है। उनकी यह सफलता उनके कठिन परिश्रम और समर्पण का परिणाम है और यह भारतीय खेलों के लिए एक प्रेरणादायक मील का पत्थर है।

Authored By: सतीश झा

Last Updated On: Sunday, April 27, 2025

पेरिस ओलंपिक (Paris Olympics) में भारतीय टीम की झोली में एक और कांस्य पदक आया है। शूटिंग के लिए 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्सड टीम स्पर्धा में भारत के लिए मनु भाकर और सरबजोत सिंह ने कांस्य पदक जीता है। मनु-सबरजोत की जोड़ी ने भारत को पेरिस ओलंपिक 2024 में दूसरा मेडल जिताया। 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम ब्रॉन्ज मेडल मैच में 7 राउंड के बाद भारत ने 10-7 की लीड बनाई। सर्बिया के अरुनोविक जोराना और मिकेक डमीर ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम इवेंट में स्वर्ण पदक जीता।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मनु-सरबजोत सिंह को कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी। उन्होंने अपने एक्स पर लिखा कि निशानेबाजों ने हमें एक बार फिर गर्व करने का मौका दिया। मनु भाकर और सरबजोत सिंह को 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में ओलंपिक ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर बधाई। दोनों ने शानदार स्किल्स और टीम वर्क दिखाया। भारत बेहद खुश है। मनु के लिए ये दूसरा ओलंपिक मेडल है जो उनकी निरंतरता और प्रतिबद्धता के बारे में बताता है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी बधाई

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ट्वीट किया, “शूटिंग के लिए 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्सड टीम स्पर्धा में भारत के लिए कांस्य पदक जीतने पर मनु भाकर और सरबजोत सिंह को बधाई। मनु भाकर ने इतिहास रच दिया है, वो एक ही ओलंपिक खेलों में दो पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला निशानेबाज बन गई हैं। उन्होंने हमें बहुत गौरवान्वित किया है। मैं उन्हें और सरबजोत सिंह को भविष्य में और भी कई उपलब्धियां हासिल करने की शुभकामनाएं देती हूं।”

परिवार वालों की खुशी का ठिकाना नहीं

Happy Moment for Manu Bhaker and Sarabjot Singh's family

भारतीय निशानेबाज मनु भाकर के कांस्य पदक जीतने पर मनु भाकर की माँ सुमेधा भाकर ने कहा, “बहुत ज्यादा खुश हूं….मैं दोनों बच्चों(मनु भाकर और सरबजोत सिंह) के लिए खुश हूं। भगवान ने आज सब कुछ सफल कर दिया।

मनु भाकर के पिता राम किशन भाकर ने कहा, “ये बहुत बड़ी खुशखबरी है इसके लिए मैं देशवासियों का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने इतना प्यार और आर्शीवाद दिया और मनु की मदद की।….हम उम्मीद करते हैं कि आगे वो अच्छा करेगी।”

निशानेबाज सरबजोत सिंह के कांस्य पदक जीतने पर सरबजोत सिंह के पिता जीतेन्द्र सिंह ने कहा, “मनु भाकर और मेरे बेटे ने कांस्य पदक जीता है। मनु भाकर और उनके परिवार को हार्दिक बधाई। हम बहुत खुश हैं। सबसे पहले, मैं गुरुद्वारा जाऊंगा और मत्था टेकूंगा।हमारे गांव में जश्न मनाया जाएगा।’

About the Author: सतीश झा
सतीश झा की लेखनी में समाज की जमीनी सच्चाई और प्रगतिशील दृष्टिकोण का मेल दिखाई देता है। बीते 20 वर्षों में राजनीति, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय समाचारों के साथ-साथ राज्यों की खबरों पर व्यापक और गहन लेखन किया है। उनकी विशेषता समसामयिक विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना और पाठकों तक सटीक जानकारी पहुंचाना है। राजनीति से लेकर अंतरराष्ट्रीय मुद्दों तक, उनकी गहन पकड़ और निष्पक्षता ने उन्हें पत्रकारिता जगत में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है
Leave A Comment

अन्य खेल खबरें