States News
दिल्ली भाजपा क्यों नहीं कर रही है उम्मीदवारों की घोषणा, कौन-से अपनाए जा रहे हैं तरीके !
दिल्ली भाजपा क्यों नहीं कर रही है उम्मीदवारों की घोषणा, कौन-से अपनाए जा रहे हैं तरीके !
Authored By: सतीश झा
Published On: Tuesday, December 17, 2024
Last Updated On: Thursday, May 1, 2025
दिल्ली में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) ने पहले ही सभी 70 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। अब सबकी निगाहें भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओर हैं, जो अपनी प्रत्याशी सूची पर काम अंतिम चरण में पहुंचा चुकी है।
Authored By: सतीश झा
Last Updated On: Thursday, May 1, 2025
भाजपा (BJP) ने इस बार चुनावी नारा दिया है, “दिल्ली में आ रही है भाजपा।” पार्टी को उम्मीद है कि आम आदमी पार्टी के खिलाफ बढ़ती नाराजगी उसके लिए सत्ता का रास्ता साफ कर सकती है। भाजपा दिल्ली में 1998 से सत्ता से बाहर है और इस बार राज्य की सत्ता में वापसी के लिए पूरी ताकत झोंक रही है।
उम्मीदवारों के चयन में सतर्कता
भाजपा अपने उम्मीदवारों के चयन में बेहद सतर्कता बरत रही है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, प्रत्येक सीट से तीन संभावित उम्मीदवारों की सूची तैयार की जा चुकी है। इन नामों पर अंतिम फैसला संसद सत्र समाप्त होने के बाद 20 दिसंबर के आसपास होने वाली बैठकों में लिया जाएगा।
भाजपा की दिल्ली इकाई के एक शीर्ष पदाधिकारी ने बताया, “हम उम्मीदवारों की सूची इस महीने के अंत तक जारी करेंगे।” पार्टी इस बार महिलाओं, युवाओं और ऐसे नये चेहरों पर दांव लगाने की तैयारी में है, जो जनता के बीच अपनी मजबूत पकड़ रखते हों।
नये चेहरों पर फोकस
भाजपा इस बार ऐसे लोगों को टिकट देने पर विचार कर रही है, जिन्होंने अब तक चुनाव नहीं लड़ा है। इसके साथ ही, पिछली बार लोकसभा चुनावों में जिन छह सांसदों को टिकट नहीं दिया गया था, उन्हें विधानसभा चुनाव लड़वाया जा सकता है।
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने संकेत दिया है कि दो या अधिक बार चुनाव हार चुके नेताओं को इस बार मौका नहीं दिया जाएगा। वहीं, पिछले चुनावों में करीबी मुकाबले में हारने वाले प्रत्याशियों पर गहन जांच-पड़ताल की जा रही है।
ये भी पढ़े: दिल्ली की सियासत में क्यों असरदार नहीं दिख रही है अब तक भाजपा
सर्वे और रिपोर्ट के आधार पर होगा चयन
भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने इस बार उम्मीदवारों के चयन के लिए सर्वे और जमीनी स्तर पर मिली रिपोर्ट्स को प्रमुख आधार बनाया है। इसके अलावा, हाल के महीनों में भाजपा में शामिल हुए नेताओं को भी टिकट देने पर विचार हो सकता है। इनमें कांग्रेस के पूर्व नेता अरविंदर सिंह लवली, राज कुमार चौहान और आम आदमी पार्टी के पूर्व मंत्री कैलाश गहलोत तथा राज कुमार आनंद के नाम शामिल हैं।
AAP और कांग्रेस की तैयारी
आम आदमी पार्टी ने अपनी सभी 70 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस ने अब तक 21 उम्मीदवारों की घोषणा की है। इस बार ‘आप’ और कांग्रेस अलग-अलग चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि पिछले लोकसभा चुनावों में दोनों ने मिलकर चुनाव लड़ा था।
चुनाव की तारीखों का ऐलान जल्द
चुनाव आयोग द्वारा जनवरी के मध्य तक विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा की जा सकती है। मतदान 10 फरवरी के बाद होने की संभावना है। दिल्ली में विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या भाजपा अपनी सत्ता-वापसी का सपना पूरा कर पाती है या आम आदमी पार्टी एक बार फिर दिल्ली की सत्ता में काबिज होगी।