दिल्ली चुनाव से पहले इंडिया गठबंधन में दरार: AAP ने कांग्रेस को हटाने की धमकी दी

दिल्ली चुनाव से पहले इंडिया गठबंधन में दरार: AAP ने कांग्रेस को हटाने की धमकी दी

Authored By: सतीश झा

Published On: Thursday, December 26, 2024

Last Updated On: Sunday, April 27, 2025

Delhi election se pehle India Gathbandhan mein darar AAP ne Congress ko hatane ki dhamki di
Delhi election se pehle India Gathbandhan mein darar AAP ne Congress ko hatane ki dhamki di

दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले विपक्षी एकता को बड़ा झटका देते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपने इंडिया गठबंधन सहयोगी कांग्रेस के खिलाफ नाराजगी जताई है। आप ने धमकी दी है कि अगर कांग्रेस ने अपने नेताओं के बयानों और हालिया हरकतों पर कार्रवाई नहीं की, तो वह गठबंधन से कांग्रेस को हटाने के लिए अन्य दलों से परामर्श करेगी।

Authored By: सतीश झा

Last Updated On: Sunday, April 27, 2025

AAP की नाराजगी की मुख्य वजह कांग्रेस द्वारा अरविंद केजरीवाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराना और उन पर अस्तित्वहीन कल्याणकारी योजनाओं के वादों के साथ जनता को गुमराह करने का आरोप लगाना है।

अजय माकन के बयान पर बवाल

दिल्ली कांग्रेस के नेता अजय माकन के बयानों से आप विशेष रूप से नाराज है। माकन ने अरविंद केजरीवाल को “देश विरोधी” करार दिया था। इसके जवाब में आप नेता संजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और कहा, “अगर अजय माकन के खिलाफ 24 घंटे के अंदर कोई कार्रवाई नहीं की गई, तो हम इंडिया ब्लॉक की पार्टियों से कांग्रेस को गठबंधन से बाहर करने की मांग करेंगे।”

सीएम आतिशी ने कांग्रेस-बीजेपी पर साधा निशाना

दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने दिल्ली चुनाव के लिए भाजपा के साथ समझौता कर लिया है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस की हरकतें साबित करती हैं कि उन्होंने दिल्ली में बीजेपी के साथ मिलकर आम आदमी पार्टी को हराने की रणनीति बनाई है। कांग्रेस उम्मीदवारों का चुनाव खर्च भाजपा से फंड किया जा रहा है।”

दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा, “कांग्रेस के बयानों से यह स्पष्ट हो गया है कि दिल्ली चुनाव के लिए कांग्रेस ने भाजपा के साथ समझौता कर लिया है। कल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय माकन ने कहा कि अरविंद केजरीवाल देशद्रोही हैं। मैं कांग्रेस पार्टी से पूछना चाहती हूं कि क्या उन्होंने कभी किसी भाजपा नेता पर यही आरोप लगाए हैं ? नहीं, लेकिन आज कांग्रेस अरविंद केजरीवाल पर देशद्रोही होने का आरोप लगा रही है। कांग्रेस ने कल मेरे और अरविंद केजरीवाल के खिलाफ FIR दर्ज कराई। क्यों ? क्या कांग्रेस ने कभी किसी भाजपा नेता के खिलाफ कोई FIR दर्ज कराई है ? हमें विश्वसनीय स्रोतों से पता चला है कि कांग्रेस उम्मीदवारों का चुनावी खर्च भाजपा से आ रहा है। भाजपा कांग्रेस उम्मीदवारों को फंड दे रही है। हमने सुना है कि संदीप दीक्षित को भाजपा से फंड मिल रहा है…अगर कांग्रेस को लगता है कि हम (AAP) देशद्रोही हैं, तो उन्होंने हमारे साथ गठबंधन करके लोकसभा चुनाव क्यों लड़ा? यह स्पष्ट है कि कांग्रेस नेताओं ने भाजपा के साथ AAP को हराने और दिल्ली में भाजपा को जिताने के लिए कुछ आपसी समझौता किया है…अगर कांग्रेस और भाजपा के बीच कोई समझौता नहीं हुआ है, तो उन्हें 24 घंटे के भीतर अजय माकन के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए…”

कांग्रेस पर एफआईआर और सहयोग का आरोप

आतिशी ने आगे कहा, “कांग्रेस ने अरविंद केजरीवाल और मेरे खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। क्या कांग्रेस ने कभी किसी बीजेपी नेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई? नहीं। इसका मतलब साफ है कि कांग्रेस और बीजेपी के बीच आपसी सहमति हो चुकी है।”

AAP की मांगें

  • अजय माकन के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए।
  • कांग्रेस अपने बयानों पर सफाई दे और गठबंधन धर्म का पालन करे।
  • भाजपा से फंडिंग को लेकर कांग्रेस अपनी स्थिति स्पष्ट करे।

गठबंधन में बढ़ती खींचतान

संजय सिंह ने सवाल किया, “अगर कांग्रेस हमें राष्ट्रविरोधी मानती है, तो उन्होंने हमारे साथ लोकसभा चुनाव में गठबंधन क्यों किया?” आप ने दावा किया है कि कांग्रेस और बीजेपी के बीच दिल्ली में “गुप्त समझौता” हो चुका है। AAP सांसद संजय सिंह नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र में मतदाताओं को कथित तौर पर नकदी बांटने के लिए भाजपा नेता परवेश वर्मा और मनजिंदर सिंह सिरसा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के लिए ईडी कार्यालय पहुंचे। AAP सांसद संजय सिंह ने कहा, “ये शिकायत पत्र उन्होंने सिर्फ लिया है। कोई अधिकारी उनसे मिला नहीं इसलिए कोई कार्रवाई का भरोसा नहीं मिला है इसलिए ईडी क्या करेगी इस पर मैं कुछ नहीं बोल सकता…लेकिन आधिकारिक रूप से ये शिकायत पत्र उन्हें मिल चुका है जिसकी रिसीविंग हमें मिली है।”

क्या गठबंधन में दरार गहरी होगी ?

इंडिया गठबंधन के लिए यह संकट की घड़ी है। आप के तीखे रुख और कांग्रेस की चुप्पी ने इस विवाद को और गहरा दिया है। देखना होगा कि क्या कांग्रेस अपनी स्थिति स्पष्ट करती है या यह विवाद गठबंधन की राजनीति पर गंभीर असर डालेगा।

About the Author: सतीश झा
सतीश झा की लेखनी में समाज की जमीनी सच्चाई और प्रगतिशील दृष्टिकोण का मेल दिखाई देता है। बीते 20 वर्षों में राजनीति, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय समाचारों के साथ-साथ राज्यों की खबरों पर व्यापक और गहन लेखन किया है। उनकी विशेषता समसामयिक विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना और पाठकों तक सटीक जानकारी पहुंचाना है। राजनीति से लेकर अंतरराष्ट्रीय मुद्दों तक, उनकी गहन पकड़ और निष्पक्षता ने उन्हें पत्रकारिता जगत में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है
Leave A Comment

अन्य खबरें

अन्य राज्य खबरें