States News
Assembly Election 2024 : प्रत्याशियों की सूची जारी होते ही भाजपा में दिखे विद्रोह के स्वर, पार्टी छोड़ने का सिलसिला हुआ शुरू
Assembly Election 2024 : प्रत्याशियों की सूची जारी होते ही भाजपा में दिखे विद्रोह के स्वर, पार्टी छोड़ने का सिलसिला हुआ शुरू
Authored By: सतीश झा
Published On: Thursday, September 5, 2024
Last Updated On: Sunday, April 27, 2025
हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मी बढ़ गई है। हरियाणा की सभी 90 सीटों पर एक चरण में पांच अक्टूबर को मतदान होगा। नतीजे आठ अक्टूबर को आएंगे। भाजपा ने अपने नौ विधायकों की टिकट काट दिए हैं। मौजूदा विधायक व पूर्व मंत्री समेत प्रदेशभर से कई नेताओं व कार्यकर्ताओं ने भाजपा से इस्तीफा दे दिया। टिकट कटने से नाराज राज्य के कैबिनेट मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।
Authored By: सतीश झा
Last Updated On: Sunday, April 27, 2025
बुधवार को हरियाणा विधानसभा चुनाव (Haryana Assembly Elections) के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (CM Nayab Singh Saini) की सीट बदल दी गई। वे अब लाडवा सीट से चुनाव लड़ेंगे। पूर्व मंत्री अनिल विज (Former Minister Anil Vij) को अंबाला कैंट, राज्य सरकार के मंत्री कमल गुप्ता (Kamal Gupta) को हिसार और कंवर पाल गुर्जर (Kanwar Pal Gujjar) को यमुनानगर के जगाधरी से टिकट दिया गया है। कई लोगों का नाम काट दिया गया, तो वे भाजपा छोड़कर दूसरे दलों में जाने की तैयारी करने लगे हैं।
इस्तीफा देने की हो चुकी है शुरुआत
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बुधवार की रात 67 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की है। जिसमें नौ मौजूदा विधायकों की टिकट काट दिया गया है। सूची जारी होने के बाद सबसे पहले हरियाणा भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री कर्णदेव कंबोज (Karnadev Kamboj) ने भाजपा के सभी पदों से इस्तीफा दिया। कर्णदेव कंबोज इंद्री विधानसभा से टिकट कटने से नाराज हैं। भाजपा ने यहां से रामकुमार कश्यप (Ramkumar Kashyap) को टिकट दी है। जिसके विरोध में कर्णदेव कंबोज ने पार्टी पर अनदेखी का आरोप लगाकर सभी पदों से इस्तीफा दिया।
इस बीच हरियाणा के कैबिनेट मंत्री रणजीत सिंह चौटाला (Cabinet Minister Ranjit Singh Chautala) ने भी गुरुवार को मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। भाजपा ने उनकी टिकट काट दी है। रणजीत चौटाला पहले मनोहर सरकार में मंत्री रहे और अब विधायक न होते हुए भी नायब सरकार में मंत्री के पद पर कार्यरत थे।
#हरियाणा– #भाजपा ने विधानसभा चुनाव के लिए आज 67 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है।#HaryanaElections2024 #haryanaelection #HaryanaAssemblyElections2024 #HaryanaAssemblyElections #Bjp @bjork @BJP4Haryana pic.twitter.com/inGjjLj87L
— Galgotias Times (@galgotiastimes) September 4, 2024
आदित्य देवीलाल चौटाला ने हरियाणा स्टेट एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड चेयरमैन पद से इस्तीफा दिया
इस बीच डबवाली से टिकट मांग रहे चौटाला परिवार के सदस्य आदित्य देवीलाल चौटाला (Aditya Devi Lal Chautala) ने भी गुरुवार को हरियाणा स्टेट एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया। पहली सूची में डबलवाली का नाम शामिल नहीं है। रतिया से विधायक लक्ष्मण नापा ने भी टिकट कटने से नाराज होकर इस्तीफा दे दिया। भाजपा ने यहां से पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल को चुनाव मैदान में उतारा है। इससे नाराज विधायक नापा ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। सोनीपत में भाजपा जिला उपाध्यक्ष व पार्षद इंदु वलेचा के पति पूर्व पार्षद संजीव वलेचा ने भी भाजपा के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। सोनीपत में भाजपा युवा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं विधानसभा चुनाव प्रभारी अमित जैन ने भी पार्टी छोड़ दी है।
कुछ नेताओं की इच्छा हुई पूरी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मौजूदा सीट करनाल से जगमोहन आनंद को टिकट मिली है। पहले मनोहर लाल खट्टर इसी सीट से विधायक होते थे। उनके मुख्यमंत्री और विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद नायब सिंह सैनी उपचुनाव में इस सीट से लड़े थे। जननायक जनता पार्टी छोड़ कर दो दिन पहले भाजपा में शामिल हुए देवेंद्र बबली को टोहाना सीट से टिकट मिली है। पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल रतिया सुरक्षित सीट से लड़ेंगी। राव नरबीर सिंह बादशाहपुर से टिकट लेने में कामयाब रहे हैं तो श्रुति चौधरी को भी अपनी मां किरण चौधरी की पारंपरिक तोशाम सीट से टिकट मिल गई है। रोहतक की सुनारिया जेल के अधीक्षक रहे सुनील सांगवान को भाजपा ने दादरी सीट से टिकट दी है। वे दो दिन पहले ही नौकरी से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हुए थे। उनके जेल अधीक्षक रहते उस जेल में बंद बलात्कार और हत्या के दोषी राम रहीम को छह बार पैरोल या फरलो मिली थी। पार्टी के पुराने नेताओं में कैप्टेन अभिमन्यु और ओपी धनखड़ भी टिकट पाने में कामयाब रहे हैं।
(हिन्दुस्थान समाचार एजेंसी के इनपुट के साथ)