States News
झारखंड में फ्लोर टेस्ट, मशक्कत के बाद हेमंत सरकार को डिगा पाएगी भाजपा (BJP) !
झारखंड में फ्लोर टेस्ट, मशक्कत के बाद हेमंत सरकार को डिगा पाएगी भाजपा (BJP) !
Authored By: सतीश झा
Published On: Monday, July 8, 2024
Last Updated On: Thursday, May 1, 2025
एक बार फिर झारखंड में हेमंत सरकार। यह बात आज की सच्चाई है और चंद महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनाव में भी लोगों के बीच चर्चा का विषय होगा। 8 जुलाई को विधानसभा में झारखंड के वर्तमान मुख्यमंत्री को फ्लोर टेस्ट के लिए तैयार रहना है।
Authored By: सतीश झा
Last Updated On: Thursday, May 1, 2025
4 जुलाई को राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन (Governor CP Radhakrishnan) ने हेमंत सोरेन (Hemant Soren) को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। उसके बाद 8 जुलाई को विधानसभा में बहुमत साबित करने की तारीख तय हुई। 82 सदस्यीय विधानसभा में हेमंत सोरेन ने राज्यपाल को पहले ही 44 विधायकों के हस्ताक्षर से अपना समर्थन पत्र दिया हुआ है। इसलिए सदन में हेमंत सरकार के लिए परेशानी दिख नहीं रही है।
आंकड़ों की बात करें, तो 82 सदस्यीय सदन में अभी झारखंड मुक्ति मोर्चा की जोबा मांझी, नलिन सोरेन, भारतीय जनता पार्टी से मनीष जायसवाल और ढुल्लू महतो सदन के सदस्य नहीं है। जामा की झामुमो विधायक रही सीमा सोरेन ने विधानसभा से त्यागपत्र दिया और भाजपा में शामिल हुई। ऐसे में अभी विधानसभा में विधायकों की कुल संख्या 77 है।
हेमंत को घेरने के लिए भाजपा (BJP) में बैठकों का दौर
विधानसभा में संख्या बल के हिसाब से देखा जाए तो झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) और कांग्रेस (Congress) को अपनी सरकार बचाने के लिए अधिक मेहनत नहीं करना है। जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद बतौर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। 7 जुलाई को रांची में भाजपा विधायकों की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें फ्लोर टेस्ट की रणनीति पर चर्चा की गई। भाजपा विधायकों की मंशा है कि सदन में हेमंत सोरेन को अधिक से अधिक घेरा जाए, ताकि इसका लाभ कुछ महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनाव में लिया जाए।
झारखंड प्रभारी शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chauhan) की है पूरी नजर
झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ हो रहे फ्लोर टेस्ट को लेकर भाजपा के झारखंड प्रभारी केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पूरी नजर है। वह स्थानीय नेताओं से लगातार फीडबैक ले रहे हैं। 5 जुलाई को केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान झारखंड दौरे पर आए थे। यहां के स्थानीय नेताओं से फीडबैक लिया था। उस समय उन्होंने कहा था कि भाजपा एक पार्टी नहीं बल्कि परिवार है और कार्यकर्ता इसकी रीढ़ हैं। अपनत्व का यही भाव हमें सदैव साथ रखता है। इन्हीं साथियों के कठिन परिश्रम से ही बूथ लेवल तक भाजपा की पहुंच सशक्त हुई है।
हेमंत ने लिया था तीसरी बार 4 जुलाई को शपथ
झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता हेमंत सोरेन ने 4 जुलाई को तीसरी बार राजभवन में मुख्यमंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ ली थी। कैबिनेट का विस्तार अभी होना शेष है। खबरें है कि सदन में फ्लोर टेस्ट पास होने के बाद ही कैबिनेट का विस्तार किया जाएगा। इससे पहले कांग्रेस के नेताओं के साथ बैठक के दौरान नामों पर चर्चा हो चुकी है।
बता दें कि 28 जून को जमीन घोटाले के मामले में हेमंत सोरेन को जमानत मिला था। उसके बाद सियासी बैठकों के बाद चंपई सोरेन (Champai Soren) ने मुख्यमंत्री पद से त्यागपत्र दिया और उसके बाद 4 जुलाई को हेमंत सोरेन ने अकेले ही मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।