Tech News
2025 Maruti Ertiga को मिले नए फीचर्स, जानें इनके बारे में
Authored By: संतोष आनंद
Published On: Wednesday, September 3, 2025
Last Updated On: Wednesday, September 3, 2025
अगर आप डिजाइन या इंजन में बड़े बदलाव की उम्मीद कर रहे थे, तो आपको निराशा हो सकती है। Ertiga में इस बार सिर्फ छोटे-छोटे प्रैक्टिकल फीचर अपडेट किए गए हैं।
Authored By: संतोष आनंद
Last Updated On: Wednesday, September 3, 2025
मारुति सुजुकी की पॉपुलर एमपीवी Ertiga को 2025 में कंपनी ने चुपचाप कुछ अपडेट्स के साथ बाजार में उतारा है। हालांकि आधिकारिक ऐलान अभी बाकी है, लेकिन कंपनी के प्रोडक्ट ब्रोशर में यह बदलाव पहले से ही शामिल कर दिए गए हैं। इस बार किए गए अपडेट छोटे जरूर हैं, लेकिन ग्राहकों के लिए कार को और ज्यादा प्रैक्टिकल और आरामदायक बनाते हैं।
नया रियर रूफ स्पॉयलर
2025 मॉडल में सबसे पहले ध्यान देने वाला बदलाव इसका रियर रूफ स्पॉयलर है। कंपनी ने इसे नए डिजाइन के साथ पेश किया है, जिसमें दोनों तरफ ब्लैक इंसर्ट दिए गए हैं। यह बदलाव कार को ज्यादा स्पोर्टी और मॉडर्न लुक देता है। खास बात यह है कि यह स्पॉयलर सभी वेरिएंट्स में स्टैंडर्ड तौर पर उपलब्ध होगा।
एसी वेंट्स की नई पोजीशन
इस बार Ertiga में पैसेंजर्स के आराम का खास ध्यान रखा गया है। सेकंड रो के एसी वेंट्स को अब छत से हटाकर सेंटर कंसोल के पीछे लगाया गया है। वहीं तीसरी रो के लिए भी डेडिकेटेड वेंट्स दिए गए हैं। तीसरी रो में अब ब्लोअर स्पीड कंट्रोल भी मौजूद है, जिससे पीछे बैठने वाले यात्री अपनी सुविधा के अनुसार एयरफ्लो सेट कर सकते हैं। यह बदलाव लंबी यात्राओं को ज्यादा आरामदायक बनाएगा।
नई टाइप-सी यूएसबी पोर्ट्स
आज के समय में मोबाइल और गैजेट्स चार्ज करना बेहद जरूरी हो गया है। इसे ध्यान में रखते हुए Ertiga में अब सेकंड और थर्ड रो के यात्रियों के लिए टाइप-सी यूएसबी पोर्ट्स दिए गए हैं। इससे लंबे सफर में सभी पैसेंजर्स को आसानी से चार्जिंग सुविधा मिलेगी और बार-बार पावर बैंक या फ्रंट सीट से चार्जिंग की परेशानी नहीं होगी।
इंजन और परफॉर्मेंस
जहां तक इंजन और ड्राइविंग परफॉर्मेंस की बात है, तो इसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है। 2025 Ertiga में वही 1.5 लीटर के-सीरीज पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 102 बीएचपी की पावर और 136 एनएम का टॉर्क पैदा करता है। वहीं इसका सीएनजी वेरिएंट 87 बीएचपी की पावर और 121.5 एनएम का टॉर्क देता है। ट्रांसमिशन विकल्प में 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स स्टैंडर्ड है और कुछ वेरिएंट्स में 6-स्पीड ऑटोमैटिक का विकल्प भी मौजूद है।
क्यों खरीदें 2025 Ertiga
मारुति की यह एमपीवी अब पहले से ज्यादा कंवीनियंस फीचर्स के साथ आ रही है। नया एसी सेटअप, अतिरिक्त यूएसबी पोर्ट्स और बेहतर कंफर्ट इसे फैमिली कार के तौर पर और आकर्षक बनाते हैं। मारुति का भरोसेमंद ब्रांड, बेहतर माइलेज खासकर सीएनजी वेरिएंट में और आसानी से मिलने वाली सर्विस नेटवर्क इसे खरीदने लायक विकल्प बनाते हैं।
अगर आप डिजाइन या इंजन में बड़े बदलाव की उम्मीद कर रहे थे, तो आपको निराशा हो सकती है। Ertiga में इस बार सिर्फ छोटे-छोटे प्रैक्टिकल फीचर अपडेट किए गए हैं। वहीं अगर आप लेटेस्ट टेक्नोलॉजी जैसे एडवांस ड्राइवर असिस्ट सिस्टम या फोर-व्हील ड्राइव की तलाश कर रहे हैं, तो आने वाली नई Maruti Victoris SUV आपके लिए बेहतर विकल्प हो सकती है।
नई Maruti Victoris SUV पर एक नजर
मारुति 3 सितंबर 2025 को अपनी नई मिडसाइज एसयूवी Victoris लॉन्च करने जा रही है। यह कार Brezza और Grand Vitara के बीच पोजिशन होगी। Victoris में लेवल-2 एडीएएस, डॉल्बी एटमॉस टेक्नोलॉजी और अंडरबॉडी सीएनजी टैंक जैसे फीचर्स मिल सकते हैं। साथ ही इसमें 4WD का विकल्प भी होगा। यह एसयूवी Hyundai Creta और Kia Seltos जैसे मॉडलों को सीधी टक्कर देगी।













