CIA असेसमेंट बनाम पुतिन का दावा: ड्रोन हमले पर व्हाइट हाउस में मचा घमासान

Authored By: गुंजन शांडिल्य

Published On: Thursday, January 1, 2026

Last Updated On: Thursday, January 1, 2026

दो दिन पूर्व रूसी राष्ट्रपति पुतिन के आवास पर हुए ड्रोन हमले के बाद आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया है. नाटो में अमेरिका के पूर्व राजदूत कर्ट वोल्कर के शब्दों के में, ‘इस बात का कोई सबूत नहीं है कि पुतिन शांति चाहते हैं.’ ऐसे में पुतिन के घर पर कथित ड्रोन हमले का दावा सच से ज्यादा रणनीति का हिस्सा लगता है. एक ऐसा दांव, जो शांति की किसी भी पहल को कमजोर कर सकता है.

Authored By: गुंजन शांडिल्य

Last Updated On: Thursday, January 1, 2026

नए साल की दहलीज़ पर यूक्रेन युद्ध से जुड़ा एक नया विवाद सामने आ गया है. इससे अमेरिका की अगुवाई में संभावित शांति वार्ता पर काली छाया पड़ने की संभावना बढ़ गई है. रूस का दावा है कि यूक्रेन ने इस सप्ताह राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के निजी आवास को ड्रोन हमले से निशाना बनाने की कोशिश की. लेकिन यूक्रेन, यूरोपीय संघ और अब अमेरिकी खुफिया आकलन इस दावे को सिरे से खारिज कर रहे हैं. अब सवाल गहरा गया है कि क्या यह एक वास्तविक सैन्य घटना थी या फिर कूटनीतिक और सूचना युद्ध का हिस्सा?

मॉस्को का आरोप

रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव (Russian Foreign Minister Sergey Lavrov) ने सोमवार को आरोप लगाया कि यूक्रेन ने उत्तरी नोवगोरोड इलाके में स्थित पुतिन के निजी आवास पर दर्जनों ड्रोन से हमले किए. विदेश मंत्री लावरोव ने इसे गंभीर उकसावे की कार्रवाई बताया और संकेत दिया कि मॉस्को इसके मद्देनज़र अपनी बातचीत की नीति पर पुनर्विचार कर सकता है. रूसी रक्षा मंत्रालय ने भी एक वीडियो जारी किए, जिनमें कथित तौर पर गिराए गए यूक्रेनी ड्रोन और विस्फोटक उपकरण के टुकड़े दिखाए गए.

रूस के मुताबिक एक चाक्लुन-V ड्रोन, जिसमें छह किलोग्राम का विस्फोटक था, फटने से पहले ही निष्क्रिय कर दिया गया. यही नहीं, मंत्रालय ने अलग-अलग बयानों में कहा कि नोवगोरोड क्षेत्र में दर्जनों ड्रोन मार गिराए गए. इस सभी का लक्ष्य पुतिन का आवास था.

कीव और ब्रसेल्स की प्रतिक्रिया

यूक्रेन ने इन आरोपों को पूरी तरह ‘मनगढ़ंत’ बताया है. कीव का कहना है कि यह रूस का एक सुनियोजित गलत सूचना अभियान है. इसका मकसद वॉशिंगटन और कीव के बीच अविश्वास पैदा करना है. खासकर तब, जब हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की (Ukrainian President Volodymyr Zelenskyy) के बीच बैठक को दोनों पक्षों ने सकारात्मक बताया था.

यूरोपीय संघ (EU) की शीर्ष राजनयिक काजा कैलास ने भी रूस के दावों को ध्यान भटकाने वाला बताया है. उन्होंने साफ कहा कि जिसने युद्ध शुरू होने के बाद से यूक्रेन के नागरिक ढांचे और आम लोगों को निशाना बनाया हो, उसके बेबुनियाद आरोपों पर भरोसा नहीं किया जाना चाहिए.

  • अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि पुतिन के घर पर कथित यूक्रेनी हमले का कोई सबूत नहीं है.
  • यूक्रेन ने EU डेलीगेशन को पेपर भेजे हैं, जिसमें कहा गया कि हमला रूस का झूठा फ्लैग ऑपरेशन था.
  • यूक्रेन का आरोप है कि यह शांति वार्ता को प्रभावित करने के लिए झूठा आरोप है.
  • रूस ने यूक्रेनी ड्रोन दिखाने वाला वीडियो जारी किया.

CIA ने भी हमले को गलत बताया

इस विवाद को और दिलचस्प मोड़ तब मिला, जब वॉल स्ट्रीट जर्नल (Wall Street Journal) ने रिपोर्ट किया कि अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारियों, खास तौर पर CIA (सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसी) के एक असेसमेंट में यह निष्कर्ष निकला है कि यूक्रेन ने न तो पुतिन और न ही उनके किसी आवास को निशाना बनाया. हालांकि इस रिपोर्ट की आधिकारिक पुष्टि किसी ने नहीं किया है. लेकिन इससे रूसी दावों की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल तो खड़े हो ही गए हैं. यूक्रेनी विदेश मंत्रालय ने रूसी वीडियो फुटेज को भी खारिज कर दिया है और कहा, ‘उसे पूरा विश्वास है कि ऐसी कोई घटना हुई ही नहीं.’

ट्रंप ने बदला रुख

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (US President Donald Trump) का रुख इस पूरे मामले में उतार-चढ़ाव भरा रहा। शुरुआत में उन्होंने रूसी आरोपों पर सहानुभूति जताई और कहा कि पुतिन इस घटना से बहुत गुस्से में हैं. लेकिन कुछ ही दिनों बाद ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक ऐसा संपादकीय साझा किया, जिसमें रूस पर यूक्रेन में शांति प्रक्रिया को बाधित करने का आरोप लगाया गया था.

सूत्रों के मुताबिक CIA डायरेक्टर जॉन रैटक्लिफ (John Ratcliffe) से ब्रीफिंग मिलने के बाद ट्रंप ने अपना रुख को बदला है. इससे यह संकेत मिलता है कि व्हाइट हाउस के भीतर भी रूसी दावों को लेकर स्पष्ट सहमति नहीं है.

शांति वार्ता पटरी से उतरने की संभावना

यूक्रेन का आरोप है कि यह पूरा मामला ट्रंप-ज़ेलेंस्की बैठक के बाद बने सकारात्मक माहौल को खराब करने के लिए गढ़ा गया. यूरोपीय संघ को सौंपे गए एक ब्रीफिंग पेपर में कीव ने दावा किया कि कथित हमले के तुरंत बाद अलग-अलग रूसी अधिकारियों की एक जैसी टिप्पणियां पहले से तय रणनीति की ओर इशारा करती हैं.

इसके अलावा, पुतिन के नोवगोरोड आवास के आसपास रहने वाले लोगों ने स्थानीय मीडिया को बताया कि कथित हमले की रात उन्हें हवाई सुरक्षा या धमाकों की कोई आवाज़ नहीं सुनाई दी.

रूसी बयानों में विरोधाभास

रूसी रक्षा मंत्रालय के अपने ही बयानों में विरोधाभास दिखाई देता है. एक बयान में कहा गया कि 18 ड्रोन नोवगोरोड क्षेत्र में गिराए गए. जबकि दूसरे में दावा किया गया कि 41 ड्रोन सीधे पुतिन के आवास की ओर बढ़ रहे थे. इन असंगत आंकड़ों ने संदेह को और गहरा कर दिया है.

इस पूरे प्रकरण ने एक बार फिर दिखा दिया है कि यूक्रेन युद्ध सिर्फ मोर्चे पर ही नहीं, बल्कि सूचना और कूटनीति के स्तर पर भी लड़ा जा रहा है.

गुंजन शांडिल्य समसामयिक मुद्दों पर गहरी समझ और पटकथा लेखन में दक्षता के साथ 10 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। पत्रकारिता की पारंपरिक और आधुनिक शैलियों के साथ कदम मिलाकर चलने में निपुण, गुंजन ने पाठकों और दर्शकों को जोड़ने और विषयों को सहजता से समझाने में उत्कृष्टता हासिल की है। वह समसामयिक मुद्दों पर न केवल स्पष्ट और गहराई से लिखते हैं, बल्कि पटकथा लेखन में भी उनकी दक्षता ने उन्हें एक अलग पहचान दी है। उनकी लेखनी में विषय की गंभीरता और प्रस्तुति की रोचकता का अनूठा संगम दिखाई देता है।
Leave A Comment

अन्य खबरें

अन्य खबरें