Realme ने दिखाया 15,000mAh बैटरी वाला अनोखा कॉन्सेप्ट फोन, जानें क्या खास है इसमें

Authored By: संतोष आनंद

Published On: Thursday, August 28, 2025

Last Updated On: Thursday, August 28, 2025

Realme 15000mAh Battery Phone Chill Fan Phone Concepts Unveiled
Realme 15000mAh Battery Phone Chill Fan Phone Concepts Unveiled

इसमें 6.7 इंच का डिस्प्ले है और पीछे की तरफ डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। डिजाइन की बात करें, तो यह सिल्वर कलर ऑप्शन में दिखा और इसके बैक पैनल पर 15000mAh की ब्रांडिंग भी नजर आई।

Authored By: संतोष आनंद

Last Updated On: Thursday, August 28, 2025

चीन में आयोजित 828 Fan Festival के दौरान रियलमी ने दो ऐसे कॉन्सेप्ट स्मार्टफोन पेश किए, जिनकी चर्चा हर जगह हो रही है। पहला फोन 15000mAh की विशाल बैटरी के साथ आता है, जिसे एक तरह से पोर्टेबल पावर स्टेशन कहा जा सकता है। दूसरा फोन गेमिंग प्रेमियों के लिए खास है, क्योंकि इसमें इनबिल्ट कूलिंग फैन मौजूद है, जो लंबे समय तक गेमिंग के दौरान फोन को ठंडा रखता है। इन दोनों डिवाइस को फिलहाल केवल कॉन्सेप्ट स्टेज पर दिखाया गया है और कंपनी ने इनके कमर्शियल लॉन्च को लेकर कोई जानकारी साझा नहीं की है।

15000mAh बैटरी वाला रियलमी कॉन्सेप्ट फोन

इस फोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी 15000mAh की बैटरी है, जो एक बार चार्ज करने पर बेहद लंबा बैकअप देती है। कंपनी का दावा है कि इस बैटरी से फोन 50 घंटे तक लगातार वीडियो प्लेबैक दे सकता है। इतना ही नहीं, यह फोन रिवर्स चार्जिंग सपोर्ट के साथ आता है यानी यह अन्य डिवाइस जैसे स्मार्टफोन और वियरेबल्स को चार्ज करने के लिए पावर बैंक की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है।

रियलमी के वाइस प्रेसिडेंट चेस जू ने बताया कि इस फोन पर यूजर एक ही चार्ज में 25 मूवी लगातार देख सकते हैं। इसके अलावा, यह फोन 18 घंटे तक वीडियो रिकॉर्डिंग, 30 घंटे तक गेमिंग और पांच दिन तक सामान्य उपयोग में चलता है। अगर फोन को फ्लाइट मोड पर रखा जाए, तो यह तीन महीने तक स्टैंडबाय रह सकता है।

बैटरी के साथ दमदार हार्डवेयर

हालांकि कंपनी ने इस कॉन्सेप्ट फोन की पूरी स्पेसिफिकेशंस साझा नहीं कीं, लेकिन कुछ जानकारी सामने आई है। फोन का मॉडल नंबर PKP110 बताया गया है। इसमें 6.7 इंच का डिस्प्ले है और पीछे की तरफ डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। डिजाइन की बात करें, तो यह सिल्वर कलर ऑप्शन में दिखा और इसके बैक पैनल पर 15000mAh की ब्रांडिंग भी नजर आई।

यह फोन एंड्रॉयड 15 आधारित Realme UI 6.0 पर चलता हुआ देखा गया। पावर के लिए इसमें MediaTek Dimensity 7300 प्रोसेसर दिया गया है। साथ ही इसमें 12GB RAM और 256GB स्टोरेज मौजूद है। खास बात यह है कि रैम को वर्चुअल एक्सपेंशन के जरिए और 12GB तक बढ़ाया जा सकता है।

रियलमी चिल फैन फोन

दूसरा कॉन्सेप्ट डिवाइस गेमिंग यूजर्स को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। इसका नाम रखा गया है रियलमी चिल फैन फोन। इस फोन में एक इनबिल्ट कूलिंग फैन दिया गया है, जिसे कंपनी ने मजाकिया अंदाज में इनबिल्ट एसी कहा गया है। इस फैन की मदद से फोन का तापमान भारी गेमिंग या मल्टीटास्किंग के दौरान 6 डिग्री सेल्सियस तक कम किया जा सकता है।

डिजाइन की बात करें, तो इस फोन में बाईं ओर एक वेंट ग्रिल दिखाई देती है, जहां से फैन की हवा बाहर निकलती है। इसका कैमरा सेटअप Realme GT 7T से मिलता-जुलता है और इसे ब्लू कलर में दिखाया गया। यह शेड GT 7T के IcySense Blue से थोड़ा ज्यादा गहरा है, जिससे फोन और भी आकर्षक नजर आता है।

क्यों खास हैं ये कॉन्सेप्ट फोन

रियलमी का यह कदम स्मार्टफोन इंडस्ट्री में नई दिशा दिखाने वाला है। जहां एक ओर 15000mAh बैटरी वाला फोन लंबे समय तक बैकअप देने और पावर बैंक जैसा इस्तेमाल होने की वजह से खास है, वहीं दूसरी ओर चिल फैन फोन हेवी गेमर्स के लिए गेमिंग परफॉर्मेंस को बेहतर बनाने का वादा करता है। इन फीचर्स से साफ है कि कंपनी बैटरी और थर्मल मैनेजमेंट जैसी बड़ी चुनौतियों पर गंभीरता से काम कर रही है।

फिलहाल रियलमी ने इन दोनों फोन को सिर्फ कॉन्सेप्ट के तौर पर पेश किया है। कंपनी का कहना है कि इन्हें मार्केट में लॉन्च करने की कोई योजना अभी नहीं है। लेकिन इस तरह के इनोवेशन से यह जरूर साबित होता है कि आने वाले समय में बैटरी और कूलिंग टेक्नोलॉजी स्मार्टफोन की सबसे बड़ी यूएसपी बनने वाली है।

तकनीकी क्षेत्र में 15 वर्षों के अनुभव के साथ, संतोष आनंद कंप्यूटर, नेटवर्किंग, और सॉफ्टवेयर जैसे विषयों में विशेषज्ञता रखते हैं। नवीनतम तकनीकी प्रगतियों से हमेशा अपडेट रहते हुए, उन्होंने अपनी लेखनी से हजारों पाठकों के लिए तकनीकी समस्याओं के प्रभावी समाधान प्रस्तुत किए हैं। उन्होंने ऑटोमोबाइल, टेलीकॉम, मोबाइल फोन, और बॉलीवुड एवं एंटरटेनमेंट जैसे विविध विषयों पर भी लेख लिखे हैं। उनकी लेखनी तकनीकी विषयों को सरल और व्यावहारिक भाषा में प्रस्तुत करती है, जो पाठकों को आसानी से समझने और उनके उपयोग में मदद करती है।
Leave A Comment

अन्य खबरें

अन्य टेक खबरें