Weather Forecast
Nautapa 2026: क्यों जरूरी माने जाते हैं साल के सबसे गर्म 9 दिन, जानिए क्या करें और क्या न करें
Authored By: Nishant Singh
Published On: Monday, May 25, 2026
Last Updated On: Monday, May 25, 2026
Nautapa 2026: नौतपा 2026 की शुरुआत 25 मई से हो चुकी है. ये साल के सबसे गर्म 9 दिन माने जाते हैं, जिनका संबंध मानसून, खेती और प्रकृति के संतुलन से जोड़ा जाता है. जानिए नौतपा का महत्व, इसके पीछे की मान्यताएं, वैज्ञानिक कारण और इन दिनों क्या करें और क्या न करें.
Authored By: Nishant Singh
Last Updated On: Monday, May 25, 2026
Nautapa 2026: मई और जून की तपती दोपहर, सड़कों से उठती गर्म हवा, सिर पर चुभती धूप और पसीने से बेहाल लोग… यही वो समय होता है जब भारत में नौतपा की शुरुआत होती है. साल 2026 में Nautapa 25 मई से शुरू होकर 2 जून तक रहेगा. इन नौ दिनों को हिंदू पंचांग और ज्योतिष में बेहद खास माना जाता है. मान्यता है कि इन दिनों सूर्य देव अपने सबसे प्रचंड रूप में होते हैं और धरती पर गर्मी अपने चरम पर पहुंच जाती है.
ग्रामीण भारत में तो नौतपा को केवल मौसम नहीं, बल्कि खेती और मानसून का संकेत माना जाता है. गांवों में बुजुर्ग आज भी कहते हैं – “नौतपा जितना तपेगा, सावन उतना बरसेगा.” हालांकि आधुनिक विज्ञान इसे पूरी तरह सही नहीं मानता, लेकिन प्रकृति के इस चक्र का असर मौसम और खेती दोनों पर जरूर पड़ता है.
आखिर क्या होता है नौतपा?
- नौतपा उस समय को कहा जाता है जब सूर्य देव रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करते हैं. ज्योतिष मान्यताओं के अनुसार, इस दौरान सूर्य की किरणें पृथ्वी पर ज्यादा सीधी पड़ती हैं, जिससे तापमान तेजी से बढ़ता है. यही कारण है कि इन नौ दिनों को साल का सबसे गर्म समय माना जाता है.
- साल 2026 में मौसम विभाग ने कई राज्यों में तापमान 42 से 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई है. दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में लू चलने का खतरा भी बढ़ सकता है.
- Nautapa केवल गर्मी का नाम नहीं है, बल्कि यह प्रकृति का एक महत्वपूर्ण मौसम चक्र माना जाता है, जो आने वाले मानसून को भी प्रभावित करता है.
नौतपा की गर्मी क्यों मानी जाती है जरूरी?
ग्रामीण इलाकों में नौतपा का खेती से गहरा संबंध माना जाता है. किसानों का विश्वास है कि अगर नौतपा अच्छे से तपेगा तो बारिश भी अच्छी होगी. तेज गर्मी के कारण धरती गर्म होती है, जिससे समुद्र से उठने वाली नमी मानसूनी बादलों को तेजी से अपनी ओर खींचती है. यही वजह है कि लोग नौतपा को अच्छी बरसात का संकेत मानते हैं.
वैज्ञानिक दृष्टि से भी नौतपा का महत्व है. इस दौरान पड़ने वाली प्रचंड गर्मी खेतों में मौजूद कई हानिकारक कीट, बैक्टीरिया और टिड्डियों के अंडों को खत्म कर देती है. इससे फसलों को कम नुकसान होता है और खेती बेहतर मानी जाती है. यही कारण है कि पुराने समय से नौतपा को प्रकृति का सफाई अभियान भी कहा जाता रहा है.
अगर नौतपा न तपे तो क्या होगा?
कई ग्रामीण मान्यताओं में कहा जाता है कि अगर नौतपा के दौरान तेज गर्मी नहीं पड़ी और मौसम ठंडा बना रहा, तो इसका असर खेती पर पड़ सकता है. माना जाता है कि लगातार बारिश या ठंडक रहने से खेतों में कीट-पतंगे और चूहे ज्यादा बढ़ जाते हैं.
हालांकि वैज्ञानिक रूप से “जलजला” या किसी बड़ी आपदा का सीधा संबंध नौतपा से साबित नहीं हुआ है, लेकिन मौसम में असंतुलन खेती और पर्यावरण पर असर जरूर डाल सकता है. बदलते क्लाइमेट चेंज के दौर में अब मौसम का व्यवहार भी पहले जैसा नहीं रहा, इसलिए केवल नौतपा के आधार पर मानसून का अनुमान लगाना पूरी तरह सही नहीं माना जाता.
नौतपा में क्या करें?
शरीर को ठंडा रखें – इन दिनों खूब पानी पिएं और शरीर में पानी की कमी न होने दें. नींबू पानी, छाछ, लस्सी, बेल का शरबत, तरबूज और खीरा जैसी चीजें जरूर खाएं.
जल दान करें- धार्मिक मान्यता के अनुसार नौतपा में पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य माना जाता है. राहगीरों के लिए प्याऊ लगवाना शुभ माना जाता है.
पशु-पक्षियों का ध्यान रखें – घर की छत या बालकनी में पक्षियों के लिए पानी और दाना रखें. भीषण गर्मी में यह छोटा काम भी बड़ा पुण्य माना जाता है.
सूर्य देव की पूजा करें – सुबह सूर्य को जल चढ़ाकर मंत्र जाप करना शुभ माना जाता है.
- “ॐ सूर्याय नमः”
- “ॐ घृणि सूर्याय नमः”
इन मंत्रों का जाप मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा देता है.
नौतपा में क्या न करें?
तेज धूप में बाहर न निकलें – दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे – तक बाहर निकलने से बचें. जरूरत हो तो सिर और चेहरा ढककर ही बाहर जाएं.
- ज्यादा मसालेदार भोजन से बचें – तला-भुना, बासी और भारी खाना शरीर की गर्मी बढ़ा सकता है. हल्का और ताजा भोजन करें.
- शराब और मांसाहार से दूरी रखें – इन दिनों गर्म तासीर वाली चीजें शरीर को नुकसान पहुंचा सकती हैं और डिहाइड्रेशन बढ़ा सकती हैं.
- लापरवाही बिल्कुल न करें – हीटवेव के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी हीट स्ट्रोक का कारण बन सकती है. बच्चों और बुजुर्गों का खास ध्यान रखें.
प्रकृति का संतुलन है नौतपा
नौतपा केवल गर्मी का दौर नहीं, बल्कि प्रकृति का एक महत्वपूर्ण संतुलन माना जाता है. ये नौ दिन हमें यह समझाते हैं कि मौसम का हर रूप जरूरी है. कभी बारिश राहत देती है तो कभी तपती धूप आने वाले सावन की तैयारी करती है. इसलिए नौतपा को केवल परेशानी नहीं, बल्कि प्रकृति के जरूरी चक्र के रूप में देखना चाहिए.
यह भी पढ़ें :- Delhi Weather: दिल्ली में गर्मी का प्रचंड कहर, IMD का 6 दिन का ऑरेंज अलर्ट और 45 डिग्री की चेतावनी














