Entertainment News
400 साल पुराने मंदिर में अदिति राव हैदरी और सिद्धार्थ ने रचाई शादी, मिसेज-मिस्टर अदु-सिद्ध की तस्वीरें हुईं वायरल
Authored By: अंशु सिंह
Published On: Monday, September 16, 2024
Last Updated On: Thursday, May 1, 2025
'हीरामंडी' से सुर्खियां बटोरने वालीं अभिनेत्री अदिति राव हैदरी और 'रंग दे बसंती' के लोकप्रिय एक्टर सिद्धार्थ आखिरकार शादी के बंधन में बंध गए। अदिति ने इंस्टाग्राम पर शादी की खूबसूरत तस्वीरें शेयर कर सबको चौंका दिया। अदिति-सिद्धार्थ के विवाह समारोह में चुनिंदा दोस्त और परिवार के सदस्य उपस्थिति रहे।
Authored By: अंशु सिंह
Last Updated On: Thursday, May 1, 2025
अदिति-सिद्धार्थ (Aditi-Sidharth) की शादी के कयास लंबे अर्से से लगाए जा रहे थे। कुछ समय पहले मार्च महीने में ही दोंनों ने सगाई करने की अचानक से घोषणा की थी। अब इंस्टाग्राम पर खुद अदिति ने शादी की मनमोहक तस्वीरें साझा कर, सारी अटकलों पर विराम लगा दिया है। बताते हैं कि दोनों की शादी 400 साल पुराने मंदिर में दक्षिण भारतीय शैली में हुई। अदिति ने इस मौके पर खूबसूरत गोल्डन रंग का लहंगा पहना था। साथ में माणिक एवं सोने के खूबसूरत गहने थे। वहीं, सिद्धार्थ ने दक्षिण भारतीय परंपरा के अनुसार सफेद कुर्ता और लुंगी पहनी थी। अदिति ने अपने पोस्ट में लिखा, ‘आप मेरे सूरज, चंद्रमा हैं और मेरे लिए आप मेरे सितारे हैं। प्यार, रोशनी और जादू…मिस्टर और मिसेज अदु-सिद्धू।‘ नेटिज़न्स के साथ-साथ सिने कलाकार अदिति एवं सिद्धार्थ को सुखी जीवन की शुभकामनाएं दे रहे हैं।
‘महासमुद्रम’ फिल्म से करीब आए थे दोनों
अदिति और सिद्धार्थ कई सालों से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे। दोनों ने तेलुगु फिल्म ‘महासमुद्रम’ (Mahasamudram) में साथ काम किया था। इसी फिल्म की शूटिंग के दौरान दोनों को प्यार हो गया और वे करीब आ गए। हालांकि, वर्ष 2021 के बाद से उन्होंने कहीं भी अपने रिश्ते पर खुलकर कोई टिप्पणी नहीं की थी। लेकिन प्रशंसक लगातार कह रहे थे कि अदिति-सिद्धार्थ एक साथ हैं। अब ये जोड़ी शादी के बंधन में बंध चुकी है। वैसे, तो अभी जगह का खुलासा नहीं हुआ है। अदिति ने कुछ समय पूर्व एक इंटरव्यू में कहा था कि वे तेलंगाना के वानापार्थी स्थित पुराने मंदिर में शादी करेंगी, क्योंकि वहां से बचपन की यादें जुड़ी हैं। अदिति की ये दूसरी शादी है। इससे पहले उन्होंने अभिनेता जयदीप मिश्रा से शादी की थी। हालांकि दोनों का तलाक हो गया। जयदीप ने फैशन डिजाइनर मसाबा गुप्ता से विवाह रचा लिया।
(हिन्दुस्तान समाचार के इनपुट्स के साथ)














