Sports News

IND W vs SL W: शेफाली-मंधाना के तूफान से भारत बना एशिया कप का चैंपियन, श्रीलंका को हराकर 8वीं बार जीती ट्रॉफी

Authored By: Nishant Singh

Published On: Monday, September 14, 2026

Last Updated On: Monday, September 14, 2026

ind w vs sl w
ind w vs sl w

IND W vs SL W: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने महिला एशिया कप 2026 के फाइनल में श्रीलंका को 72 रनों से हराकर रिकॉर्ड आठवीं बार खिताब जीता. शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना के अर्धशतकों ने भारत को 183 रन तक पहुंचाया, जबकि दीप्ति शर्मा और श्री चरणी की शानदार गेंदबाजी ने श्रीलंका को 111 रनों पर रोक दिया.

Authored By: Nishant Singh

Last Updated On: Monday, September 14, 2026

IND W vs SL W: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने महिला एशिया कप 2026 के फाइनल में श्रीलंका को 72 रनों से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 183 रन बनाए, जिसके जवाब में श्रीलंकाई टीम 111 रन ही बना सकी. इस जीत के साथ भारत ने रिकॉर्ड 8वीं बार महिला एशिया कप की ट्रॉफी उठाई और 2024 के फाइनल में मिली हार का बदला भी ले लिया.

शेफाली ने पावर से दिलाई शानदार शुरुआत

टॉस जीतकर कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने इस फैसले को सही साबित करते हुए पहले विकेट के लिए 129 रनों की शानदार साझेदारी की. शेफाली ने शुरुआत से ही श्रीलंकाई गेंदबाजों पर दबाव बनाया और सिर्फ 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया.

शेफाली ने 39 गेंदों में 9 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 68 रन बनाए. यह टी20 इंटरनेशनल में उनका 21वां अर्धशतक रहा. साथ ही वह महिला टी20 एशिया कप के इतिहास में सबसे तेज फिफ्टी लगाने वाली बल्लेबाज भी बन गईं. उनकी पारी को चमुडी प्रबोदा ने समाप्त किया.

मंधाना ने भी दिखाया अपना दम

शेफाली के साथ पारी को आगे बढ़ाने वाली स्मृति मंधाना ने शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी की, लेकिन सेट होने के बाद उन्होंने भी तेजी से रन बनाना शुरू कर दिया. मंधाना ने 34 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 39 गेंदों पर 59 रन बनाकर आउट हुईं. दोनों की साझेदारी ने भारत को बड़े स्कोर की मजबूत नींव दी.

129 रनों की साझेदारी ने बनाए रिकॉर्ड

शेफाली और मंधाना की 129 रनों की साझेदारी महिला टी20 एशिया कप में सबसे बड़ी साझेदारी बन गई. इससे पहले यह रिकॉर्ड जेमिमा रोड्रिग्स और दीप्ति शर्मा के नाम था, जिन्होंने 2022 में यूएई के खिलाफ 128 रन जोड़े थे. टी20 इंटरनेशनल में शेफाली और मंधाना की यह छठी शतकीय साझेदारी भी रही, जो किसी भी विकेट के लिए सबसे ज्यादा साझेदारियों में शामिल है.

भारत का मिडिल ऑर्डर फिर नहीं चला

सलामी बल्लेबाजों ने भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया, लेकिन मिडिल ऑर्डर एक बार फिर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सका. 13 ओवर में भारत का स्कोर 130 रन था, लेकिन अंतिम सात ओवरों में टीम सिर्फ 53 रन जोड़ सकी और तीन विकेट गंवा दिए. कप्तान हरमनप्रीत कौर भी फाइनल में केवल 14 रन बना सकीं.

पावरप्ले में श्रीलंका पर बना दबाव

184 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम को शुरुआत में ही झटका लगा. क्रांति गौड़ ने इमेशा दुलानी को सिर्फ 4 रन पर आउट कर दिया. इसके बाद चमारी अटापट्टू और विश्मी गुणारत्ने ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा. पावरप्ले के बाद श्रीलंका का स्कोर एक विकेट पर 38 रन था.

दीप्ति और श्री चरणी ने पलटा मैच

श्रीलंका के खिलाफ भारत की स्पिन जोड़ी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया. दीप्ति शर्मा ने चार विकेट और श्री चरणी ने तीन विकेट लेकर श्रीलंकाई बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी. क्रांति गौड़, शेफाली वर्मा और प्रेमा रावत को भी एक-एक सफलता मिली. पूरी टीम 111 रन पर सिमट गई.

8वीं बार भारत के नाम एशिया कप

इस जीत के साथ भारत ने महिला एशिया कप का खिताब आठवीं बार अपने नाम किया. टीम ने अब तक खेले सभी 10 फाइनल में जगह बनाई है. भारत को केवल दो फाइनल में हार मिली है, जिसमें 2024 में श्रीलंका और इससे पहले एक फाइनल में बांग्लादेश ने उसे हराया था. 2026 की जीत ने श्रीलंका के खिलाफ दो साल पुराना हिसाब भी बराबर कर दिया.

यह भी पढ़ें :- दलीप ट्रॉफी के बाद भी थमने वाला नहीं है टीम इंडिया का सफर, मार्च 2027 तक क्रिकेट का पूरा शेड्यूल

About the Author: Nishant Singh
निशांत कुमार सिंह एक पैसनेट कंटेंट राइटर और डिजिटल मार्केटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता और जनसंचार का गहरा अनुभव है। डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के लिए आकर्षक आर्टिकल लिखने और कंटेंट को ऑप्टिमाइज़ करने में माहिर, निशांत हर लेख में क्रिएटिविटीऔर स्ट्रेटेजी लाते हैं। उनकी विशेषज्ञता SEO-फ्रेंडली और प्रभावशाली कंटेंट बनाने में है, जो दर्शकों से जुड़ता है।
Leave A Comment

अन्य खेल खबरें