विदेशी व्यंजन का लीजिए अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में स्वाद, 11 देशों की है भागीदारी

Authored By: Rajeev Mandal

Published On: Tuesday, November 17, 2026

Last Updated On: Tuesday, November 17, 2026

India International Trade Fair 2026: विदेशी व्यंजनों और 11 देशों के पवेलियन का आकर्षण
India International Trade Fair 2026: विदेशी व्यंजनों और 11 देशों के पवेलियन का आकर्षण

राजधानी के भारत मंडपम में शुक्रवार को 45वें अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले का भव्य आगाज हो गया। इस वर्ष मेले की थीम 'विकास और विरासत' रखी गई है। 13 से 27 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस मेले में कितने देशों की है भागीदारी और खाने-पीने के कौन-कौन से स्वादिष्ट पकवान दर्शकों का जी ललचाएंगे, विस्तार से जानते हैं....

Authored By: Rajeev Mandal

Last Updated On: Tuesday, November 17, 2026

19 नवंबर से खुले जाएगा आम जन के लिए

नई दिल्ली के भारत मंडपम में 45वां इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर 14 से 27 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। शुरुआती पांच दिन व्यापारिक आगंतुकों के लिए आरक्षित हैं, जबकि आम जनता के लिए मेला बस तीन दिन बाद यानी 19 नवंबर से खुलेगा। भारत मंडपम में चल रहा 45वां व्यापार मेला इस बार थोड़ा अलग है। यहां सिर्फ सामान नहीं बिक रहा, पूरा देश-विदेश का खाना भी परोसा जा रहा है।

विश्व के अलग-अलग इलाके से आए हैं कई देश

मेले में करीब 3500 प्रदर्शक, 32 राज्य एवं केंद्रशासित प्रदेश के अलावा कुल 11 देश आए हैं। सारे हॉल नंबर 1 में हैं। अपने पड़ोस से नेपाल, बांग्लादेश, श्रीलंका, अफगानिस्तान आए हैं। थोड़ा दूर से यूएई, ईरान, तुर्किये, थाईलैंड, चीन आए हैं। अफ्रीका से घाना भी आया है। एक ही जगह पर 11 देशों की चीजें देखना अपने आप में बड़ी बात है।

अब खाने की बात, लगे हैं 90 स्टॉल

इस बार खानपान के शौकीनों के लिए 90 दुकानें लगाई गई हैं, जहां भारतीय और अंतरराष्ट्रीय व्यंजनों का स्वाद चखने का मौका मिलेगा। पहली बार ‘एक जिला, एक उत्पाद’ की तर्ज पर विशेष मंडप तैयार किया गया है। इसमें 21 राज्यों की कला, संस्कृति और स्थानीय उत्पादों की झलक देखने को मिलेगी। युवाओं को आकर्षित करने के लिए ‘हाल आफ इंस्पिरेशन’ भी बनाया गया है। इसके अलावा पहली बार 600 नए स्टार्टअप अपने उत्पादों और नवाचारों का प्रदर्शन करेंगे।

इससे पहले नहीं बना इतना बड़ा फ़ूड कोर्ट

इस बार 90 से ज्यादा खाने के स्टॉल का नजारा अद्भुत होगा। इतना बड़ा फूड कोर्ट पहले कभी नहीं बना। यहां आपको हर तरह का स्वाद मिलेगा। भारत के अलग-अलग राज्यों का खाना अलग से है। किसी को छोले भटूरे चाहिए, किसी को डोसा, किसी को बंगाल की मिठाई। सब मिलेगा। ‘वन डिस्ट्रक्ट वन प्रोडक्ट" वाले हिस्से में 21 राज्यों के लोकल खाने के सामान भी रखे हैं। और अगर विदेशी खाने का मन है तो वो भी है। थाई खाना, ईरानी कबाब, अफगानी ड्राई फ्रूट, तुर्की मिठाई, अरबी खाना। सब चख सकते हैं।

हॉल 12 और 12 ए में है थोड़ा अलग इंतजाम

हॉल 12 और 12 ए में थोड़ा अलग इंतजाम है। वहां मसाले, पैकेट वाला खाना, जूस, चाय, खेती का सामान बिक रहा है। वहां से ले भी सकते हैं। सफाई पर इस बार बहुत जोर है। हर स्टॉल पर साफ-सफाई और कचरा कम करने का नियम है। तो अगर आप जाने का प्लान बना रहे हैं, तो दो काम कीजिए। एक, पैदल चलने वाले जूते पहनिए। दूसरा, पेट थोड़ा खाली रखिए। क्योंकि 90 स्टॉल हैं, कुछ न कुछ तो खाना ही पड़ेगा।

आनलाइन और मेट्रो स्टेशनों पर मिलेगी टिकट

मेले की टिकट आईटीपीओ के ‘आइआइटीएफ 2026’ एप और ‘मेट्रो सारथी’ एप से खरीदी जा सकती है। इसके अलावा दिल्ली मेट्रो के 55 स्टेशनों पर भी टिकट उपलब्ध होगी। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर टिकट नहीं मिलेगी। आगंतुकों की सुविधा के लिए सभी प्रवेश द्वारों पर क्लाक रूम और प्रमुख द्वारों पर शटल सेवा की व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए एंबुलेंस और स्वास्थ्य शिविर भी लगाए गए हैं। मेले में कुल 87 सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

About the Author: Rajeev Mandal
वरिष्ठ पत्रकार राजीव मंडल पिछले 25 वर्षों से मीडिया इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। दैनिक जागरण (लखनऊ) से बतौर कॅरियर की शुरुआत हुई। गलगोटिया टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थान से जुड़ने से पहले राजीव ने टीवी इंडस्ट्री-ईटीवी और नेपाल वन न्यूज चैनल- में भी काम किया। इसके अलावा राष्ट्रीय सहारा अखबार के साथ 19 वर्षों तक इनका साथ रहा। इस अखबार के संपादकीय पृष्ठ और साप्ताहिक परिशिष्ट 'हस्तक्षेप" अंक का बतौर प्रभारी लंबे समय तक नेतृत्व किया। राजीव ने पत्रकारिता से मास्टर डिग्री (2000-2001) काशी हिन्दू विश्वविद्यालय, वाराणसी से हासिल किया। फिलहाल राजीव गलगोटिया टाइम्स के लिए राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और समसामयिक विषयों पर कलम चलाते हैं।

Leave A Comment

अन्य खबरें