रोहिणी आचार्य विवाद में सामने आए लालू यादव, बताया कैसे थामेंगे परिवार की कलह

Authored By: Ranjan Gupta

Published On: Tuesday, November 18, 2025

Last Updated On: Tuesday, November 18, 2025

लालू यादव ने Rohini Acharya Controversy पर परिवार की कलह को शांत करने का तरीका बताया.
लालू यादव ने Rohini Acharya Controversy पर परिवार की कलह को शांत करने का तरीका बताया.

तेजस्वी यादव और रोहिणी आचार्य के बीच बढ़ती पारिवारिक खाई पर आखिरकार लालू यादव सामने आए. राजद की अहम बैठक में उन्होंने पहली बार खुलकर कहा कि यह “घर का मामला” है और वह इसे खुद सुलझाएंगे. चुनावी हार के बाद पार्टी जिस उथल-पुथल और परिवार की कलह से जूझ रही है, उसी बीच लालू की यह प्रतिक्रिया बेहद अहम मानी जा रही है.

Authored By: Ranjan Gupta

Last Updated On: Tuesday, November 18, 2025

Rohini Acharya Controversy: बिहार की राजनीति इन दिनों सिर्फ आंकड़ों और सीटों की नहीं, बल्कि परिवार की अंदरूनी हलचल की भी साक्षी बन रही है. राजद की चुनावी हार के बाद जिस तरह रोहिणी आचार्य के भावुक पोस्ट ने राजनीति में भूचाल ला दिया, उससे पार्टी के भीतर दरारें खुलकर सामने आने लगीं. तेजस्वी यादव पर उठते सवालों, रोहिणी की बेबाक नाराज़गी और सहयोगियों पर लगाए गंभीर आरोपों के बीच कल राजद की बड़ी बैठक हुई, जिसमें पहली बार लालू प्रसाद यादव ने परिवार की इस कलह पर चुप्पी तोड़ी.

लालू ने साफ कहा-“यह हमारे घर का मामला है, जिसे हम घर में सुलझा लेंगे.” करीब चार घंटे चली इस बैठक में जहां तेजस्वी को विधायक दल का नेता चुना गया, वहीं चुनावी रणनीति, कोर्ट जाने की संभावना और पार्टी के भविष्य को लेकर भी चर्चा हुई. गौरतलब है कि राजद चुनावी झटके से उबरने की कोशिश कर रही है, लेकिन परिवार की यह दरार पार्टी के लिए नई चुनौती बन गई है. ऐसे में लालू यादव की मध्यस्थता क्या इस विवाद को शांत कर सकेगी? यही सवाल अब बिहार की सियासत में सबसे बड़ा मुद्दा बन चुका है.

लालू ने तेजस्वी की जमकर की तारीफ

दरअसल, तेजस्वी यादव और रोहिणी आचार्य के विवाद के बीच कल राजद की अहम बैठक हुई. इसी बैठक में लालू यादव पहली बार खुले तौर पर दोनों के बीच चल रहे तनाव पर बोले. लालू ने साफ कहा कि यह हमारे घर का मामला है. ऐसी बातें हर घर में होती हैं. हम इसे घर में ही बैठकर सुलझाएंगे. मैं खुद इसे संभालने के लिए मौजूद हूं. मीटिंग में राबड़ी देवी, मीसा भारती, जगदानंद सिंह सहित कई बड़े नेता मौजूद थे. इसी बैठक में तेजस्वी यादव को विधायक दल का नेता चुना गया. लालू ने तेजस्वी की जमकर तारीफ की. कहा कि तेजस्वी ने बिहार चुनाव में बहुत मेहनत की और पार्टी को आगे बढ़ाया.

करीब चार घंटे चली इस मीटिंग में तेजस्वी ने जीत और हार, दोनों तरह के उम्मीदवारों से बात की. यहीं यह भी तय हुआ कि तेजस्वी विपक्ष के नेता होंगे. बैठक में वन-टू-वन बातचीत भी हुई. चुनाव परिणाम को कोर्ट ले जाने को लेकर भी चर्चा हुई. महागठबंधन के नेताओं से बात करके आगे फैसला लिया जाएगा.

रोहिणी के पोस्ट से खुला पारिवारिक विवाद

रोहिणी के भावुक पोस्ट ने पूरे मामले को सरेआम ला दिया. उन्होंने लिखा कि उन्हें “अनाथ बना दिया गया”. साथ ही विवाहित महिलाओं को नसीहत दी कि “अगर पिता का बेटा हो, तो पिता को बचाने की गलती मत करना.”

शनिवार को रोहिणी ने एक और पोस्ट कर कहा था कि वह राजनीति और परिवार, दोनों से दूरी बना रही हैं. उन्होंने चुनावी हार के लिए तेजस्वी यादव के दो करीबी सहयोगियों, हरियाणा से ताल्लुक रखने वाले राजद सांसद संजय यादव और यूपी के एक राजनीतिक परिवार से जुड़े रमीज को जिम्मेदार बताया.

इंडिया गठबंधन की करारी हार

बता दें कि बिहार चुनाव में ‘इंडिया’ गठबंधन को एनडीए ने बड़े अंतर से हराया. बिहार की 243 सीटों में से एनडीए को 202 सीटें मिलीं. राजद ने 143 सीटों पर चुनाव लड़ा, लेकिन सिर्फ 25 सीटें ही जीत पाई.

चुनावी हार के बाद अब लालू प्रसाद की पार्टी को एक और बड़ी चुनौती दिख रही है- घर के भीतर बढ़ता विवाद. रोहिणी आचार्य ने रविवार को आरोप लगाया कि किडनी दान करने के बाद भी उन्हें अपमानित किया गया. दावा किया कि उन्हें रुपये और टिकट का लालच दिए जाने की बातें फैलाई गईं, जिससे वह बेहद आहत हैं.

यह भी पढ़ें :- चुनाव में हार के बाद लालू परिवार में कलह! बेटी रोहिणी ने छोड़ा परिवार और राजनीति

About the Author: Ranjan Gupta
रंजन कुमार गुप्ता डिजिटल कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें डिजिटल न्यूज चैनल में तीन वर्ष से अधिक का अनुभव प्राप्त है. वे कंटेंट राइटिंग, गहन रिसर्च और SEO ऑप्टिमाइजेशन में माहिर हैं. शब्दों से असर डालना उनकी कला है और कंटेंट को गूगल पर रैंक कराना उनका जुनून! वो न केवल पाठकों के लिए उपयोगी और रोचक लेख तैयार करते हैं, बल्कि गूगल के एल्गोरिदम को भी ध्यान में रखते हुए SEO-बेस्ड कंटेंट तैयार करते हैं. रंजन का मानना है कि "हर जानकारी अगर सही रूप में दी जाए, तो वह लोगों की जिंदगी को प्रभावित कर सकती है." यही सोच उन्हें हर लेख में निखरने का अवसर देती है.
Leave A Comment

अन्य खबरें