States News
क्या योगी चलेंगे कल्याण सिंह की राह…केंद्रीय नेतृत्व से तनातनी के बीच प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के बयान ने बढ़ाई सियासी तपिश
Authored By: Rajeev Mandal
Published On: Tuesday, November 17, 2026
Last Updated On: Tuesday, November 17, 2026
क्या भाजपा में वाकई कुछ गडबड़ है। खासकर उत्तर प्रदेश के संदर्भ में। दरअसल, ऐसा इसलिए कहा जा रहा है क्योंकि उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने आज जो बयान दिया है, उसके मायने बेहद महत्त्वपूर्ण हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नाम लिये बिना चौधरी ने जिस तरह से उन्हें इशारों में नसीहत दी है, वह वाकई अहम है। खासतौर पर चुनाव से महज कुछ महीने पहले संगठन और पार्टी की अहमियत बताते हुए दिए गए इस बयान की टाइमिंग सबसे खास है...
Authored By: Rajeev Mandal
Last Updated On: Tuesday, November 17, 2026
आइए सबसे पहले जानते हैं पंकज चौधरी ने क्या कहा
‘प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संगठन सर्वोपरि है। जहां तक मैं समझता हूं मैं भी संगठन के बल पर ही पहुंचा हूं और भारतीय जनता पार्टी संगठन के बल पर ही सरकारें बनाती है। और सरकारें जो बनती हैं, उनको धरातल पर ले जाने का काम कार्यकर्ता ही करते हैं।" ‘उन्होंने इस बात पर जोर देकर कहा कि, अगर आप देखें कि संगठन से इस दल में जिन लोगों ने भी अलग होकर के पार्टियां बनाई है, उनका अस्तित्व क्या है?"
‘हमारी पार्टी विचारधारा आधारित पार्टी है। विचारों पर हमारे कार्यकर्ता काम करते हैं। उस विचारधारा से आप अलग होगे तो आप सर्वाइव (राजनीतिक रूप से जिंदा) नहीं कर पाएंगे। भले वो कांग्रेस के लोग हों। तृणमूल कांग्रेस हुआ, एनसीपी बनी, वो सर्वाइव की। मगर भाजपा का कोई भी नेता अलग हुआ है वो सर्वाइव नहीं पर पाया है। इसलिए भारतीय जनता पार्टी और उसका संगठन सर्वोपरि है। जो कहते हैं वो निश्चित तौर पर होता है। "
क्या पंकज चौधरी ने जो कुछ कहा है, सीधे तौर पर उनके निशाने पर योगी आदित्यनाथ हैं। उनके बयान से तो ऐसा ही आभास हो रहा है। क्योंकि पिछले एक वर्ष से योगी बनाम केंद्र सरकार (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह) के बीच तनातनी, कश्मकश, अप्रत्यक्ष रूप से बयानबाजी, दोनों उप मुख्यमंत्रियों (ब्राजेश पाठक और केशव मौर्य) का योगी सत्ता के खिलाफ बयान; यह समझने को काफी हैं कि योगी ने तलवार म्यान से निकाल ली है।
संगठन की ताकत का जिक्र और पार्टी से अलग जाने वालों का अस्तित्व खत्म
चौधरी के बयान इस हिस्से को अगर डिकोड करें तो बात सीधी और सहज है। क्या इसका यह मतलब तो नहीं कि योगी अलग पार्टी बनाने का मन बना चुके हैं या अपने पुराने संगठन हिंदू रक्षा वाहिनी के बैनर तले उत्तर प्रदेश में अपनी ही पार्टी के खिलाफ ताल ठोकेंगे।
भाजपा से अलग होकर किन-किन नेताओं ने बनाई पार्टी
भाजपा से निकलकर कई बड़े नेताओं ने अपनी पार्टी बनाई। सबका हाल अलग-अलग हुआ।
- कल्याण सिंह बाबरी प्रकरण के बाद भाजपा से हटे। उन्होंने 1999 में राष्ट्रीय क्रांति पार्टी बनाई। हालांकि बाद में वापस भाजपा में आ गए, वापसी के बाद उप्र के राज्यपाल बने।
- उमा भारती 2005 में भाजपा से बाहर हुईं। उन्होंने भी भारतीय जनशक्ति पार्टी बनाई। पार्टी महज 2-3 साल में ही खत्म हो गई। इसके बाद वापस भाजपा में आ गईं। बाद में मंत्री भी बनीं।
- बाबूलाल मरांडी झारखंड के पहले सीएम थे। उन्होंने भी 2006 में भाजपा छोड़ी। झारखंड विकास मोर्चा बनाया। हालांकि 14 साल तक अपनी पार्टी चलाई। 2020 में फिर से भाजपा में वापसी कर गए।
- बीएस येदियुरप्पा 2012 में भाजपा से अलग होकर कर्नाटक जनता पक्ष (केजेपी) बनाई। हालांकि भाजपा को कर्नाटक में केजेपी से काफी नुकसान हुआ। 2014 में फिर भाजपा में वापस आ गए, फिर से सीएम बने।
- शंकर सिंह वाघेला गुजरात में भाजपा के बड़े नेता थे। 1996 में अलग हुए, राष्ट्रीय जनता पार्टी बनाई, सीएम भी बने। बाद में कांग्रेस में चले गए।
- सत्यपाल मलिक बाद में राज्यपाल बने, पर उन्होंने पार्टी नहीं बनाई, सिर्फ भाजपा से अलग रास्ता लिया।
कुल मिलाकर पैटर्न एक ही रहा है। जो भी भाजपा से निकलकर पार्टी बनाता है, वो ज्यादा दिन चल नहीं पाता। ज्यादातर वापस भाजपा में ही आ जाते हैं।
योगी आदित्यनाथ की बात ही अलग है
ऊपर जिन नेताओं का जिक्र हुआ है, नि:संदेह सब एक से बढ़कर एक हुए। मगर पार्टी में जो हैसियत योगी आदित्यनाथ की है, और जनता के बीच उनकी अपार लोकप्रियता है, वह उन्हें बाकी नेताओं से अलग रखता है। देखना है, आगे क्या कुछ घटित होता है। मगर एक बात तो तय है कि योगी के लिए इस बार सत्ता पर तीसरी बार कब्जा जमाना आसान नहीं होगा।








