Starlink भारत में लॉन्च के करीब, जानें सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस के बारे में 7 बातें

Authored By: संतोष आनंद

Published On: Thursday, March 13, 2025

Last Updated On: Wednesday, March 12, 2025

भारत में Starlink सैटेलाइट इंटरनेट लॉन्च – दूरदराज के क्षेत्रों में हाई-स्पीड कनेक्टिविटी लाने की तैयारी
भारत में Starlink सैटेलाइट इंटरनेट लॉन्च – दूरदराज के क्षेत्रों में हाई-स्पीड कनेक्टिविटी लाने की तैयारी

भारत में Starlink की लॉन्चिंग देश की डिजिटल क्रांति में बड़ा कदम साबित हो सकती है। खासकर दूरदराज के क्षेत्रों में, जहां ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी सीमित है, वहां यह सेवा इंटरनेट पहुंच को नया आयाम दे सकती है।

Authored By: संतोष आनंद

Last Updated On: Wednesday, March 12, 2025

Elon Musk की कंपनी SpaceX ने भारत की दो प्रमुख टेलीकॉम कंपनियों के साथ महत्वपूर्ण व्यावसायिक समझौते किए हैं, जिससे उसकी सैटेलाइट इंटरनेट सेवा Starlink के भारतीय बाजार में एंट्री का रास्ता साफ हो गया है। Bharti Airtel और Reliance Jio Platforms ने घोषणा की कि उन्होंने SpaceX के साथ अलग-अलग, नॉन-एक्सक्लूसिव समझौते किए हैं, जिससे Starlink भारत में अपनी सेवाएं प्रदान कर सकेगा। इन समझौतों के तहत Starlink के उपकरण इन कंपनियों के रिटेल स्टोर्स के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएंगे, वहीं Jio ग्राहकों के लिए इंस्टॉलेशन और एक्टिवेशन की खास व्यवस्था भी करेगा। हालांकि यह सेवा भारत में तभी शुरू हो पाएगी, जब SpaceX को आवश्यक सरकारी मंजूरी मिल जाएगी।

Starlink यूजर को बस खुले आसमान की जरूरत

Starlink अपने लो-अर्थ ऑर्बिट (LEO) सैटेलाइट नेटवर्क के माध्यम से हाई स्पीड की इंटरनेट सेवा प्रदान करता है। इसके लिए केवल साफ आसमान की जरूरत होती है। पारंपरिक सैटेलाइट इंटरनेट सेवाओं की तुलना में Starlink कम लेटेंसी और अधिक स्थिर कनेक्टिविटी प्रदान करता है, क्योंकि इसके उपग्रह पृथ्वी की सतह से सिर्फ कुछ सौ किलोमीटर की दूरी पर स्थित होते हैं। इन LEO सैटेलाइट्स को ट्रैक करने के लिए एंटेना की आवश्यकता होती है, जो उपग्रहों के ऊपर से गुजरने के दौरान उनके संकेतों को कैप्चर करता है।

Starlink के पास 7,000 से अधिक सैटेलाइट्स

2024 में कंपनी ने 4.6 मिलियन से अधिक ग्लोबल यूजर्स और केवल अमेरिका में 1.4 मिलियन से अधिक ग्राहकों का आंकड़ा पार कर लिया है। वर्तमान में Starlink के पास दुनिया का सबसे बड़ा LEO सैटेलाइट नेटवर्क है। Amazon के Project Kuiper के तहत Jeff Bezos 3,236 सैटेलाइट्स लॉन्च करने की योजना बना रहे हैं, जबकि Eutelsat OneWeb ने अब तक 630 से अधिक सैटेलाइट्स लॉन्च किए हैं। SpaceX की योजना भविष्य में अपने सैटेलाइट मेगाकॉन्स्टेलेशन को 42,000 तक विस्तार करने की है।

Starlink 125 से अधिक देशों में उपलब्ध

Starlink फिलहाल उत्तर अमेरिका, दक्षिण अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और यूरोप के अधिकांश हिस्सों में उपलब्ध है। हाल ही में भूटान दक्षिण एशिया का पहला देश बना, जहां यह सेवा आधिकारिक रूप से शुरू हुई। हालांकि चीन में यह सेवा उपलब्ध नहीं है, क्योंकि वहां सरकार अपने स्वयं के सैटेलाइट प्रोजेक्ट पर काम कर रही है।

Starlink का उपयोग नावों पर भी

Starlink समुद्री यूजर्स के लिए दो प्लान्स प्रदान करता है-250 डॉलर प्रति माह के प्लान में 50GB डेटा और 1000 डॉलर प्रति माह के प्लान में 1TB डाटा मिलता है। Starlink का हार्डवेयर किट 2500 डॉलर में उपलब्ध है, जबकि अतिरिक्त उपकरण जैसे पाइप एडॉप्टर और Gen 3 Wi-Fi राउटर क्रमशः 120 और 199 डॉलर में खरीदे जा सकते हैं। यदि कोई उपयोगकर्ता अतिरिक्त खर्च नहीं करना चाहता, तो स्टैंडर्ड किट स्थिर नावों पर काम करती है, लेकिन चलते हुए नहीं। दिसंबर 2024 में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह की पुलिस ने एक मछली पकड़ने वाली नाव से Starlink डिश जब्त की थी, जिसका उपयोग कथित रूप से 36,000 करोड़ रुपये की मेथामफेटामिन तस्करी में किया जा रहा था।

Starlink से जुड़ी पर्यावरणीय चिंताएं 

हाल ही में हुए एक अध्ययन के अनुसार, Starlink की दूसरी पीढ़ी के सैटेलाइट्स अनपेक्षित विद्युत-चुंबकीय विकिरण (UEMR) पैदा करते हैं, जो पहली पीढ़ी की तुलना में 32 गुना अधिक ब्राइट है। इससे पृथ्वी से खगोल विज्ञान अनुसंधान प्रभावित हो सकता है। इसके अलावा, जनवरी 2024 में लगभग 120 SpaceX Starlink सैटेलाइट पृथ्वी के वायुमंडल में जल गए, जिससे एल्यूमिनियम ऑक्साइड कण उत्सर्जित हुए। वैज्ञानिकों का मानना है कि ये कण लंबी अवधि में ओजोन परत को नुकसान पहुंचा सकते हैं।

Starlink का उपयोग थर्ड-पार्टी राउटर्स से

PC Mag की रिपोर्ट के अनुसार, Starlink को थर्ड-पार्टी Wi-Fi राउटर्स के साथ इस्तेमाल किया जा सकता है। Starlink के साथ मिलने वाला स्टैंडर्ड राउटर बुनियादी कनेक्टिविटी प्रदान करता है, लेकिन यदि कोई उपयोगकर्ता अधिक व्यापक नेटवर्क स्थापित करना चाहता है, तो वह गेमिंग राउटर्स या मेश राउटर्स का उपयोग कर सकता है।

हाई-डिमांड क्षेत्रों में स्पीड और क्षमता प्रभावित हो सकती है

Starlink ने दावा किया है कि यह पारंपरिक ब्रॉडबैंड सेवाओं की तुलना में बेहतर स्पीड और कम लेटेंसी प्रदान करेगा, लेकिन विशेषज्ञों को इसकी क्षमता को लेकर चिंता है। CNET की रिपोर्ट के अनुसार, Starlink अब तक अमेरिका में 100 Mbps डाउनलोड और 20 Mbps अपलोड स्पीड हासिल करने में विफल रहा है, जो FCC के ब्रॉडबैंड मानकों से कम है। नवंबर 2024 में Starlink ने अफ्रीका के कई शहरी केंद्रों में नए यूजर्स का साइन-अप रोक दिया, क्योंकि वहां अत्यधिक मांग के कारण नेटवर्क क्षमता खत्म हो गई थी। हालांकि Elon Musk ने यह स्पष्ट किया कि शहरों के बाहर अभी भी पर्याप्त नेटवर्क उपलब्ध है और SpaceX तेजी से शहरी क्षेत्रों में क्षमता बढ़ाने के लिए काम कर रहा है।

भारत में Starlink की लॉन्चिंग देश की डिजिटल क्रांति में बड़ा कदम साबित हो सकती है। खासकर दूरदराज के क्षेत्रों में, जहां ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी सीमित है, वहां यह सेवा इंटरनेट पहुंच को नया आयाम दे सकती है। हालांकि इसकी कीमत, सरकारी स्वीकृति और पर्यावरणीय प्रभाव जैसे कारकों को लेकर अभी भी कई सवाल बने हुए हैं।

तकनीकी क्षेत्र में 15 वर्षों के अनुभव के साथ, संतोष आनंद कंप्यूटर, नेटवर्किंग, और सॉफ्टवेयर जैसे विषयों में विशेषज्ञता रखते हैं। नवीनतम तकनीकी प्रगतियों से हमेशा अपडेट रहते हुए, उन्होंने अपनी लेखनी से हजारों पाठकों के लिए तकनीकी समस्याओं के प्रभावी समाधान प्रस्तुत किए हैं। उन्होंने ऑटोमोबाइल, टेलीकॉम, मोबाइल फोन, और बॉलीवुड एवं एंटरटेनमेंट जैसे विविध विषयों पर भी लेख लिखे हैं। उनकी लेखनी तकनीकी विषयों को सरल और व्यावहारिक भाषा में प्रस्तुत करती है, जो पाठकों को आसानी से समझने और उनके उपयोग में मदद करती है।

Leave A Comment

अन्य खबरें

अन्य टेक खबरें