Sports News
ICC ने अनसुनी की PCB की गुहार, मैच रेफरी को हटाने की मांग खारिज
Authored By: Ranjan Gupta
Published On: Tuesday, September 16, 2025
Last Updated On: Tuesday, September 16, 2025
एशिया कप 2025 में भारत-पाकिस्तान मैच के दौरान हैंडशेक विवाद पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट को हटाने की मांग की थी. लेकिन आईसीसी ने इस गुहार को खारिज करते हुए साफ कर दिया कि रेफरी की कोई बड़ी भूमिका नहीं रही और केवल एक बोर्ड के कहने पर अधिकारी को हटाना गलत परंपरा होगी.
Authored By: Ranjan Gupta
Last Updated On: Tuesday, September 16, 2025
एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए हैंडशेक विवाद ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है. (ICC rejects PCB appeal) मैच के बाद भारतीय खिलाड़ियों के हाथ नहीं मिलाने से नाराज पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इस पूरे मामले में मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और आईसीसी से उन्हें हटाने की मांग की. हालांकि, आईसीसी ने पीसीबी की मांग ठुकरा दी है और साफ कर दिया कि रेफरी का इस विवाद में कोई प्रत्यक्ष दोष नहीं है.
आईसीसी का मानना है कि मैच रेफरी पाइक्रॉफ्ट की इस विवाद में कोई खास भूमिका नहीं थी. उन्होंने बस इतना किया कि टॉस के समय एक कप्तान को दूसरे से हाथ मिलाने के लिए कहा ताकि सार्वजनिक तौर पर शर्मिंदगी से बचा जा सके. वहीं आईसीसी अधिकारियों का मानना है कि एक सदस्य के कहने पर मैच अधिकारी को बदलना एक गलत मिसाल कायम करेगा. इस फैसले से पाकिस्तान को बड़ा झटका लगा है और उसकी धमकी के बावजूद आईसीसी अपने रुख पर कायम है.
पीसीबी ने शिकायत में क्या कहा?
भारत के खिलाफ करारी हार झेलने के बाद पाकिस्तान टीम को एक और झटका लगा. दरअसल, मैच खत्म होने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया. इस बात से नाराज होकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इसे खेल भावना के खिलाफ बताया और तुरंत कार्रवाई की मांग करते हुए आईसीसी को पत्र लिखा. पाकिस्तानी टीम मैनेजमेंट ने रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और आरोप लगाया कि उन्होंने मामले को सही ढंग से नहीं संभाला. पीसीबी ने चेतावनी दी कि अगर रेफरी को हटाया नहीं गया, तो वे अपना अगला मुकाबला, जो यूएई के खिलाफ खेला जाना है, उसमें हिस्सा नहीं लेंगे.
आईसीसी का पीसीबी को जवाब
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आईसीसी अधिकारियों का कहना है कि मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट ने अपनी भूमिका के तहत ही काम किया और उनका मकसद विवाद को बढ़ने से रोकना था. आईसीसी ने साफ कर दिया कि किसी एक बोर्ड की नाराजगी के चलते अनुभवी मैच रेफरी को हटाना तटस्थता और क्रिकेट की संचालन प्रणाली के खिलाफ है. ऐसे में आईसीसी ने पीसीबी की शिकायत को मानने से इनकार कर दिया. इस फैसले से पाकिस्तान को बड़ा झटका लगा है और उनकी मांग पूरी तरह खारिज हो गई है.
पाकिस्तान की धमकी
बता दें कि पाकिस्तान को अब यूएई के खिलाफ अगला मुकाबला खेलना है. लेकिन पीसीबी ने धमकी दी है कि अगर मैच रेफरी को तुरंत नहीं हटाया गया, तो वे मैदान पर नहीं उतरेंगे. हालांकि, आईसीसी ने अब तक इस पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक यह तय है कि पीसीबी की मांग स्वीकार नहीं होगी. इस पूरे विवाद के चलते पाकिस्तान क्रिकेट एक बार फिर चर्चा में है और उसकी छवि को नुकसान पहुंचा है.
ये भी पढ़ें:- हाथ नहीं मिलाने पर बौखलाया पाकिस्तान, भारत के खिलाफ दर्ज की शिकायत















