Sports News
करुण नायर से BCCI की ये कैसी नाराजगी? बोर्ड ने नहीं दी जन्मदिन की बधाई, मचा विवाद
Authored By: Ranjan Gupta
Published On: Saturday, December 6, 2025
Last Updated On: Saturday, December 6, 2025
भारतीय क्रिकेट टीम के लिए 6 दिसंबर का दिन काफी स्पेशल है क्योंकि आज टीम इंडिया के पांच क्रिकेटरों का जन्मदिन था, लेकिन बीसीसीआई ने करुण नायर को बधाई तक नहीं दी. तिहरा शतक जड़ने वाले इस खिलाड़ी की अनदेखी पर फैन्स भड़क उठे हैं और सोशल मीडिया पर बोर्ड की जमकर आलोचना हो रही है.
Authored By: Ranjan Gupta
Last Updated On: Saturday, December 6, 2025
Karun Nair to BCCI: भारतीय क्रिकेट टीम के लिए 6 दिसंबर (आज) का दिन बेहद स्पेशल है. सही मायनों में यह किसी त्योहार से भी कम नहीं हैं. क्योंकि एक ही तारीख पर टीम इंडिया को पांच बेमिसाल सितारे मिले हैं. लेकिन इस बार सोशल मीडिया पर माहौल जश्न से ज्यादा विवाद से घिरा नजर आया. वजह बनी बीसीसीआई की एक ऐसी हरकत जिसने फैंस को नाराज कर दिया. बोर्ड ने जसप्रीत बुमराह, रवींद्र जडेजा, श्रेयस अय्यर और आरपी सिंह को जन्मदिन की बधाई तो दी, लेकिन करुण नायर को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया.
टेस्ट क्रिकेट में तिहरा शतक जड़ने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय बल्लेबाज़ को बधाई न मिलना फैन्स को रास नहीं आया और अब बोर्ड की आलोचना तेज हो गई है. ऐसे समय में जब टीम इंडिया साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरा वनडे खेलने की तैयारी में है, करुण नायर की अनदेखी का मामला अचानक एक नए विवाद में बदल गया है. आमतौर पर जब भी किसी क्रिकेटर का जन्मदिन होता है, बीसीसीआई उन्हें जन्मदिन की बधाई देता है.
इन खिलाड़ियों को मिली बधाई
आज भारतीय क्रिकेट के लिए खास दिन है. टीम इंडिया के पांच खिलाड़ियों का जन्मदिन एक ही तारीख पर आता है. करुण नायर के अलावा जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा भी आज ही अपना जन्मदिन मना रहे हैं. दोनों खिलाड़ी फिलहाल साउथ अफ्रीका के खिलाफ चल रही वनडे सीरीज में टीम इंडिया के साथ हैं. इनके साथ-साथ चोट से जूझ रहे श्रेयस अय्यर और सेलेक्शन कमेटी के सदस्य आरपी सिंह का भी आज जन्मदिन है.
बीसीसीआई ने इन चारों के लिए एक्स पर बधाई पोस्ट किया. लेकिन करुण नायर को इस सूची में जगह नहीं मिली. यही बात फैंस को खटक गई है. नायर वही बल्लेबाज हैं जिन्होंने 2016 में चेन्नई टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ अपने पहले टेस्ट शतक को तिहरे शतक में बदला था. इसके बाद कुछ ही मैचों में उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया था.
8 साल बाद मिला मौका
नायर को इस साल दोबारा टीम इंडिया में जगह मिली. शुभमन गिल के नेतृत्व में टीम इंग्लैंड दौरे पर गई थी. घरेलू क्रिकेट में लगातार रन बनाने का फायदा नायर को मिला और वह आठ साल बाद टीम में वापसी कर पाए. उम्मीदें भी थीं, लेकिन इंग्लैंड दौरे के चार मैचों में सिर्फ एक अर्धशतक बना सके. नतीजा यह हुआ कि लौटते ही उन्हें फिर टीम से बाहर कर दिया गया.
आज होगा सीरीज का फैसला
टीम इंडिया आज यानी 6 दिसंबर को विशाखापट्टनम में साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच खेलेगी. सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है. दोनों टीमों ने एक-एक मैच जीता है. अब जो टीम तीसरा वनडे जीतेगी, वही सीरीज अपने नाम करेगी.
यह भी पढ़ें :- IND vs SA 3rd ODI Playing-XI: भारत और दक्षिण अफ्रीका आमने-सामने, जानें तीसरे वनडे की संभावित प्लेइंग-11













