Sports News
Yuvraj Singh Birthday: इन दिनों क्या कर रहे युवराज सिंह? आखिरी बार इस टूर्नामेंट में आए नजर
Authored By: Ranjan Gupta
Published On: Friday, December 12, 2025
Last Updated On: Friday, December 12, 2025
भारतीय क्रिकेट के सिक्सर किंग युवराज सिंह आज 44 साल के हो गए. शानदार करियर, दो वर्ल्ड कप जीत और कैंसर से जंग इन सबके बाद युवी अब किस नई पारी में बिजी हैं? जानिए वो बातें जो हर क्रिकेट फैन को जाननी चाहिए.
Authored By: Ranjan Gupta
Last Updated On: Friday, December 12, 2025
Yuvraj Singh Birthday: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व स्टार ऑलराउंडर और लाखों दिलों के हीरो युवराज सिंह आज 12 दिसंबर को अपना 44वां जन्मदिन मना रहे हैं. इंटरनेशनल क्रिकेट में 402 मैच, 11,778 रन और 148 विकेट ये आंकड़े बताते हैं कि युवी सिर्फ खिलाड़ी नहीं, एक युग थे. 2007 टी20 वर्ल्ड कप हो या 2011 का ऐतिहासिक वनडे वर्ल्ड कप, युवराज की भूमिका सुनहरे अक्षरों में दर्ज है. कैंसर से लड़ते-लड़ते भारत को वर्ल्ड चैंपियन बनाने वाला यह योद्धा आज मैदान से दूर अपनी जिंदगी की नई इनिंग खेल रहा है. फैंस जानना चाहते हैं कि आजकल युवराज कर क्या रहे हैं? आखिरी बार उन्हें किस टूर्नामेंट में देखा गया? और अब ‘यूवीकैन’ के जरिए वे किस तरह लोगों की जिंदगी बदल रहे हैं? यही सब कुछ आपको इस लेख में मिलेगा.
BCCI ने दी जन्मदिन की शुभकामनाएं
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 12 दिसंबर को सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर युवराज सिंह को जन्मदिन की बधाई दी. बीसीसीआई ने 2011 वर्ल्ड कप की नीली जर्सी में उनकी एक फोटो साझा की. कैप्शन में लिखा, “402 इंटरनेशनल मैच, 11,778 रन, 148 विकेट और दो वर्ल्ड कप टाइटल- हैप्पी बर्थडे, युवी!” युवराज की पुरानी आईपीएल टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने भी पोस्ट किया और उन्हें ‘चैंपियन’ बताते हुए शुभकामनाएं भेजीं.
कैंसर से लड़कर भारत को जिताया था 2011 वर्ल्ड कप
2011 का वर्ल्ड कप भारतीय क्रिकेट के लिए भावुक याद है. इसी टूर्नामेंट में सचिन तेंदुलकर और जहीर खान जैसे खिलाड़ियों ने आखिरी बार वर्ल्ड कप खेला था. उस समय युवराज सिंह कैंसर से लड़ रहे थे. तब भी उन्होंने मैदान नहीं छोड़ा. युवी ने पूरे टूर्नामेंट में 362 रन बनाए और 15 विकेट लिए. उनका प्रदर्शन शानदार था. इसी दम पर उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया. भारत को वर्ल्ड चैंपियन बनाने में उनकी भूमिका सबसे अहम रही.
आजकल क्या कर रहे हैं युवराज?
युवराज सिंह आखिरी बार जुलाई 2025 में वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में खेलते नजर आए थे. उनकी कप्तानी में इंडिया चैंपियंस ने वेस्टइंडीज चैंपियंस को हराकर खिताब जीता था. इस समय युवराज अपना यूवीकैन (YouWeCan) फाउंडेशन चला रहे हैं. इसे युवराज सिंह फाउंडेशन भी कहा जाता है. यह एक गैर-लाभकारी संस्था है, जो कैंसर जागरूकता पर काम करती है. यह कैंसर के शुरुआती निदान, इलाज में सहायता और कैंसर से जीत चुके लोगों के सशक्तिकरण के लिए काम करती है.
युवराज युवा खिलाड़ियों को तैयार करने में भी मदद कर रहे हैं. अभिषेक शर्मा जैसे प्लेयर्स को उन्होंने ट्रेनिंग दी है. सोशल मीडिया पर कई वीडियो मौजूद हैं, जिनमें युवी अभिषेक को कोचिंग देते दिखाई देते हैं. हाल ही में न्यू चंडीगढ़ क्रिकेट स्टेडियम में उनके नाम का स्टैंड भी लगाया गया. यहां वे पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ पहुंचे थे.
यह भी पढ़ें :- IND vs SA: इन 3 कारणों से भारत को टी20I में मिली दूसरी सबसे बड़ी हार













