Special Coverage
गाड़ी का परमिट अब 5 साल के लिए बढ़ सकता है, जानिए पूरा मामला
Authored By: Nishant Singh
Published On: Friday, August 21, 2026
Last Updated On: Friday, August 21, 2026
सरकार के नए ड्राफ्ट प्रस्ताव में इलेक्ट्रिक, हाइड्रोजन और सीएनजी से चलने वाले कमर्शियल वाहनों को पांच साल की अतिरिक्त परमिट अवधि देने की योजना है. इससे ऐसी गाड़ियां 17 से 20 साल तक चल सकेंगी. प्रस्ताव लागू होने से ट्रांसपोर्टर्स को लागत वसूलने और परमिट प्रक्रिया आसान होने का फायदा मिलेगा.
Authored By: Nishant Singh
Last Updated On: Friday, August 21, 2026
Vehicle Permit: देश में गाड़ियों को लेकर सरकार लगातार नए-नए बदलाव कर रही है. पहले एथेनॉल मिश्रण को लेकर चर्चा हुई थी और अब बारी है परमिट सिस्टम की. ट्रांसपोर्ट बिजनेस से जुड़े लोगों और कमर्शियल गाड़ी मालिकों के लिए यह खबर काफी काम की है, क्योंकि परमिट रिन्यू करवाना उनके रोजमर्रा के काम का एक जरूरी हिस्सा है. बहुत से गाड़ी मालिकों को यह समझ नहीं आता कि उनकी गाड़ी का परमिट पांच साल तक बढ़ाया जा सकता है या नहीं. मौजूदा मोटर वाहन कानून के हिसाब से नेशनल परमिट और ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट की सामान्य वैधता पांच साल तक ही रखी गई है. अगर आपका परमिट खत्म होने वाला है या आप जल्द कोई नया कमर्शियल वाहन लेने का सोच रहे हैं, तो नीचे दी गई जानकारी आपके काम आएगी.
किन गाड़ियों को मिलेगा एक्स्ट्रा टाइम
अभी तक डीजल-पेट्रोल से चलने वाले कमर्शियल वाहनों के लिए गाड़ी की कैटेगरी के हिसाब से 12 या 15 साल की अधिकतम उम्र सीमा रखी गई थी. नए ड्राफ्ट प्रस्ताव के मुताबिक सिर्फ बैटरी से चलने वाली, हाइड्रोजन ईंधन वाली और सीएनजी से चलने वाली गाड़ियों को पांच साल की अतिरिक्त छूट दी जाएगी. मतलब ये पर्यावरण के अनुकूल गाड़ियां अब 12-15 साल की जगह 17 से 20 साल तक नेशनल परमिट के साथ सड़क पर चल सकेंगी.
नियम लागू होने में कितना समय लगेगा
फिलहाल यह सिर्फ एक ड्राफ्ट है, कोई अंतिम कानून नहीं. मंत्रालय ने आम जनता, गाड़ी मालिकों और इस क्षेत्र के जानकारों से 30 दिन के भीतर अपने सुझाव और आपत्तियां भेजने को कहा है. इस समयसीमा के बाद मिले सुझावों की समीक्षा होगी, फिर अंतिम नियम को सरकारी गजट में छापा जाएगा. गजट में नोटिफाई होने की तारीख से ही यह नियम असल में लागू माना जाएगा.
क्या यह BS-4 और BS-6 गाड़ियों पर भी लागू होगा
इस नियम का आधार इंजन एमिशन स्टैंडर्ड नहीं बल्कि ईंधन का प्रकार और परमिट की कैटेगरी है. इसलिए यह छूट सिर्फ इलेक्ट्रिक, हाइड्रोजन और सीएनजी जैसी कम प्रदूषण फैलाने वाली कमर्शियल गाड़ियों को ही मिलेगी. सामान्य डीजल या पेट्रोल इंजन वाली गाड़ियां इस दायरे में नहीं आतीं. साथ ही यह छूट सिर्फ नेशनल परमिट वाली गाड़ियों के लिए है, हर लोकल गाड़ी के लिए नहीं.
फीस और प्रोसेस कैसा रहेगा
सरकार परमिट प्रोसेस को और आसान और डिजिटल बनाना चाहती है. इसके लिए हर साल रिन्यू करवाने की झंझट खत्म कर एक बार में पूरे पांच साल का इलेक्ट्रॉनिक नेशनल परमिट लेने का विकल्प दिया जा रहा है.
- सालाना फीस पहले जैसी ही यानी 16,500 रुपये रहेगी, इसमें कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है
- अगर कोई एक साथ पांच साल का परमिट लेना चाहे तो उसे कुल 82,500 रुपये जमा करने होंगे
- पूरी आवेदन प्रक्रिया वाहन पोर्टल के जरिए पूरी तरह पेपरलेस और ऑनलाइन होगी
आवेदन कब और कैसे करें
ड्राफ्ट नियमों के मुताबिक मौजूदा परमिट या अस्थायी रजिस्ट्रेशन खत्म होने से 30 दिन पहले ऑनलाइन आवेदन जमा करना जरूरी होगा. इसके अलावा जिन गाड़ियों की सिर्फ चेसिस है और बॉडी अभी नहीं बनी, उनके लिए छह महीने का अस्थायी रजिस्ट्रेशन देने का प्रावधान भी रखा गया है, ताकि बॉडी बनाने का काम आराम से पूरा हो सके. अगर वर्कशॉप में काम में देरी हो जाए तो इसे 30-30 दिन करके आगे भी बढ़ाया जा सकता है.
ट्रांसपोर्टर्स को इससे क्या फायदा होगा
इलेक्ट्रिक और सीएनजी ट्रक-बसों की शुरुआती कीमत डीजल गाड़ियों के मुकाबले काफी ज्यादा होती है, इसलिए इनकी लागत निकालने में समय लगता है. पांच साल का एक्स्ट्रा ऑपरेशनल टाइम मिलने से ट्रांसपोर्टर्स को अपनी गाड़ी की पूरी लागत वसूलने का ज्यादा मौका मिलेगा. साथ ही बार-बार आरटीओ के चक्कर काटने की झंझट भी कम हो जाएगी, जिससे समय और पैसा दोनों की बचत होगी.
यह भी पढ़ें :- बार-बार खराब हुई E20 कार तो कोर्ट ने दिया बड़ा फैसला, नई गाड़ी या पूरा पैसा लौटाने का आदेश




