फिलीपींस से लौटते ही प्रधानमंत्री ने क्यों बुलाई कैबिनेट की बैठक, क्या मंत्रिमंडल विस्तार पर होगा मंथन

Authored By: Rajeev Mandal

Published On: Wednesday, November 18, 2026

Last Updated On: Wednesday, November 18, 2026

फिलीपींस दौरे से लौटने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट बैठक और मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाएं
फिलीपींस दौरे से लौटने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट बैठक और मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाएं

राजधानी दिल्ली में सियासी सरगर्मी काफी तेज है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपनी पूरी टीम के साथ बैठ रहे हैं। फिलीपींस का दौरा खत्म करके लौटे मोदी ने बुधवार को मंत्रिपरिषद की बैठक बुलाई है। दिल्ली में सुबह से ही इस बैठक को लेकर चर्चाएं तेज हैं। पीएमओ के एक अधिकारी ने बताया कि ये कोई रोज वाली बैठक नहीं है। स्वाभाविक है कि शीर्ष स्तर के नेताओं के बीच मंत्रिमंडल विस्तार से लेकर उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव की भी चर्चा बैठक में जरूर होगी। साथ ही इसमें सरकार के तीन साल के काम का हिसाब होगा। आैर क्या कुछ होगा बैठक में, जानते हैं...

Authored By: Rajeev Mandal

Last Updated On: Wednesday, November 18, 2026

क्यों इतना अहम माना जा रहा है कैबिनेट की बैठक को

केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल की जो अटकलें काफी दिनों से लगाई जा रही है, उसमें बहुत कुछ निकलकर नहीं आ रहा है। अभी भी ये कयासबाजी ही नजर आ रही है। अगर वाकई में मंत्रिमंडल में फेरबदल की कसरत होती तो स्वाभाविक तौर पर सहयोगी दलों के शीर्ष नेताओं से भी भाजपा बातचीत करती। फिलहाल ऐसा कुछ हुआ नहीं है। ऐसा सुनने में आया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह कई मंत्रियों के कामकाज से बिल्कुल भी खुश नहीं हैं। राज्यसभा चुनाव के समय भी यह अटकलें लगाई गर्इं कि जिन मंत्रियों के राज्यसभा का कार्यकाल नहीं बढ़ाया जा रहा है, दरअसल आलाकमान उनकी कार्यशैली से बेहद नाराज है। एक या इससे ज्यादा मंत्रियों ने कुछ दिनों पहले अपने पद से इस्तीफा भी दिया है। एल मुरुगन जो सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में राज्यमंत्री के पद पर थे, उन्होंने पिछले महीने ही इस्तीफा दिया है।

किस बात पर होगी समीक्षा?

बैठक में करीब 40 से 45 बड़ी योजनाओं पर बात होगी। जैसे – उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, पीएम किसान, मुद्रा योजना, हर घर जल। प्रधानमंत्री जानना चाहते हैं कि इन योजनाओं का पैसा सच में गांव तक पहुंचा या सिर्फ कागजों में रह गया। हर मंत्री को कहा गया है कि वो अपने विभाग की असली तस्वीर लेकर आए। कितने लोगों को फायदा मिला, कहां दिक्कत आई। खासकर महिलाओं और युवाओं वाली योजनाओं पर पीएम का ज्यादा ध्यान रहेगा। सरकार का मानना है कि अगर महिला और युवा खुश हैं तो चुनाव में भी फायदा होगा।

महिला आरक्षण का मुद्दा क्यों अहम है?

इस बैठक में दो बड़े मुद्दों पर भी बात हो सकती है। पहला है महिला आरक्षण, दूसरा है परिसीमन। महिला आरक्षण का कानून बन गया है। पर वो लागू तब होगा जब परिसीमन होगा। शीतकालीन सत्र से पहले सरकार इस पर मंत्रियों से राय लेना चाहती है। दक्षिण भारत के राज्यों में परिसीमन को लेकर नाराजगी है। उनको लगता है कि जनसंख्या के हिसाब से सीटें बांटी गर्इं तो उनका नुकसान होगा। पीएम इस पर कोई बीच का रास्ता निकालना चाहते हैं।

क्या मंत्रिमंडल में बदलाव होगा?

बैठक की खबर आते ही दिल्ली में एक और चर्चा शुरू हो गई है-क्या मोदी अपनी टीम बदलने वाले हैं? केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने दो दिन पहले ही कहा था कि जल्द कैबिनेट विस्तार हो सकता है। उनके बयान के बाद से ही अटकलें तेज हैं। कहा जा रहा है कि कुछ नए चेहरों को जगह मिल सकती है। जातीय समीकरण को भी देखा जाएगा। पर अभी तक सरकार की तरफ से इस पर कोई मुहर नहीं लगी है। बीजेपी के बड़े नेता भी इसको अफवाह बता रहे हैं। उनका कहना है कि ये बैठक सिर्फ कामकाज की समीक्षा के लिए है। इसको फेरबदल से जोड़ना सही नहीं है।

आगे क्या होगा?

शीतकालीन सत्र से पहले ये बैठक बहुत अहम मानी जा रही है। अगर प्रधानमंत्री मोदी को लगता है कि कोई मंत्री ठीक से काम नहीं कर रहा, तो उसको सख्त संदेश भी जा सकता है। वहीं अगर कोई योजना अटकी है तो उसको तेजी से पूरा करने का आदेश भी मिल सकता है। दोपहर तक बैठक खत्म हो जाएगी। उसके बाद ही साफ होगा कि पीएम ने मंत्रियों को क्या नया टारगेट दिया है।

About the Author: Rajeev Mandal
वरिष्ठ पत्रकार राजीव मंडल पिछले 25 वर्षों से मीडिया इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। दैनिक जागरण (लखनऊ) से बतौर कॅरियर की शुरुआत हुई। गलगोटिया टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थान से जुड़ने से पहले राजीव ने टीवी इंडस्ट्री-ईटीवी और नेपाल वन न्यूज चैनल- में भी काम किया। इसके अलावा राष्ट्रीय सहारा अखबार के साथ 19 वर्षों तक इनका साथ रहा। इस अखबार के संपादकीय पृष्ठ और साप्ताहिक परिशिष्ट 'हस्तक्षेप" अंक का बतौर प्रभारी लंबे समय तक नेतृत्व किया। राजीव ने पत्रकारिता से मास्टर डिग्री (2000-2001) काशी हिन्दू विश्वविद्यालय, वाराणसी से हासिल किया। फिलहाल राजीव गलगोटिया टाइम्स के लिए राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और समसामयिक विषयों पर कलम चलाते हैं।

Leave A Comment

अन्य खबरें