Special Coverage
चीनी की बढ़ती कीमतों पर सरकार सख्त: स्टॉक लिमिट आधी, क्या अब आम लोगों को मिलेगी राहत?
Authored By: Nishant Singh
Published On: Tuesday, September 1, 2026
Last Updated On: Tuesday, September 1, 2026
Sugar Price: चीनी की बढ़ती कीमतों पर केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए थोक विक्रेताओं की स्टॉक लिमिट आधी कर दी है. 15 सितंबर से लागू नए नियमों का उद्देश्य जमाखोरी रोकना और बाजार में आपूर्ति बढ़ाना है. सरकार को उम्मीद है कि इससे त्योहारों से पहले आम लोगों को महंगाई से राहत मिलेगी.
Authored By: Nishant Singh
Last Updated On: Tuesday, September 1, 2026
Sugar Price: त्योहारों का मौसम नजदीक आते ही रसोई का बजट बिगाड़ रही चीनी की बढ़ती कीमतों पर केंद्र सरकार ने सख्त कदम उठाया है. बाजार में जमाखोरी और कृत्रिम कमी की आशंका को देखते हुए सरकार ने थोक विक्रेताओं और डीलरों के लिए चीनी रखने की अधिकतम सीमा आधी कर दी है. सरकार का मानना है कि पर्याप्त उत्पादन और स्टॉक होने के बावजूद कीमतों में तेजी को नियंत्रित करना जरूरी है.
37 फीसदी महंगी हुई चीनी
उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 31 अगस्त तक देश में चीनी की औसत खुदरा कीमत 63.28 रुपये प्रति किलो पहुंच गई. पिछले वर्ष इसी अवधि में इसकी कीमत करीब 46.02 रुपये प्रति किलो थी. यानी एक साल में खुदरा कीमतों में लगभग 37 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई.
थोक बाजार में भी कीमतों का दबाव देखने को मिला है. यहां सालाना आधार पर करीब 36.28 फीसदी की वृद्धि के साथ चीनी का भाव 58.40 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया. इसी तेजी ने सरकार को हस्तक्षेप करने के लिए मजबूर किया.
अब डीलर रख सकेंगे सिर्फ 2,000 क्विंटल स्टॉक
सरकार ने डीलरों की स्टॉक लिमिट 4,000 क्विंटल से घटाकर 2,000 क्विंटल कर दी है. नए नियम 15 सितंबर 2026 से लागू होंगे और 30 नवंबर 2026 तक प्रभावी रहेंगे.
नए नियमों की मुख्य बातें:
- डीलर अधिकतम 2,000 क्विंटल चीनी का स्टॉक रख सकेंगे.
- किसी भी स्थान पर तय सीमा से ज्यादा चीनी जमा नहीं की जा सकेगी.
- प्राप्ति की तारीख से 30 दिनों से अधिक समय तक स्टॉक रखने की अनुमति नहीं होगी.
- नियम का उद्देश्य जमाखोरी और सट्टेबाजी पर रोक लगाना है.
सरकार को उम्मीद है कि इससे बाजार में चीनी की उपलब्धता बढ़ेगी और कीमतों पर दबाव कम होगा.
कोलकाता को क्यों मिली विशेष छूट?
इस फैसले में कोलकाता और उसके विस्तारित महानगरीय क्षेत्र को राहत दी गई है. यहां पहले की तरह 4,000 क्विंटल तक स्टॉक रखने की अनुमति जारी रहेगी.
इसके पीछे एक बड़ी वजह क्षेत्र की आपूर्ति व्यवस्था है. कोलकाता अपनी चीनी की जरूरत के लिए काफी हद तक उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र से आने वाली सप्लाई पर निर्भर है. साथ ही यह पूर्वी और उत्तर-पूर्वी राज्यों के लिए भी एक महत्वपूर्ण सप्लाई केंद्र है.
क्या देश में चीनी की कमी है?
सरकार का कहना है कि देश में चीनी की वास्तविक कमी नहीं है. विपणन वर्ष 2025-26 के लिए उत्पादन अनुमान संशोधित होकर 306 लाख टन किया गया है, जबकि घरेलू सालाना खपत करीब 280 से 285 लाख टन रहने का अनुमान है.
मिल स्तर पर कीमतों में कुछ नरमी भी दिखाई देने लगी है. महाराष्ट्र में एक्स-मिल कीमतें 18 अगस्त के उच्च स्तर से घटकर 1 सितंबर तक लगभग 45-46 रुपये प्रति किलो तक आ गईं.
आम लोगों को कब मिलेगी राहत?
सरकार का नया कदम बाजार में अतिरिक्त स्टॉक की आवाजाही बढ़ाने की कोशिश है. यदि जमाखोरी पर प्रभावी रोक लगती है और सप्लाई सामान्य रहती है, तो आने वाले दिनों में खुदरा बाजार में भी कीमतों में नरमी देखने को मिल सकती है. हालांकि, त्योहारों के दौरान बढ़ती मांग कीमतों की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएगी.
यह भी पढ़ें :- Are You Taking Too Much Sugar, Think First : डाइट में हद से ज्यादा चीनी यानी डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, हार्ट अटैक को न्यौता













