25 साल बाद शिकंजे में आया अंडरवर्ल्ड डॉन, ​मलेशिया में दबोचा गया हेमंत पुजारी

Authored By: Rajeev Mandal

Published On: Monday, November 9, 2026

Last Updated On: Monday, November 9, 2026

25 साल से फरार अंडरवर्ल्ड डॉन मलेशिया में पकड़ा गया, छोटा राजन से था कनेक्शन
25 साल से फरार अंडरवर्ल्ड डॉन मलेशिया में पकड़ा गया, छोटा राजन से था कनेक्शन

25 साल से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा अंडरवर्ल्ड डॉन हेमंत पुजारी मलेशिया में पकड़ा गया है। मृत समझा जा रहा यह अपराधी फिर से फिरौती के लिए फोन करने के बाद जांच एजेंसियों के रडार पर आया था। भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के लिए ये वाकई सुखद खबर है।

Authored By: Rajeev Mandal

Last Updated On: Monday, November 9, 2026

पुजारी खुद को मरा हुआ साबित कर चुका था और पिछले कुछ महीनों से कर्नाटक और मुंबई के बिल्डरों, होटल व्यवसायियों तथा नेताओं से करोड़ों रुपये की रंगदारी मांग रहा था। उसने 17 से ज्यादा लोगों को जान से मारने की धमकी दी थी। इन कॉल्स के बाद हरकत में आई कर्नाटक पुलिस ने उसके परिजनों से पूछताछ कर उसकी सटीक लोकेशन ट्रैक की। मुंबई पुलिस के अधिकारियों ने पुजारी के मलेशियाई पुलिस की हिरासत में होने की पुष्टि की है। हालांकि, उसे स्थानीय अपराध के तहत पकड़ा गया है या रेड कॉर्नर नोटिस पर, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

छोटा राजन का पूर्व करीबी

​वर्ष 2000 में बैंकॉक में छोटा राजन पर हुए हमले के बाद पुजारी उससे अलग हो गया और अपना खुद का गैंग बना लिया। मुंबई में 24 से ज्यादा गंभीर मामलों में नामजद पुजारी 25 साल पहले खार से जमानत मिलने के बाद फर्जी पासपोर्ट पर विदेश भाग गया था।

​इथियोपिया में हत्थे चढ़ा पंजाब का गैंगस्टर

पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों की मदद से वांछित गैंगस्टर गुरविंदर उर्फ आफरीदी को 10 महीने तक चली अंतरराष्ट्रीय तलाश के बाद इथियोपिया से निर्वासित कराकर भारत लाने में सफलता हासिल की है। पुलिस अधिकारियों ने रविवार को कहा कि उसे 7-8 नवंबर की दरमियानी रात दिल्ली हवाई अड्डे पर राज्य पुलिस ने हिरासत में लिया था और उसे पंजाब लाया जा रहा है।

​पिछले कुछ वर्षों में ये अपराधी/गैंगस्टर भारत लाए गए

केंद्रीय जांच एजेंसियों (CBI, NIA) और इंटरपोल के समन्वय से पिछले 3–4 वर्षों में 160 से अधिक वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों को प्रत्यर्पण (Extradition) या निर्वासन (Deportation) के जरिए विभिन्न देशों से भारत लाया जा चुका है। हालांकि अभी भी भारत के कई कुख्यात गैंगस्टर और अपराधी विदेश में शरण लिए हुए हैं, जिनमें प्रमुख रूप से दाऊद इब्राहिम और हरविंदर सिंह रिंदा (पाकिस्तान), गोल्डी बराड़ (अमेरिका), लखबीर सिंह लांडा और अर्श डाला (कनाडा), रोहित गोदारा (यूरोप) तथा गौरव उर्फ लकी पटियाल (आर्मेनिया) शामिल हैं। भारतीय सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां इंटरपोल व स्थानीय प्रशासनों के सहयोग से इनके प्रत्यर्पण और कानूनी कार्रवाई के प्रयास लगातार कर रही हैं।

  • ​दीपक ‘बॉक्सर’: लॉरेंस बिश्नोई और गोगी गैंग का मुख्य सिंडिकेट लीडर, जिसे दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एफबीआई की मदद से मैक्सिको से पकड़ा और डिपोर्ट कराया।
  • ​सचिन थापन (बिश्नोई): सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में शामिल लॉरेंस बिश्नोई का भांजा, जिसे अजरबैजान से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया।
  • ​विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्रम बराड़: मूसेवाला मर्डर और रंगदारी मामलों में वॉन्टेड, जिसे यूएई (दुबई) से डिपोर्ट कर लाया गया।
  • ​वीरेंद्र प्रताप उर्फ काला राणा: लॉरेंस बिश्नोई व काला जठेड़ी सिंडिकेट से जुड़ा शूटर/गैंगस्टर, जिसे थाईलैंड से भारत लाया गया।
  • रमनजीत सिंह उर्फ रोमी: नाभा जेल ब्रेक और आतंकी मॉड्यूल से जुड़ा अपराधी, जिसे हांगकांग से प्रत्यर्पित किया गया।
  • ​तारिक परवीन व मुस्तकीम: दाऊद इब्राहिम व डी-कंपनी से जुड़े कई सहयोगियों को यूएई से डिपोर्ट कराकर भारत लाया गया।
About the Author: Rajeev Mandal
वरिष्ठ पत्रकार राजीव मंडल पिछले 25 वर्षों से मीडिया इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। दैनिक जागरण (लखनऊ) से बतौर कॅरियर की शुरुआत हुई। गलगोटिया टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थान से जुड़ने से पहले राजीव ने टीवी इंडस्ट्री-ईटीवी और नेपाल वन न्यूज चैनल- में भी काम किया। इसके अलावा राष्ट्रीय सहारा अखबार के साथ 19 वर्षों तक इनका साथ रहा। इस अखबार के संपादकीय पृष्ठ और साप्ताहिक परिशिष्ट 'हस्तक्षेप" अंक का बतौर प्रभारी लंबे समय तक नेतृत्व किया। राजीव ने पत्रकारिता से मास्टर डिग्री (2000-2001) काशी हिन्दू विश्वविद्यालय, वाराणसी से हासिल किया। फिलहाल राजीव गलगोटिया टाइम्स के लिए राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और समसामयिक विषयों पर कलम चलाते हैं।
Leave A Comment

अन्य खबरें

अन्य खबरें