Bigg Boss 20: पाकिस्तान में बैन हुए नीतीश राजपूत की बिग बॉस में एंट्री की चर्चा, जानिए कौन हैं ये YouTuber
Authored By: Nishant Singh
Published On: Saturday, September 5, 2026
Updated On: Saturday, September 5, 2026
Nitish Rajput: ‘बिग बॉस 20’ से पहले YouTuber नीतीश राजपूत का नाम चर्चा में है. रिपोर्ट्स में उनकी शो में एंट्री की अटकलें लगाई जा रही हैं. रिसर्च-बेस्ड वीडियो से लोकप्रिय हुए नीतीश पाकिस्तान में चैनल ब्लॉक होने और मानहानि मामले के कारण भी सुर्खियों में रहे हैं. हालांकि, उनकी बिग बॉस एंट्री की पुष्टि नहीं हुई है.
Authored By: Nishant Singh
Updated On: Saturday, September 5, 2026
Nitish Rajput: सलमान खान का रियलिटी शो “Bigg Boss 20’ शुरू होने से पहले ही सुर्खियों में है. शो में कौन-कौन से चेहरे नजर आएंगे, इसे लेकर लगातार नए नाम सामने आ रहे हैं. इन्हीं में अब मशहूर YouTuber और educator नीतीश राजपूत का नाम भी चर्चा में है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह शो का हिस्सा बन सकते हैं. हालांकि, मेकर्स या नीतीश राजपूत की ओर से उनकी एंट्री की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.
YouTube पर गंभीर मुद्दों से बनाई अलग पहचान
नीतीश राजपूत उन डिजिटल क्रिएटर्स में शामिल हैं, जिन्होंने मनोरंजन के बजाय जानकारी और विश्लेषण को अपने कंटेंट का आधार बनाया. उनके वीडियो राजनीति, इतिहास, गवर्नेंस, सामाजिक मुद्दों और करंट अफेयर्स जैसे विषयों पर होते हैं. मुश्किल विषयों को आम भाषा में समझाने का उनका अंदाज लोगों को पसंद आया और देखते ही देखते उन्होंने YouTube पर बड़ी ऑडियंस तैयार कर ली.
उनका चैनल अब 8 मिलियन से ज्यादा सब्सक्राइबर्स का आंकड़ा पार कर चुका है. उनके कई वीडियो करोड़ों बार देखे गए हैं. शिक्षा व्यवस्था, चर्चित आपराधिक मामले और देश में चर्चा में रहे बड़े घटनाक्रमों पर बनाए गए उनके वीडियो ने उन्हें डिजिटल प्लेटफॉर्म पर खास पहचान दिलाई है.
पाकिस्तान में क्यों ब्लॉक हुआ था चैनल?
नीतीश राजपूत का नाम मई 2025 में पाकिस्तान से जुड़े विवाद के कारण भी चर्चा में आया था. उन्होंने दावा किया था कि पाकिस्तान में उनके YouTube चैनल को ब्लॉक कर दिया गया है. यह कार्रवाई बलूचिस्तान से जुड़े उनके एक वीडियो के बाद होने की बात सामने आई थी. नीतीश ने उस समय YouTube से मिले नोटिस के स्क्रीनशॉट भी सोशल मीडिया पर साझा किए थे.
उनके अनुसार, पाकिस्तानी सरकार की शिकायत के बाद वीडियो को वहां उपलब्ध नहीं रखा गया. यह मामला उस समय सामने आया था जब भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण माहौल बना हुआ था.
इंजीनियरिंग की पढ़ाई, फिर छोड़ी नौकरी
YouTube पर आने से पहले नीतीश राजपूत का करियर टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में था. उत्तर प्रदेश में जन्मे नीतीश ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और इसके बाद आईटी सेक्टर में नौकरी शुरू की. कुछ वर्षों तक कॉरपोरेट दुनिया में काम करने के बाद उन्होंने 2020 में नौकरी छोड़ दी और अपना पूरा ध्यान YouTube कंटेंट पर लगा दिया.
यह फैसला उनके करियर का बड़ा मोड़ साबित हुआ. धीरे-धीरे उनके वीडियो की पहुंच बढ़ती गई और वह एक ऐसे डिजिटल क्रिएटर के रूप में पहचाने जाने लगे, जो किसी मुद्दे पर लंबी रिसर्च के बाद उसे दर्शकों के सामने रखते हैं.
2.5 करोड़ के मानहानि मामले से भी जुड़े रहे
साल 2026 में नीतीश एक और विवाद को लेकर चर्चा में आए. Eduquity Technologies ने उनके खिलाफ करीब 2.5 करोड़ रुपये का मानहानि मुकदमा दायर किया. मामला SSC परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े उनके एक वीडियो को लेकर बताया गया. कंपनी ने वीडियो में लगाए गए दावों को लेकर आपत्ति जताई, जबकि नीतीश का कहना रहा कि उनका विश्लेषण सार्वजनिक दस्तावेजों और उपलब्ध जानकारी पर आधारित था.
अब बिग बॉस के घर में दिखेगा अलग अंदाज?
अगर नीतीश राजपूत की ‘बिग बॉस 20’ में एंट्री होती है, तो यह उनके लिए YouTube से टेलीविजन की दुनिया में बड़ा बदलाव होगा. कैमरे के सामने किसी मुद्दे को समझाने और बिग बॉस के घर में रोजमर्रा के रिश्तों, टास्क और विवादों का सामना करने में जमीन-आसमान का फर्क है. यही वजह है कि दर्शकों की दिलचस्पी इस संभावित एंट्री में बढ़ गई है.
‘बिग बॉस 20’ का प्रीमियर 6 सितंबर 2026 को होने वाला है. फिलहाल नीतीश की एंट्री को लेकर आधिकारिक ऐलान का इंतजार है, लेकिन शो शुरू होने से पहले उनका नाम चर्चा में आना यह जरूर दिखाता है कि इस सीजन में डिजिटल क्रिएटर्स की मौजूदगी भी दर्शकों के लिए बड़ा आकर्षण बनने वाली है.
यह भी पढ़ें :- Toxic English Version: कमाई बढ़ाने के लिए मेकर्स का नया दांव? यश की फिल्म अब इंग्लिश में, रनटाइम भी हुआ कम
यह भी पढ़ें
news via inbox
समाचार जगत की हर खबर, सीधे आपके इनबॉक्स में - आज ही हमारे न्यूजलेटर को सब्सक्राइब करें।













