Special Coverage
दिल्ली में MCD का बड़ा एक्शन, अवैध निर्माण से जर्जर इमारतों तक कई जगह चला बुलडोजर
Authored By: Nishant Singh
Published On: Thursday, September 10, 2026
Last Updated On: Thursday, September 10, 2026
सत्य निकेतन हादसे के बाद दिल्ली में MCD ने अवैध निर्माण और जर्जर इमारतों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है. सभी 12 जोन में 34 तोड़फोड़ और 17 सीलिंग कार्रवाई हुईं. तीन महीनों में 1,053 डिमोलिशन और 491 सीलिंग की जा चुकी हैं. PG इमारतों का सर्वे भी जारी है.
Authored By: Nishant Singh
Last Updated On: Thursday, September 10, 2026
MCD Bulldozer Action: दिल्ली में जर्जर और नियमों का उल्लंघन करने वाली इमारतों को लेकर नगर निगम की कार्रवाई तेज हो गई है. सत्य निकेतन में हुए दर्दनाक हादसे के बाद MCD ने राजधानी के सभी 12 जोन में व्यापक अभियान चलाया. इस कार्रवाई का फोकस अवैध निर्माण, असुरक्षित संपत्तियों और संपत्ति के गलत इस्तेमाल पर रहा. 9 सितंबर को अभियान के दौरान 34 तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई, जबकि 17 संपत्तियों को सील किया गया.
तीन महीने में हजारों कार्रवाई
MCD की यह कार्रवाई कोई एक दिन का अभियान नहीं है, बल्कि पिछले कुछ महीनों से चल रही लगातार कार्रवाई का हिस्सा है. आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार, 1 जून से 9 सितंबर 2026 के बीच निगम ने 1,053 तोड़फोड़ की कार्रवाई की हैं. इस दौरान 491 संपत्तियों को सील किया गया, जबकि नियमों के उल्लंघन को लेकर 2,316 कारण बताओ नोटिस जारी किए गए. इसके अलावा 757 डिमोलिशन नोटिस भी जारी किए जा चुके हैं.
9 सितंबर को हुई प्रमुख कार्रवाई
| जोन | कार्रवाई |
|---|---|
| नरेला | 6 बड़े डिमोलिशन अभियान |
| दक्षिण | 5 तोड़फोड़ कार्रवाई |
| केंद्रीय | 5 तोड़फोड़ कार्रवाई |
| केशवपुरम | 3 तोड़फोड़ कार्रवाई |
| शाहदरा उत्तर | 3 तोड़फोड़ कार्रवाई |
| पश्चिम | खतरनाक संपत्ति पर डिमोलिशन |
नरेला से विकास नगर तक चला अभियान
9 सितंबर की कार्रवाई में नरेला जोन सबसे आगे रहा, जहां छह बड़े स्तर के डिमोलिशन अभियान चलाए गए. दक्षिण जोन में एक अनधिकृत इमारत को हटाया गया, जबकि केंद्रीय जोन में पांच और केशवपुरम में तीन तोड़फोड़ की कार्रवाई हुईं. शाहदरा उत्तर में भी तीन मामलों में कार्रवाई की गई. पश्चिम जोन के विकास नगर स्थित दीप एन्क्लेव पार्ट-2 में खतरनाक संपत्ति के खिलाफ भी डिमोलिशन किया गया.
सीलिंग के साथ अवैध निर्माण पर भी कार्रवाई
सीलिंग अभियान के तहत सिविल लाइंस जोन में चार संपत्तियों पर कार्रवाई की गई. इनमें वर्धमान मॉल भी शामिल है, जहां संपत्ति के दुरुपयोग को लेकर सीलिंग की कार्रवाई हुई. वहीं संत नगर ए-1 ब्लॉक एक्सटेंशन में अनधिकृत निर्माण के खिलाफ तोड़फोड़ की गई. सिटी-SP जोन में प्रेम नगर और जामा मस्जिद के काला महल इलाके में भी चार संपत्तियों पर अवैध निर्माण को लेकर कार्रवाई हुई.
PG इमारतों की सुरक्षा भी जांची
MCD ने सिर्फ अवैध निर्माण तक अभियान सीमित नहीं रखा है, बल्कि PG इमारतों की सुरक्षा की भी जांच की जा रही है. अब तक 1,252 PG इमारतों का सर्वे किया जा चुका है. इनमें 39 जगहों पर मामूली मरम्मत और 9 इमारतों में बड़ी मरम्मत की जरूरत सामने आई. सर्वे के दौरान तीन इमारतों को खतरनाक घोषित किया गया, जिनमें से एक को पहले ही ध्वस्त किया जा चुका है.
सुरक्षित इमारतों पर MCD का फोकस
लगातार हो रही कार्रवाई से साफ है कि MCD राजधानी में अनधिकृत निर्माण और जोखिम वाली संपत्तियों को लेकर सख्ती बढ़ा रही है. तोड़फोड़, सीलिंग, नोटिस और इमारतों के सर्वे के जरिए निगम उन संपत्तियों की पहचान कर रहा है, जहां नियमों का उल्लंघन या सुरक्षा संबंधी खतरा सामने आ रहा है. खासकर PG और पुरानी इमारतों की जांच आने वाले समय में भी इस अभियान का अहम हिस्सा रह सकती है.
यह भी पढ़ें :- दिल्ली PG हादसा: 7 मौतों के बाद हाईकोर्ट सख्त, अब मालिक के साथ MCD और DU की भी जवाबदेही तय होगी













