Chhath Puja 2026: छठ पर्व का महत्व क्या है? जानें सूर्य की उपासना का यह त्योहार क्यों है खास

Authored By: Rajeev Mandal

Published On: Thursday, November 12, 2026

Last Updated On: Thursday, November 12, 2026

छठ पूजा के दौरान नदी में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देतीं व्रती महिलाएं
छठ पूजा के दौरान नदी में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देतीं व्रती महिलाएं

छठ पर्व, जो बिना पंडित के भी हो जाता है, और बिहार से निकलकर अब दिल्ली तक पहुंच गया है। कह सकते हैं कि ये राष्ट्रीय महत्व का पर्व हो गया है। बिहार में कहते हैं, छठ ऐसा त्योहार है जिसमें भगवान भी सीधे आते हैं, बीच में कोई नहीं। क्या है भगवान भास्कर की पूजा-अर्चना की महत्ता और क्यों ये बाकी धार्मिक आयोजनों से भिन्न है, जानते हैं इस खास रिपोर्ट में…

Authored By: Rajeev Mandal

Last Updated On: Thursday, November 12, 2026

इस पर्व की सबसे खास बात है, इसकी सादगी और पवित्रता। इसमें न पंडित चाहिए, ना मंदिर, ना बड़ा खर्चा। चाहिए तो बस एक सूप, थोड़े फल, गन्ना, ठेकुआ और डूबते-उगते सूरज को देखने के लिए साफ मन। ऊंच-नीच का फर्क भी यह पर्व मिटा देता है। पर्व जो मजदूर का भी है, मालिक का भी है।

छठ की सबसे बड़ी बात यही है – इसमें श्रम का सम्मान है।

आप पटना के घाट पर चले जाइए। सुबह से लोग बांस का सूप धो रहे हैं, गेहूं सुखा रहे हैं, ठेकुआ बना रहे हैं। अमीर की बीवी भी अपने हाथ से गेहूं पछोरेगी, मजदूर की औरत भी वही करेगी। इस पर्व में कोई छोटा-बड़ा नहीं।

पुजारियों की जरूरत नहीं

यही वजह है कि इसमें पुजारियों की जरूरत ही नहीं पड़ती। व्रती खुद ही पुजारी है। घर की औरत ही सब करती है। नहाय-खाय से लेकर उषा अर्घ्य तक। पंडित को बुलाना हो तो बुला लो, नहीं तो सूरज तो वैसे भी सुन लेता है।

बिहार के बाहर जो लोग रहते हैं, वो जानते हैं। दिल्ली के यमुना घाट पर, मुंबई के जुहू पर, सूरत की सड़कों पर – जहां बिहारी गया, छठ उनके साथ-साथ गया। अब तो ऐसा है कि दिल्ली में छठ पूजा की भीड़ दुर्गा पूजा से ज्यादा हो जाती है।

फिल्मी गीतों ने इसे घर-घर पहुंचाया

एक जमाना था जब छठ सिर्फ गांव का पर्व था। फिर फिल्मों में गाने आए। "कांच ही बांस के बहंगिया" – ये गाना जिसने भी सुना, वो समझ गया छठ क्या है। शारदा सिन्हा की आवाज। उसके बाद मनोज तिवारी, पवन सिंह, सबने छठ के गाने गाए। अब तो हालत ये है कि दिल्ली के ऑटो में भी छठ का गाना बजता है। यूट्यूब पर करोड़ों व्यूज हैं। जो कभी बिहार नहीं गया, वो भी गुनगुना लेता है – "उग हो सूरज देव…"

बिहार से बाहर क्यों फैला?

सीधी बात है, जहां-जहां बिहार के लोग बसे, छठ की पूजा वहां धूमधाम से होने लगी। पहले लोगों में थोड़ी झिझक होती थी, वो शर्माते थे, ये बताने से कि, हमारे यहां छठ होता है। कहा भी जाता था कि ये तो गांव का त्योहार है। मगर अब हालात बिलकुल उलट हैं। अब लोग गर्व से कहते हैं, हम छठ पूजा करते हैं।

सरकारें भी करने लगी सहयोग

बिहार के बाहर एक बड़ी आबादी दिल्ली में रहती है। कमोबेश यही स्थिति मुंबई, गुजरात, उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों और यहां तक कि दक्षिण के कई शहरों में छठ कि पूजा होने लगी है। लोगों की श्रद्धा को देखते हुए सरकार को सहयोग के लिए सक्रिय होना पड़ा। अब सरकार के सहयोग से घाट बनाये जाते हैं, तालाब, नदी और पोखरों की सफाई करानी पड़ती है। यहां तक की यूपी में भी अवकाश दिया जाने लगा है। मुंबई में लोग समंदर किनारे खड़े होकर अर्घ्य देते हैं।

दिखावे से दूर है पर्व

चूंकि इस पर्व में दिखावा नहीं है। इसमें सिर्फ मन्नत है। बेटे के लिए, पति के लिए, परिवार के लिए। 36 घंटे बिना पानी के यानी निर्जला व्रत। ये तपस्या ही इसकी ताकत है। सूरज डूबेगा, फिर उगेगा। और उसी के साथ हर साल एक नई उम्मीद उगेगी – कि इस बार छठी मैया सब ठीक कर देंगी।

About the Author: Rajeev Mandal
वरिष्ठ पत्रकार राजीव मंडल पिछले 25 वर्षों से मीडिया इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। दैनिक जागरण (लखनऊ) से बतौर कॅरियर की शुरुआत हुई। गलगोटिया टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थान से जुड़ने से पहले राजीव ने टीवी इंडस्ट्री-ईटीवी और नेपाल वन न्यूज चैनल- में भी काम किया। इसके अलावा राष्ट्रीय सहारा अखबार के साथ 19 वर्षों तक इनका साथ रहा। इस अखबार के संपादकीय पृष्ठ और साप्ताहिक परिशिष्ट 'हस्तक्षेप" अंक का बतौर प्रभारी लंबे समय तक नेतृत्व किया। राजीव ने पत्रकारिता से मास्टर डिग्री (2000-2001) काशी हिन्दू विश्वविद्यालय, वाराणसी से हासिल किया। फिलहाल राजीव गलगोटिया टाइम्स के लिए राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और समसामयिक विषयों पर कलम चलाते हैं।
Leave A Comment

अन्य लाइफस्टाइल खबरें