Sports News
पंत-गिल एक-एक स्थान नीचे खिसके, अफगानिस्तान के रहमत शाह ने रचा इतिहास
Authored By: Rajeev Mandal
Published On: Thursday, November 12, 2026
Last Updated On: Thursday, November 12, 2026
भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल और विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत को आईसीसी की बुधवार को घोषित ताजा टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में 1-1 स्थान का झटका लगा है। हालांकि इसके बावजूद दोनों बल्लेबाज टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष-10 बल्लेबाजों में बने हुए हैं।
Authored By: Rajeev Mandal
Last Updated On: Thursday, November 12, 2026
ऋषभ पंत (713 रेटिंग अंक) अब 8वें और शुभमन गिल (697 रेटिंग अंक) 10वें स्थान पर आ गए हैं। इन दोनों के बाद रैंकिंग में भारत की तरफ से यशस्वी जायसवाल 13वें स्थान पर हैं। ताजा टेस्ट रैंकिंग में पहले 6 स्थानों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। इंग्लैंड के हैरी ब्रूक नंबर-1 और जो रूट नंबर-2 पर बने हुए हैं। उनके बाद अगले चार स्थानों पर ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड, दक्षिण अफ्रीका के तेम्बा बावुमा, ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ और न्यूजीलैंड के रचिन रवींद्र मौजूद हैं।
अफगानिस्तान के रहमत शाह ने रचा इतिहास
टेस्ट रैंकिंग में अफगानिस्तान के कप्तान रहमत शाह ने इतिहास रच दिया है। शाह शीर्ष-10 बल्लेबाजों में आने वाले पहले अफगान क्रिकेटर बन गए हैं। रहमत शाह ने सीधे छह स्थान की छलांग रैंकिंग में लगाई है, जिससे वह 13वें से 7वें स्थान पर पहुंच गए हैं। उनके ऊपर आने से ही पंत और गिल को नीचे खिसकना पड़ा है, जबकि श्रीलंका के कामिंदु मेंडिस एक स्थान नीचे गिरकर शीर्ष-10 से बाहर हो गए हैं। शाह ने जिंबाब्वे के खिलाफ शारजाह में पहले टेस्ट मैच में 173 रन की बेहतरीन पारी खेली थी। इस साल में 33 वर्षीय शाह का यह दूसरा और कुल 5वां टेस्ट शतक था। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के एडेन मार्क्रेम को भी पछाड़ा है, जो अब 9वें नंबर पर आ गए हैं। शाह की कप्तानी में ही पिछले सप्ताह अफगानिस्तान ने वनडे टीम रैंकिंग में अपनी सर्वकालिक शीर्ष पायदान छठे नंबर पर हासिल की थी।
गेंदबाजों में बुमराह 5वें नंबर पर
टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में भारत के जसप्रीत बुमराह 5वें नंबर पर बरकरार हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क ने नंबर-1 पायदान पर कब्जा जारी रखा है। गेंदबाजी रैंकिंग में कोई बदलाव नहीं हुआ है। स्टार्क और बुमराह के बीच में दक्षिण अफ्रीका के मार्को यानसेन दूसरे, न्यूजीलैंड के मैट हेनरी तीसरे और इंग्लैंड के ऑली रॉबिन्सन चौथे नंबर पर टिके हुए हैं। टेस्ट ऑलराउंडरों की सूची में भारत के रवींद्र जडेजा ने मार्को यानसेन के पीछे दूसरा नंबर बरकरार रखा है। वॉशिंगटन सुंदर भी शीर्ष-10 में 7वें नंबर पर हैं।
कैसे तय होती है टीम रैंकिंग?
टीम की रेटिंग निकालने के लिए कुल अर्जित अंकों को खेले गए कुल मैचों की संख्या से भाग (Divide) दिया जाता है। इसमें निम्नलिखित मुख्य नियम काम करते हैं:
40-पॉइंट का नियम (विपक्षी टीम की ताकत): किसी मैच को जीतने पर कितने अंक मिलेंगे, यह विपक्षी टीम की पहले से मौजूद रेटिंग पर निर्भर करता है। यदि दो टीमों की रेटिंग में 40 से कम अंकों का अंतर है, तो जीतने वाली टीम को विपक्षी टीम की रेटिंग से 50 अंक अधिक मिलते हैं। यदि अंतर 40 या उससे अधिक है, तो मजबूत टीम को हराने पर कमजोर टीम को अधिक बोनस अंक मिलते हैं।
टेस्ट रैंकिंग का हिसाब
ICC की टेस्ट रैंकिंग कैसे की जाती है, ये अधिकांश लोगों को नहीं पता है। दरअसल, रैंकिंग की गणना देखकर देखकर कई लोग कन्फ्यूज हो जाते हैं क्योंकि जीती हुई टीम भी नीचे चली जाती है जबकि हारी हुई टीम ऊपर। इसकी वजह है पॉइंट सिस्टम।
हर सीरीज के अलग पॉइंट होते हैं
टेस्ट में हर मैच के लिए पॉइंट नहीं मिलते बल्कि हर सीरीज के लिए मिलते हैं। सीरीज में कुल 120 पॉइंट होते हैं, चाहे सीरीज 2 मैच की हो या 5 मैच की। अगर 2 मैच की सीरीज है, तो एक मैच जीतने पर 60 पॉइंट
- 3 मैच की है, तो एक मैच पर 40 पॉइंट
- 4 मैच की है, तो 30 पॉइंट
- 5 मैच की है, तो 24 पॉइंट
ड्रॉ हुआ तो आधे पॉइंट। जैसे 5 मैच की सीरीज में ड्रॉ पर 8-8 पॉइंट। इसलिए छोटी सीरीज जीतना ज्यादा फायदेमंद होता है।
दूसरी बात: हर टीम की एक रेटिंग होती है। जैसे 124, 110, 105। यही रैंक तय करती है। रेटिंग बनती है-कुल पॉइंट भाग कुल मैच, लेकिन एक पेच है। ICC सिर्फ पिछले 3-4 साल के मैच गिनता है। पुराने मैच का वेटेज कम हो जाता है।
रैंकिंग हर साल मई में अपडेट होती है। पुराना रिकॉर्ड हटता है, नया जुड़ता है। इसलिए कई बार बिना खेले भी रैंक ऊपर-नीचे हो जाती है।
तीसरी बात: अगर आप नंबर 1 टीम को हराते हो, तो ज्यादा पॉइंट मिलते हैं। अगर नंबर 8 को हराते हो, तो कम। उसी तरह घर पर जीतने से कम, बाहर जीतने से ज्यादा इज्जत मतलब पॉइंट मिलता है। यही वजह है कि भारत घर में जीतकर भी कई बार रेटिंग में ज्यादा ऊपर नहीं जाता, और ऑस्ट्रेलिया बाहर जीतकर आगे निकल जाता है।
इसलिए टेस्ट रैंकिंग में नंबर 1 रहना सबसे मुश्किल है। यहां हर सीरीज एक एग्जाम है, और हर 3 साल में कोर्स बदल जाता है।













