States News
छठ के साथ ही बिहार में पक रही सियासी खिचड़ी, रोहिणी की सक्रियता ने बढ़ाया सस्पेंस
Authored By: Rajeev Mandal
Published On: Friday, November 13, 2026
Last Updated On: Friday, November 13, 2026
छठ का समय है। हर घर में खरना की तैयारी चल रही है, लेकिन पटना में इस बार छठ के साथ-साथ एक और चीज पक रही है, वो है सियासत। पटना के हर चौक-चौराहों पर बस एक ही सवाल पूछा जा रहा है कि क्या निशांत कुमार सच में सीएम बनने वाले हैं? डिप्टी नहीं, सीधे सीएम। ऐसी चर्चा सियासी गलियारों में अचानक क्यों तेज हो चली है, और इसके पीछे कौन सबसे ज्यादा एक्टिव है…
Authored By: Rajeev Mandal
Last Updated On: Friday, November 13, 2026
Image Title: छठ पर रोहिणी आचार्य का सियासी बयान
दरअसल, निशांत कुमार के सीएम बनने की चर्चा को सबसे ज्यादा हवा रोहिणी आचार्य ने दिया है। रोेहिणी अभी सिंगापुर से लौटी हैं और आते ही उन्होंने ऐसा बयान दिया कि पूरा बिहार चौंक उठा। खरना के दिन नीतीश कुमार के यहां जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि, नीतीश कुमार मेरे चाचा हैं। खरना का प्रसाद खाने क्यों नहीं जाऊंगी, जरूर जाऊंगी। सरसरी तौर पर देखने में ये एक पारिवारिक बात लगती है, लेकिन बिहार की राजनीति में कोई बात सिर्फ पारिवारिक नहीं होती। रोहिणी का असली मैसेज कुछ और है। वो कह रही हैं कि भाजपा को अगर हटाना है तो सारे विपक्ष को एक साथ आना होगा। अलग-अलग लड़कर कोई नहीं जीत पाएगा।हालांकि ऊपर से ये बयान है, मगर अंदर से खेल कुछ और चल रहा है।
कई दिनों से सक्रिय है रोहिणी की टीम
बताया जा रहा है कि रोहिणी की टीम पिछले कई दिनों से एनडीए के नेताओं से बात कर रही है। जदयू के नेताओं को कहा जा रहा है, देखिए भाजपा ने क्या किया। शिक्षक परेशान हैं, वेतन नहीं मिल रहा, अपराध बढ़ गया है। आप लोग साथ रहकर भी साइड में कर दिए गए हैं।
विधायक आईपी गुप्ता भी पीछे नहीं
इस काम में आईपी गुप्ता भी लगे हैं। वो खुलकर बोल रहे हैं कि निशांत को सीएम सिर्फ लालू यादव ही बना सकते हैं। जदयू के अंदर भी बहुत से नेता यही चाहते हैं कि अब निशांत ही नंबर वन की कुर्सी पर बैठें। तेजस्वी यादव भी समझ रहे हैं कि अभी उनके पास संख्या बल नहीं है। वो भी चाहते हैं कि फिलहाल निशांत आगे रहें। 2029 लोकसभा और 2030 विधानसभा को देखते हुए ये समझौता सबको ठीक लग रहा है। बहरहाल, ये सारी बातें राजद प्रमुख लालू यादव तक भी पहुंच गई है। लालू भी अचानक एक्टिव हो गए हैं। वो आरके सिन्हा के घर गए। वहां सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर के साथ उनकी तस्वीर भी आई। इसपर हल्ला भी मचा। जनसुराज के प्रवक्ता को कहना पड़ा कि पब्लिक कार्यक्रम में दो नेता मिल जाएं तो क्या मारपीट होगी।
नित्यानंद राय पर पेच
विपक्ष की इन सब कसरतों के बीच एक नाम नित्यानंद राय का है। दरअसल, बीजेपी में उनके नाम को लेकर चर्चा तेज है। जबकि नीतीश कुमार को नित्यानंद कभी जंचे नहीं। और यहीं से जदयू में दूसरा रास्ता तलाशा जा रहा है। महागठबंधन के कुछ विधायक हिसाब लगा रहे हैं कि अगर भाजपा को अलग कर दिया जाए और नीतीश के साथ मिलकर सरकार बना ली जाए तो क्या होगा? निशांत को नेता मान लेने में क्या दिक्कत है। इससे जदयू भी बच जाएगी, निशांत का भविष्य भी बन जाएगा और लोकसभा से पहले भाजपा को बड़ा झटका भी लग जाएगा। रोहिणी के तेवर देखकर लगता है कि वो इस बार सिर्फ छठ मनाने नहीं आई हैं बल्कि बिहार में राजद के लिए मौके बनाने और उसे भुनाने के लिए भी आई हैं। कानून-व्यवस्था पर सीधा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा है, बिहार में हर दिन अपराध हो रहा है, पुलिस वाले तक मारे जा रहे हैं, विधायकों के लोग जमीन हड़प रहे हैं। रोहिणी ने सवाल किया कि, जो लोग लालू जी को गाली देते थे, आज वो खुद क्या कर रहे हैं। भाजपा खुद सब कुछ करती है और नाम दूसरों का लगाती है। रोहिणी ने साफ कहा कि, भाजपा को हटाना है तो सबको एक साथ लड़ना होगा।
सारे विपक्षी दलों टटोल रही हैं रोहिणी
हालांकि रोहिणी का ये ऑफर सिर्फ जदयू के लिए नहीं है। उपेंद्र कुशवाहा, जीतन राम मांझी, चिराग पासवान सब तक बात जाएगी। सबको कहा जा रहा है कि बिहार के लिए एक हो जाइए। आईपी गुप्ता तो कह ही रहे हैं कि इस बार छठ के बाद खेला होकर रहेगा। भाजपा को बाहर करके रहेंगे। अब सबकी नजर खरना वाले दिन पर है। जब रोहिणी प्रसाद खाने के बहाने नीतीश से मिलने जाएंगी, तो वहां क्या बात होगी। वही बात बिहार की आगे की राजनीति तय करेगी।













