Delhi Air Pollution: दिवाली के बाद गैस चैंबर बनी दिल्ली, AQI 483 पहुंचा; सांस लेना हुआ मुश्किल

Authored By: Rajeev Mandal

Published On: Monday, November 9, 2026

Updated On: Monday, November 9, 2026

Delhi air pollution and thick smog after Diwali 2026

रौशनी और उल्लास के पर्व दिवाली के दिन पटाखों के कारण दिल्ली और उसके पास के शहर गैस के चेम्बर में तब्दील हो गए। कई जगहों में हवा की गुणवत्ता बेहद खतरनाक स्तर तक पहुंच गयी। यही हाल कमोबेश देश के दूसरे शहरों का रहा। चूंकि दिल्ली पहले से ही जहर में डूबी थी। AQI 380 से ऊपर था, यानी "बहुत खराब" से "गंभीर" के बीच। हवा में जरा भी हिलने-डुलने की ताकत नहीं थी, धुआं ऊपर जाने के बजाय शहर के सीने पर बैठा था। ऐसे में पटाखे जलाना? यह जश्न नहीं, सामूहिक आत्महत्या का न्योता है। जनता की नासमझी ने निश्चित तौर पर सांसों का संकट खड़ा कर दिया है।

Authored By: Rajeev Mandal

Updated On: Monday, November 9, 2026

सुप्रीम कोर्ट ने "ग्रीन पटाखे" की इजाज़त दी – और जनता ने उसकी भी धज्जियां उड़ा दीं। बुराड़ी, पीतमपुरा, मायुर विहार से लेकर लुटियंस दिल्ली तक, रात 10 बजे की डेडलाइन के बाद भी पटाखे फूटते रहे। अगली सुबह ITO का AQI 406, सोनिया विहार 463 – यानी "गंभीर" श्रेणी। कुछ इलाकों में PM2.5 WHO की सीमा से 66 गुना तक पहुंच गया। यह कोई मामूली बात नहीं, यह सीधा जनता की सेहत पर हमला है।

सबसे बड़ी बात – यह "इमरजेंसी" पहले से थी। हवा पहले ही जहरीली थी, फिर भी लोगों ने नियम-कानून को पैरों तले रौंद दिया। जब सांस लेना ही खतरे में हो, तब परंपरा के नाम पर और धुआं छोड़ना – यह सोच की नहीं, बचने की इच्छा की हार है। राजनीतिक और सामाजिक संदेश यही जाता है कि त्योहार हमारे लिए सांस से बड़ा है। यही सोच लोगों को नियम तोड़ने की हिम्मत देती है।

सिस्टम का फेलियर है

सिर्फ़ पटाखे दोषी नहीं – पूरा सिस्टम फेल है। पराली जलाना, गाड़ियों का धुआं, कारखाने – यह सब पहले से जहर फैला रहे हैं। पटाखे उस जहर में जहर मिलाते हैं। सुप्रीम कोर्ट को सेलिब्रिटीज से जागरूकता फैलाने की गुहार करनी पड़ी – जैसे आंखों की जलन और सांस की घुटन काफी सबूत न हों।

पर्यावरण की चिंता दरअसल किसी को भी नहीं है। साफ हवा की चिंता कोई और करे, बच्चों, बुजुर्गों, बीमारों और पशु-पक्षियों की तकलीफ कोई और समझे। हमें तो बस अपनी खुशी मनानी है! जिस देश में सांस की बीमारी सबसे बड़ी समस्या है, वहां हवा को त्योहार का कचरा समझना – यह सिर्फ लापरवाही नहीं, धीमी मौत है। जब तक कानून का पालन और खुद को बचाने की समझ, दोनों नहीं आएंगे, दिल्ली यूं ही घुटती रहेगी – और रोशनी का त्योहार भी धुएं के अंधेरे में मनाया जाता रहेगा।

पिछले वर्ष से ख़राब रही इस बार हालत

दिल्ली-एनसीआर में पिछले वर्ष (2025) दिवाली के दिन औसत AQI 345 (‘बहुत खराब’ श्रेणी) था, जबकि इस बार (2026) दिवाली के दिन यह बढ़कर 376 के औसत पर पहुंच गया और रात में कई इलाकों में 400 पार होकर ‘गंभीर’ (severe) श्रेणी में दर्ज किया गया।

जनता अपना ही कर रही है नुकसान

एक कहावत है कि एक मूर्ख उस डाल को काट रहा था, जिस पर वह खुद बैठा था। लेकिन हम तो उससे भी ज्यादा बुद्धिमान निकले। हम डाल ही नहीं काट रहे, बल्कि पूरे पेड़ की जड़ों में आग लगा रहे हैं और अपनी इस उपलब्धि पर उत्सव भी मना रहे हैं।

About the Author: Rajeev Mandal
वरिष्ठ पत्रकार राजीव मंडल पिछले 25 वर्षों से मीडिया इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। दैनिक जागरण (लखनऊ) से बतौर कॅरियर की शुरुआत हुई। गलगोटिया टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थान से जुड़ने से पहले राजीव ने टीवी इंडस्ट्री-ईटीवी और नेपाल वन न्यूज चैनल- में भी काम किया। इसके अलावा राष्ट्रीय सहारा अखबार के साथ 19 वर्षों तक इनका साथ रहा। इस अखबार के संपादकीय पृष्ठ और साप्ताहिक परिशिष्ट 'हस्तक्षेप" अंक का बतौर प्रभारी लंबे समय तक नेतृत्व किया। राजीव ने पत्रकारिता से मास्टर डिग्री (2000-2001) काशी हिन्दू विश्वविद्यालय, वाराणसी से हासिल किया। फिलहाल राजीव गलगोटिया टाइम्स के लिए राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और समसामयिक विषयों पर कलम चलाते हैं।
Leave A Comment

यह भी पढ़ें

Email marketing icon with envelope and graph symbolizing growth

news via inbox

समाचार जगत की हर खबर, सीधे आपके इनबॉक्स में - आज ही हमारे न्यूजलेटर को सब्सक्राइब करें।

खास आकर्षण