Entertainment News
Laapta Ladies wins 10 IIFA Awards : आईफा अवॉर्ड्स में किरण राव की फिल्म ‘लापता लेडीज’ ने मचाई धूम, जीते 10 अवॉर्ड
Authored By: अंशु सिंह
Published On: Monday, March 10, 2025
Last Updated On: Monday, March 10, 2025
Laapta Ladies wins 10 IIFA Awards : निर्देशक किरण राव (Kiran Rao) की फिल्म ‘लापता लेडीज’ (Laapta Ladies) बेशक ऑस्कर अवॉर्ड जीतने से चूक गई. लेकिन 'आईफा अवॉर्ड्स 2025' में इस फिल्म की धूम रही. इसने न सिर्फ सर्वश्रेष्ठ फिल्म, बल्कि किरण राव को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का भी अवॉर्ड मिला. फिल्म ने कुल 10 अवॉर्ड जीत कर धमाल मचा दिया. नवोदित अभिनेत्री नितांशी गोयल को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का अवॉर्ड मिला.
Authored By: अंशु सिंह
Last Updated On: Monday, March 10, 2025
Laapta Ladies wins 10 IIFA Awards: साल 2024 के मार्च महीने में जब ‘लापता लेडीज’ सिनेमाघरों में रिलीज हुई, तो किसी को विश्वास नहीं था कि ये जनता के साथ आलोचकों को भी प्रभावित करेगी. नए कलाकारों के साथ बनी इस फिल्म में कोई बड़ा या नामी-गिरामी चेहरा नहीं था. बावजूद इसके, ‘लापता लेडीज’ को दर्शकों ने खूब प्यार दिया. किरण राव के निर्देशन में बनी इस फिल्म में समाज में महिलाओं की स्थिति, उनकी शिक्षा, कम उम्र में विवाह जैसे गंभीर मुद्दों को बड़े ही सहज अंदाज में सबके सामने रखा गया. हल्के-फुल्के एवं कॉमेडी के तड़के के साथ नवोदित कलाकारों के अभिनय ने भी फिल्म को एक कलेवर दिया. यही वजह रही कि 2024 की यह सबसे चर्चित फिल्म भी रही. फिल्म ‘लापता लेडीज’ के निर्माण के प्रभारी खुद आमि खान थे.
फिल्म ने किया था कुल 26.26 करोड़ रुपये का कारोबार
रिपोर्ट के अनुसार, साल 2024 की स्लीपर हिट्स में ‘एनिमल’ एवं ‘आट्टम’ जैसी फिल्में शामिल थीं. लेकिन उनमें से ‘लापता लेडीज’ ने बाजी मारी. इस फिल्म की पहली स्क्रीनिंग पिछले वर्ष टोरंटो फिल्म फेस्टिवल में हुई थी, जिसमें उसे काफी सराहा गया था. दिलचस्प ये भी है कि महज 5 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म को लिमिटेड स्क्रीन्स पर रिलीज किया गया था. बावजूद इसके, ये दर्शकों का ध्यान खींचने में सफल रही. विश्व भर में इसने करीब 26.26 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन किया.
ऑस्कर में भेजी गई थी ‘लापता लेडीज’
‘लापता लेडीज’ में नवोदित कलाकारों नितांशी गोयल, प्रतिभा रांटा, स्पर्श श्रीवास्तव के अलावा छाया कदम एवं रवि किशन की अदाकारी की भी खूब तारीफ हुई थी. आमिर खान के प्रोडक्शन में बनी इस फिल्म की निर्माता एवं निर्देशक किरण राव इससे पहले ‘धोबी घाट’ फिल्म लेकर आईं थीं. लेकिन वह दर्शकों का प्यार पाने में असफल रही. वैसे, ‘लापता लेडीज’ आमिर खान के प्रोडक्शन में बनी चौथी फिल्म है, जिसे भारत की तरफ से ऑस्कर में आधिकारिक एंट्री मिली. इससे पहले 2001 में रिलीज हुई ‘लगान’, ‘तारें जमीं पर’, ‘पीपली लाइव’ भी ऑस्कर के लिए भेजी गई थीं. इनमें से ‘लगान’ ऑस्कर के लिए शॉर्टलिस्ट होने में कामयाब हुई थी. बाकी दो फिल्मों को वह सफलता नहीं मिल सकी. लापता लेडीज भी अवॉर्ड पाने में असफल रही.
बॉक्स 1
आईफा में लापता लेडीज को मिले सम्मान
- सर्वश्रेष्ठ फिल्म – द मिसिंग लेडीज
- सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री – नितांशी गोयल (लापता लेडीज)
- सर्वश्रेष्ठ निर्देशक – किरण राव (लापता लेडीज)
- सर्वोत्कृष्ट पदार्पण अभिनेत्री – प्रतिभा रांटा (लापता लेडीज)
- सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता – रवि किशन (लापता लेडीज)
- सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशक – संपत राय (लापता लेडीज)
- सर्वोत्कृष्ट गीत – प्रशांत पांडे- सजनी रे (लापता लेडीज)
- सर्वोत्कृष्ट एडिटिंग- जबीन मर्चेंट (लापता लेडीज)
- सर्वोत्कृष्ट पटकथा- स्नेहा देसाई (लापता लेडीज)
- सर्वश्रेष्ठ मौलिक कहानी – बिप्लब गोस्वामी (लापता लेडीज)
(हिन्दुस्थान समाचार के इनपुट्स के साथ)













