Entertainment News
Salman’s Eid Gift : सिकंदर के जरिये सलमान दर्शकों को फिर देने जा रहे ईद का तोहफा
Authored By: अंशु सिंह
Published On: Wednesday, February 19, 2025
Last Updated On: Wednesday, February 19, 2025
Salman’s Eid Gift : सलमान खान की फिल्मों का ईद से गहरा नाता रहा है. एक बार फिर सलमान खान की बहुप्रतिक्षित फिल्म ‘सिकंदर’ (Sikander) ईद पर दर्शकों का मनोरंजन करने को तैयार होगी. फिल्म के निर्माता साजिद नाडियावाला के जन्मदिन के मौके पर खुद सलमान खान ने फिल्म का पोस्टर ‘एक्स’ पर जारी किया. ए आर मुरुगादॉस (A. R. Murugadoss) के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सलमान एक बेहद इंटेंस एवं निर्भीक अवतार में नजर आ रहे हैं. ऐसा लगा रहा है मानो उनकी गहरी आंखें बहुत कुछ कहना चाह रही हैं.
Authored By: अंशु सिंह
Last Updated On: Wednesday, February 19, 2025
सलमान की ‘सिकंदर’ एक एक्शन ड्रामा है, इसमें शक नहीं. पोस्टर में उनका जो अंदाज दिखाई दे रहा है, वह भी इसी ओर इशारा कर रहा है. लेकिन निर्माताओं ने फिलहाल इसकी कहानी को लेकर सस्पेंस बना रखा है. आखिरी बार साल 2023 में फिल्म ‘टाइगर 3’ में दिखे सलमान की वापसी का उनके फैंस कितना बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, ये पोस्टर पर मिल रही प्रतिक्रियाओं से जाहिर हो रहा है. वैसे, बीते दिनों फिल्म ‘सिंघम 3’ एवं ‘बेबी जॉन’ में सलमान कैमियो के रोल में नजर आए थे. ‘सिकंदर’ की एक और खास बात यह है कि इसके जरिये सलमान और साजिद नाडियावाला की जोड़ी भी वापसी कर रही है. इन दोनों की आखिरी फिल्म ‘किक’ थी, जो साल 2014 में रिलीज हुई थी. साजिद ने इस फिल्म से निर्देशन में कदम रखा था.
त्योहार पर रिलीज करने का मिलेगा फायदा ?
बहरहाल, इस फिल्म के फर्स्ट लुक, टीजर, पोस्टर को देखते हुए सलमान से अपेक्षाएं काफी बढ़ी हुई हैं. भाईजान की फिल्में जहां 500 करोड़ रुपये या उससे अधिक की कमाई करती रही हैं. उसे देखते हुए उनकी पिछली कुछ फिल्में उम्मीद पर खरी नहीं उतर सकी थीं. ‘टाइगर 3’ ने जहां देश में 260 करोड़ रुपये की कमाई की थी, वहीं ‘किसी का भाई किसी की जान’ महज 101.50 करोड़ रुपये की कमाई कर सकी थी. दूसरी ओर, ‘अंतिम- द फाइनल ट्रूथ’ एवं ‘दबंग 3’ तो बुरी तरह फ्लॉप रही थीं. ऐसे में सलमान और निर्माताओं को भरोसा है कि ईद के मौके पर रिलीज होने से ‘सिकंदर’ को दर्शकों का भरपूर प्यार मिलेगा. क्योंकि पहले भी सलमान की कई फिल्में इस त्योहार पर रिलीज हो चुकी हैं और उसने बॉक्स ऑफिस पर कमाई व सफलता के तमाम रिकॉर्ड भी तोड़े हैं. जैसे साल 2010 में ‘दबंग’, 2011 में ‘बॉडीगार्ड’, 2012 में ‘एक था टाइगर’, 2014 में ‘किक’, 2015 में ‘बजरंगी भाईजान’ और 2016 में ‘सुल्तान’ ने ईद को यादगार बना दिया था. बॉक्स ऑफिस पर सलमान का जादू साफ दिखाई दिया था.
सलमान को इंतजार है अगली ब्लॉकबस्टर का
सलमान खान की अंतिम ब्लॉकबस्टर मूवी थी- ‘टाइगर जिंदा है’. 2017 में रिलीज हुई इस फिल्म के बाद से सलमान को अगली ब्लॉकबस्टर का इंतजार है. ऐसा नहीं है कि सलमान के पास फिल्मों की कमी है. उनकी आने वाली फिल्मों में ‘द बुल’, ‘दबंग 4’, ‘प्रेम की शादी’, ‘किक 2’ और ‘टाइगर वर्सेज पठान’ शामिल है. खबर ये भी है कि वे एक हॉलीवुड फिल्म में कैमियो का रोल कर रहे हैं. इंटरनेट पर सऊदी अरब में हो रही इस फिल्म की शूटिंग का एक वीडियो लीक हुआ है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सलमान के अलावा इसमें संजय दत्त हैं. गौर करने वाली बात ये भी है कि कट्रीना के बाद से सलमान की किसी और हीरोइन के साथ धमाकेदार जोड़ी सिल्वर स्क्रीन पर नहीं बन सकी है. अब वे दक्षिण भारतीय फिल्मों की हीरोइंस के साथ प्रयोग कर रहे हैं. पूजा हेगड़े के बाद भाईजान अपनी नई फिल्म में रश्मिका मंदाना के साथ दिखाई देंगे. उनके अलावा फिल्म में काजल अग्रवाल भी होंगी.













