Lifestyle News
Kartik Month 2024 : श्रीकृष्ण को अति प्रिय है कार्तिक माह, जानें इस दामोदर माह की महत्ता
Kartik Month 2024 : श्रीकृष्ण को अति प्रिय है कार्तिक माह, जानें इस दामोदर माह की महत्ता
Authored By: स्मिता
Published On: Tuesday, October 15, 2024
Last Updated On: Tuesday, October 15, 2024
कार्तिक माह को मंगलकारी महीना माना जाता है। इसे राधा-मोहन का भी प्रिय महीना माना जाता है। 17 अक्टूबर से इस महीने की शुरुआत हो रही है, जो 15 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के दिन समाप्त हों जाएगा। जानें कार्तिक महीने की महत्ता।
Authored By: स्मिता
Last Updated On: Tuesday, October 15, 2024
कहते हैं कि कार्तिक माह के बराबर कोई दूसरा महीना नहीं है। यह ठीक उसी तरह है, जिस तरह सत्ययुग के बराबर कोई युग नहीं माना जाता है। जिस तरह वेदों के बराबर कोई शास्त्र नहीं है। गंगा के बराबर कोई तीर्थ नहीं है, उसी तरह कार्तिक माह की तरह कोई महीना नहीं है। कार्तिक सभी महीनों में प्रमुख है। यह वैष्णवों को बहुत प्रिय है। इसलिए वैष्णव इस महीने में परम भगवान की बड़ी भक्ति के साथ सेवा करते (Kartik Month 2024 ) हैं।
कार्तिक मास प्रारंभ तिथि (Kartik Month 2024 starting date)
इस वर्ष कार्तिक मास 17 अक्टूबर 2024 से 15 नवंबर 2024 तक है।
दामोदर मास कहा जाता है (Damodar Month or Kartik Month)
इस महीने को दामोदर मास के नाम से भी जाना जाता है, क्योंकि कार्तिक महीने में दिवाली के दिन नन्हे कृष्ण ने अपनी सबसे प्यारी लीला ‘दामोदर लीला’ की थी। “दामा” का अर्थ होता है – “रस्सी” और “उदर” का अर्थ है – “पेट”। कथा है कि एक सुबह माता यशोदा मक्खन निकाल रही थीं। वे गा रही थीं और कृष्ण की लीलाओं को याद कर रही थीं। तभी किसी काम से यशोदा वहां से हटीं, तो कृष्ण ने उनके मक्खन खा लिए। उन्होंने न सिर्फ मक्खन खाया, बल्कि अपने दोस्तों और पशुओं को भी मक्खन खिला दिया। इससे क्रोधित होकर माता यशोदा ने कृष्ण को रस्सी की सहायता से ओखली से बांध देना चाहा। आगे के क्रम में श्रीकृष्ण ने अपनी लीला दिखाई। रस्सी से बंधे कृष्ण ने अपनी लीला दिखाई, इसलिए इस माह का नाम दामोदर माह पड़ गया।
कार्तिक माह की महिमा (Significance of Kartik Month)
पद्म पुराण के अनुसार, भगवान कृष्ण कहते हैं, “सभी पौधों में पवित्र तुलसी मुझे सबसे प्रिय है। सभी महीनों में कार्तिक सबसे प्रिय है। सभी तीर्थों में मेरा प्रिय द्वारका सबसे प्रिय है, और सभी दिनों में एकादशी सबसे प्रिय है।” कार्तिक मास वर्ष का सबसे फलदायी महीना है। भगवान कृष्ण को प्रसन्न करने के लिए की गई हर छोटी-बड़ी भक्ति, तपस्या या दान इस महीने में हज़ार गुना बढ़ जाता है।
कार्तिक पूर्णिमा 2024 (Kartik Poornima 2024)
इस साल कार्तिक पूर्णिमा 15 नवंबर को मनाई जाएगी। कार्तिक पूर्णिमा जिसे रस पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है, शरद ऋतु की दूसरी पूर्णिमा है। कार्तिक पूर्णिमा कार्तिक के शुभ महीने के अंत का भी प्रतीक है। कार्तिक माह के इस शुभ एवं अंतिम दिन तुलसी शालिग्राम विवाह (तुलसी एवं भगवान श्री कृष्ण का विवाह समारोह) भी मनाया जाएगा, जो 13 नवंबर 2023 को होगा।
कार्तिक मास तपस्या का महीना है। श्रीकृष्ण-राधा को प्रसन्न करने के लिए ये 5 कार्य किए जा सकते हैं-
- भगवान के पवित्र नाम का जाप करें।
- घी के दीपक जलाकर भगवान की पूजा करें – पद्म पुराण में कहा गया है कि इस पवित्र महीने में की गई भक्ति गतिविधियों का सामान्य से अधिक आध्यात्मिक फल मिलता है।
- तुलसी की पूजा करें।
- दान करें।
- नाम संकीर्तन करें।