Sports News
IND vs AFG: हार्दिक-नीतीश फिट, वॉशिंगटन सुंदर की भी वापसी तय, जानें बुमराह कब उतरेंगे मैदान पर
Authored By: Nishant Singh
Published On: Monday, August 31, 2026
Last Updated On: Monday, August 31, 2026
अफगानिस्तान के खिलाफ 13 सितंबर से शुरू होने वाली टी20 सीरीज से पहले टीम इंडिया को राहत भरी खबर मिली है. हार्दिक पंड्या और नीतीश कुमार रेड्डी फिट बताए जा रहे हैं, जबकि वॉशिंगटन सुंदर की वापसी भी संभव है. जसप्रीत बुमराह को लेकर चयनकर्ता फिलहाल कोई जोखिम नहीं लेना चाहते.
Authored By: Nishant Singh
Last Updated On: Monday, August 31, 2026
IND vs AFG: श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में जीत के बाद टीम इंडिया अब अपने अगले मिशन की तैयारी में जुट गई है. भारत को 13 सितंबर से अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है. इस सीरीज के लिए टीम चयन से पहले क्रिकेट फैंस के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. चोट और फिटनेस से जूझ रहे कई अहम खिलाड़ी अब मैदान पर लौटने के लिए तैयार बताए जा रहे हैं.
पांच महीने बाद हार्दिक पंड्या की वापसी?
टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या लंबे ब्रेक के बाद एक बार फिर चयन के लिए उपलब्ध हो सकते हैं. करीब पांच महीने से मैदान से दूर रहने के बाद उन्होंने बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपनी फिटनेस पर काम किया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह अब पूरी तरह फिट हैं और अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 टीम में उनका नाम शामिल किया जा सकता है. हार्दिक की वापसी से भारत को बल्लेबाजी के साथ तेज गेंदबाजी का भी मजबूत विकल्प मिलेगा.
नीतीश कुमार रेड्डी भी चयन के लिए तैयार
युवा तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी के लिए भी अच्छी खबर है. वह भी फिटनेस से जुड़ी तैयारी पूरी कर चुके हैं और चयन के लिए उपलब्ध बताए जा रहे हैं. नीतीश और हार्दिक दोनों ने लंबे समय तक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में ट्रेनिंग की है. ऐसे में चयनकर्ताओं के सामने ऑलराउंडर विभाग में कई मजबूत विकल्प मौजूद हो सकते हैं.
वॉशिंगटन सुंदर की फिटनेस पर अंतिम फैसला बाकी
स्पिन ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर भी वापसी के बेहद करीब हैं. उन्होंने अपनी फिटनेस और ट्रेनिंग पर लगातार काम किया है. इस सप्ताह बेंगलुरु लौटने के बाद उनका अंतिम फिटनेस टेस्ट हो सकता है. टीम प्रबंधन उन्हें धीरे-धीरे छोटे फॉर्मेट के जरिए प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापस लाने की योजना बना रहा है. अगर वह फिटनेस टेस्ट पास कर लेते हैं, तो अफगानिस्तान सीरीज में उनका चयन संभव है.
बुमराह को लेकर जल्दबाजी नहीं
सबसे बड़ा सवाल जसप्रीत बुमराह की वापसी को लेकर बना हुआ है. हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में उन्हें आराम दिया गया था. टीम मैनेजमेंट उनके वर्कलोड को लेकर बेहद सतर्क है, क्योंकि साल के अंत में भारत को न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ महत्वपूर्ण टेस्ट मुकाबले खेलने हैं.
ऐसे में संभावना है कि बुमराह को अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज से दूर रखा जाए. हालांकि, अगर उनका रिहैबिलिटेशन बिना किसी परेशानी के आगे बढ़ता है, तो वह इसके बाद जापान में होने वाले एशियन गेम्स के लिए उपलब्ध हो सकते हैं.
चयन समिति की बैठक पर नजर
अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति इसी सप्ताह टीम को लेकर अहम बैठक कर सकती है. इस बैठक में अफगानिस्तान के खिलाफ तीन टी20 मैचों के लिए खिलाड़ियों के नाम तय किए जाएंगे. हार्दिक, नीतीश और वॉशिंगटन की फिटनेस ने टीम चयन को दिलचस्प बना दिया है, जबकि बुमराह की वापसी पर अंतिम फैसला उनकी फिटनेस और वर्कलोड को ध्यान में रखकर लिया जाएगा.
यह भी पढ़ें :- Team India September Schedule 2026: सितंबर में लगातार क्रिकेट का रोमांच, 3 T20, 2 वनडे और एशियन गेम्स में मुकाबला













