Sports News
भारत-श्रीलंका दूसरा टेस्ट: जानें तारीख, वेन्यू और पिच का पूरा इतिहास
Authored By: Nishant Singh
Published On: Thursday, August 20, 2026
Last Updated On: Thursday, August 20, 2026
India vs Sri Lanka 2nd Test: पहले टेस्ट में श्रीलंका पर 165 रनों की शानदार जीत के बाद भारत अब दूसरे मुकाबले के लिए तैयार है. 23 अगस्त से कोलंबो के एसएस क्लब मैदान पर होने वाला टेस्ट भारत के लिए सीरीज जीतने का मौका है. मैदान का रिकॉर्ड और टीम का हालिया प्रदर्शन भारत के पक्ष में है.
Authored By: Nishant Singh
Last Updated On: Thursday, August 20, 2026
India vs Sri Lanka 2nd Test: भारतीय टीम ने पहला टेस्ट मैच श्रीलंका के खिलाफ 165 रनों के बड़े अंतर से अपने नाम किया और 2015 से चला आ रहा जीत का सिलसिला बरकरार रखा. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की रेस में बने रहने के लिहाज से टीम इंडिया के लिए यह सीरीज जीतना बेहद अहम है. पहला मुकाबला जीतने के बाद अब शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम को कोलंबो की परिस्थितियों में एक नई चुनौती से पार पाना होगा.
पहले मैच के हीरो कौन रहे?
पहले टेस्ट में भारतीय स्पिन गेंदबाजों के सामने श्रीलंकाई बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आए. मानव सुतार ने मैच में कुल दस विकेट चटकाए, जबकि रवींद्र जडेजा के खाते में चार विकेट आए. बल्लेबाजी में देवदत्त पडिककल ने दोनों पारियों में क्रमशः 167 और 44 रन बनाकर टीम की जीत की नींव रखी.
दूसरा टेस्ट कब और कहां?
भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा टेस्ट मैच 23 अगस्त से कोलंबो के एसएस क्लब मैदान पर खेला जाएगा. मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह दस बजे शुरू होगा.
इस मैदान का इतिहास भारत के पक्ष में
एसएस क्लब मैदान पर अब तक दोनों टीमों के बीच नौ टेस्ट मैच हो चुके हैं, जिनमें भारत ने तीन और श्रीलंका ने सिर्फ दो मुकाबले जीते हैं, जबकि चार मैच ड्रॉ पर समाप्त हुए. गौर करने वाली बात यह है कि 2008 के बाद से श्रीलंका इस मैदान पर एक भी बार भारत को हरा नहीं सका है. इस दौरान हुए तीन मुकाबलों में भारत ने दो जीते और एक ड्रॉ रहा. यहां दोनों टीमों की आखिरी भिड़ंत 2017 में हुई थी, जब चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे के शतकों की बदौलत भारत ने यह मैच पारी और 53 रनों से जीता था.
सीरीज में भारत की बढ़त
मौजूदा सीरीज में भारतीय टीम 1-0 से आगे है और कोलंबो में जीत दर्ज कर क्लीन स्वीप की कोशिश करेगी. श्रीलंका 2008 के बाद से भारत के खिलाफ कोई टेस्ट सीरीज नहीं जीत सका है, और मौजूदा हालात को देखते हुए यह सिलसिला 2026 में भी जारी रहने की संभावना है- अब सीरीज ज्यादा से ज्यादा बराबरी पर ही खत्म हो सकती है. दूसरे टेस्ट में भी मानव सुतार और देवदत्त पडिककल के प्रदर्शन पर सबकी निगाहें रहेंगी, जबकि 33 वर्षीय सारांश जैन को डेब्यू का मौका मिलने की चर्चाएं तेज हैं.
यह भी पढ़ें :- गॉल टेस्ट जीतने के लिए बेईमानी कर रही टीम इंडिया? श्रीलंका के कप्तान ने की शिकायत













