Delhi Car Blast: सर्च ऑपरेशन, छापेमारी, पुलवामा कनेक्शन; जानें घटना की पूरी टाईमलाइन

Authored By: Ranjan Gupta

Published On: Tuesday, November 11, 2025

Last Updated On: Tuesday, November 11, 2025

Delhi Red Fort Car Blast की जांच में बड़ा खुलासा, पुलवामा कनेक्शन की आशंका और दिल्ली में सर्च ऑपरेशन जारी.
Delhi Red Fort Car Blast की जांच में बड़ा खुलासा, पुलवामा कनेक्शन की आशंका और दिल्ली में सर्च ऑपरेशन जारी.

Delhi Red Fort Car Blast: दिल्ली के लाल किले के पास सोमवार शाम हुई भीषण कार ब्लास्ट की घटना ने पूरे देश को हिला दिया है. धमाका इतना जोरदार था कि चार किलोमीटर दूर तक इसकी आवाज सुनी गई. 12 लोगों की मौत और 29 से ज्यादा घायल. एनआईए और दिल्ली पुलिस की टीमें जांच में जुटीं. शुरुआती जांच में इस कार ब्लास्ट के तार पुलवामा के आतंकी नेटवर्क से जुड़ते नजर आ रहे हैं.

Authored By: Ranjan Gupta

Last Updated On: Tuesday, November 11, 2025

Delhi Red Fort Car Blast Timeline: दिल्ली की ऐतिहासिक धरोहर लाल किला सोमवार शाम अचानक दहशत के साये में आ गया, जब इसके पास खड़ी एक कार में हुए जोरदार धमाके ने पूरे इलाके को हिला दिया. शाम करीब 6:50 बजे हुए इस विस्फोट ने कुछ ही मिनटों में आसमान को धुएं से भर दिया. कार ब्लास्ट इतना भीषण था कि आसपास खड़ी छह गाड़ियां और तीन ऑटो जलकर खाक हो गए, जबकि 12 लोगों की मौके पर मौत हो गई और करीब 29 लोग गंभीर रूप से घायल हुए. धमाके के बाद एनआईए, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंचीं.

जांच में सामने आया कि ब्लास्ट में इस्तेमाल की गई कार कई बार हाथ बदल चुकी थी और उसके तार सीधे जम्मू-कश्मीर के पुलवामा आतंकी मॉड्यूल से जुड़े पाए गए. इस घटना के बाद दिल्ली-एनसीआर को हाई अलर्ट पर रखा गया है. वहीं, गृहमंत्री अमित शाह ने मंगलवार को हाई लेवल सुरक्षा बैठक बुलाई है, जिसमें NIA, IB और दिल्ली पुलिस के अधिकारी शामिल होंगे. आइए इस घटना की पूरी टाइमलाइन देखते हैं…

क्या है दिल्ली कार ब्लास्ट घटना?

दरअसल, दिल्ली में लाल किले के पास सोमवार शाम करीब सात बजे एक कार में जोरदार धमाका हुआ. धमाके के साथ ही वहां खड़ी कई कारों में आग लग गई. विस्फोट की तीव्रता इतनी तेज थी कि चार किलोमीटर तक धमाके की गूंज सुनाई थी. विस्फोट में चपेट में आने से आसपास से गुजरने वाली छह गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए तो 20 से ज्यादा वाहन क्षतिग्रस्त हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

इस विस्फोट में 12 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 29 से अधिक लोग घायल हो गए. घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है. कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया. वहीं, कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है. घायलों से मिलने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और शिक्षा मंत्री आशीष सूद पहुंचे. वहीं सुरक्षा को देखते हुए मंगलवार को लाल किला मेट्रो स्टेशन पूरी तरह से बंद कर दिया गया है.

कार ब्लास्ट होने तक की पूरी टाइमलाइन

  • 3:19 बजे शाम: सफेद रंग की हुंडई i20 कार गोल्डन मस्जिद पार्किंग में दाखिल हुई. यह पार्किंग लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास है. कार करीब तीन घंटे तक यहीं खड़ी रही.
  • 6:48 बजे शाम: सीसीटीवी फुटेज में कार पार्किंग से निकलती दिखी. कुछ ही मिनटों बाद वह सुबहाशर ट्रैफिक सिग्नल (गेट नंबर 1 के पास) पहुंची.
  • 6:50 बजे शाम: रेड लाइट पर कार धीरे-धीरे रुक रही थी, तभी तेज धमाका हुआ. विस्फोट इतना जबरदस्त था कि आसपास खड़ी छह कारें और तीन ऑटो-रिक्शा जलकर राख हो गए. 12 लोगों की मौत हो गई और कई गंभीर रूप से घायल हुए.
  • 7:00 बजे शाम: दिल्ली फायर सर्विस ने तुरंत सात फायर टेंडर मौके पर भेजे. आसपास का पूरा इलाका सील कर दिया गया.
  • 7:02 बजे: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और स्पेशल सेल की टीम मौके पर पहुंची. जांच शुरू की गई.
  • 7:29 बजे: करीब 37 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. पुलिस ने मौके से सबूत जुटाने और हर सुराग खंगालने की प्रक्रिया तेज कर दी.
  • 7:30 बजे के बाद: दिल्ली पुलिस ने बदरपुर बॉर्डर से लाल किला क्षेत्र तक के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए. लगभग 200 पुलिसकर्मी जांच में जुटे. अब तक 100 से ज्यादा कैमरों की फुटेज देखी जा चुकी है. फुटेज से साफ हुआ कि कार 3 घंटे गोल्डन मस्जिद पार्किंग में खड़ी थी, 6:48 पर निकली और कुछ ही मिनटों बाद धमाका हो गया.

शुरुआती जांच रिपोर्ट

लाल किले के पास हुए ब्लास्ट से ठीक पहले की CCTV फुटेज सामने आई है. फुटेज में एक सफेद I-20 कार दिखाई दे रही है. ड्राइवर ने काले रंग का मास्क पहन रखा था. शुरुआती जांच में पता चला कि कार चलाने वाला शख्स डॉ. उमर मोहम्मद है, जो फरीदाबाद टेरर मॉड्यूल से जुड़ा बताया जा रहा है.

यह I-20 कार 10 नवंबर की सुबह 8 बजकर 4 मिनट पर बदरपुर से दिल्ली में दाखिल हुई थी. दिनभर यह कई इलाकों में घूमती रही और शाम को लाल किले के पास पहुंची. जांच में पता चला है कि कार में अमोनियम नाइट्रेट जैसे विस्फोटक पदार्थ मौजूद थे. फरीदाबाद पुलिस ने भी छापेमारी में संदिग्ध विस्फोटक सामग्री बरामद की है. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अब फरीदाबाद क्राइम ब्रांच और जम्मू-कश्मीर पुलिस से पूरी रिपोर्ट मांगी है.

धमाके के तार पुलवामा से जुड़े

जांच में बड़ा खुलासा हुआ है. धमाके में इस्तेमाल कार के तार जम्मू-कश्मीर के पुलवामा से जुड़े मिले हैं. यह कार कई बार हाथ बदल चुकी थी. पहले यह मोहम्मद सलमान के नाम पर थी, फिर नदीम, फिर तारिक और आखिर में उमर तक पहुंची.

चार लोगों के हाथों से गुजरते हुए कार आखिरकार आतंकियों के कब्जे में पहुंची. कई संदिग्धों के पुलवामा और कश्मीर से संबंध सामने आए हैं. इससे दिल्ली धमाके का कश्मीर कनेक्शन और मजबूत हो गया है.

दिल्ली, फरीदाबाद और जम्मू-कश्मीर में छापेमारी

दिल्ली पुलिस ने फरीदाबाद क्राइम ब्रांच और जम्मू-कश्मीर पुलिस से संपर्क किया है. तीनों एजेंसियां मिलकर टेरर मॉड्यूल की जांच कर रही हैं. धमाके के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पुलवामा में दो लोगों को हिरासत में लिया है. इनमें उमर और आमिर नाम के दो संदिग्ध शामिल हैं. दिल्ली में पहाड़गंज, दरियागंज और आसपास के इलाकों में रातभर सर्च ऑपरेशन चला. पुलिस ने सभी होटलों के रजिस्टर चेक किए. जांच के दौरान चार संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है.

फरीदाबाद पुलिस ने भी बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू किया है. गांव धौज, फतेहपुर तगा और अल-फलाह कॉलेज इलाके में छापेमारी चल रही है. एक हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी इसमें शामिल हैं. दो दिन की संयुक्त कार्रवाई में 2900 किलो से अधिक विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है. हालांकि, अभी तक नई विस्फोटक खेप नहीं मिली है.

फिलहाल, जांच स्पेशल सेल और लोकल पुलिस संभाल रही है. उम्मीद है कि बहुत जल्द यह केस NIA के हवाले कर दिया जाएगा.

गृहमंत्री की हाई लेवल बैठक आज

दिल्ली धमाके के बाद गृहमंत्री अमित शाह आज सुबह 11 बजे हाई लेवल बैठक करेंगे. इस मीटिंग में गृह सचिव, इंटेलिजेंस ब्यूरो के डायरेक्टर, दिल्ली पुलिस कमिश्नर और NIA के DG मौजूद रहेंगे.

जम्मू-कश्मीर पुलिस के डीजीपी भी ऑनलाइन इस बैठक में शामिल होंगे. बैठक में अब तक की जांच रिपोर्ट और आगे की रणनीति पर चर्चा होगी.

यह भी पढ़ें :- टूटेगा दिल्ली का जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, बनेगी देश की सबसे आधुनिक ‘स्पोर्ट्स सिटी’

About the Author: Ranjan Gupta
रंजन कुमार गुप्ता डिजिटल कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें डिजिटल न्यूज चैनल में तीन वर्ष से अधिक का अनुभव प्राप्त है. वे कंटेंट राइटिंग, गहन रिसर्च और SEO ऑप्टिमाइजेशन में माहिर हैं. शब्दों से असर डालना उनकी कला है और कंटेंट को गूगल पर रैंक कराना उनका जुनून! वो न केवल पाठकों के लिए उपयोगी और रोचक लेख तैयार करते हैं, बल्कि गूगल के एल्गोरिदम को भी ध्यान में रखते हुए SEO-बेस्ड कंटेंट तैयार करते हैं. रंजन का मानना है कि "हर जानकारी अगर सही रूप में दी जाए, तो वह लोगों की जिंदगी को प्रभावित कर सकती है." यही सोच उन्हें हर लेख में निखरने का अवसर देती है.
Leave A Comment

अन्य राज्य खबरें