Lifestyle News
अपनी कार से करें विदेशों की सैर, इन पड़ोसी देशों में आसानी से बॉर्डर पार कर लें शानदार रोड ट्रिप
Authored By: Nishant Singh
Published On: Thursday, March 5, 2026
Last Updated On: Thursday, March 5, 2026
EXCERPT लंबी ड्राइव के शौकीन लोग अब अपनी गाड़ी से विदेशों की सैर भी कर सकते हैं. कुछ पड़ोसी देशों में जरूरी दस्तावेज और अनुमति के साथ बॉर्डर पार कर रोड ट्रिप करना संभव है. सही प्लानिंग, वैध कागजात और परमिट के साथ यह इंटरनेशनल सफर बेहद रोमांचक और यादगार अनुभव बन सकता है.
Authored By: Nishant Singh
Last Updated On: Thursday, March 5, 2026
India to Foreign Road Trip: अगर आप रोड ट्रिप के शौकीन हैं, तो आपके लिए एक अच्छी खबर है. भारत से अपनी गाड़ी लेकर आप कुछ पड़ोसी देशों की यात्रा भी कर सकते हैं. लंबी ड्राइव, रास्ते में बदलते नजारे और नए देशों को करीब से देखने का अनुभव रोड ट्रिप को और खास बना देता है. हालांकि इसके लिए कुछ जरूरी नियमों और दस्तावेजों का पालन करना पड़ता है. सही प्लानिंग और वैध कागजात के साथ आप बिना किसी बड़ी परेशानी के इन देशों की यात्रा कर सकते हैं और अपनी कार या बाइक से अंतरराष्ट्रीय सफर का आनंद उठा सकते हैं.
रोड ट्रिप से पहले जरूरी दस्तावेज
अगर आप बॉर्डर पार करके रोड ट्रिप करने जा रहे हैं, तो कुछ जरूरी दस्तावेज आपके पास होना अनिवार्य है. आपकी गाड़ी के कागजात जैसे आरसी, इंश्योरेंस और पॉल्यूशन सर्टिफिकेट वैध होने चाहिए. इसके अलावा ड्राइवर के पास भारतीय ड्राइविंग लाइसेंस होना जरूरी है. कई जगहों पर पासपोर्ट या वैध पहचान पत्र भी मांगा जाता है, इसलिए पासपोर्ट और आधार कार्ड साथ रखना बेहतर रहता है. इसके अलावा कुछ देशों में गाड़ी के लिए अलग से परमिट या रजिस्ट्रेशन भी करवाना पड़ता है.
नेपाल: पहाड़ों के बीच यादगार रोड ट्रिप

नेपाल भारतीय यात्रियों के लिए सबसे आसान और लोकप्रिय रोड ट्रिप डेस्टिनेशन है. यहां की खूबसूरत पहाड़ियां, शांत वातावरण और प्राकृतिक नजारे यात्रियों को आकर्षित करते हैं. अगर आप दिल्ली से काठमांडू तक अपनी कार से जाना चाहते हैं, तो आपको उत्तर प्रदेश होते हुए सोनौली बॉर्डर पार करना होगा. इस सफर के दौरान रास्ते में कई खूबसूरत दृश्य देखने को मिलते हैं. खास बात यह है कि भारतीय नागरिकों को नेपाल जाने के लिए वीजा की जरूरत नहीं होती. सिर्फ वैध पहचान पत्र या पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस के साथ आप यहां आसानी से यात्रा कर सकते हैं.
भूटान: शांत वातावरण और सुंदर पहाड़ी रास्ते

भूटान को दुनिया के सबसे खुशहाल देशों में गिना जाता है और यहां का शांत वातावरण यात्रियों को बेहद पसंद आता है. अगर आप रोड ट्रिप से भूटान जाना चाहते हैं, तो गुवाहाटी से फुंतशोलिंग होते हुए थिम्पू तक ड्राइव कर सकते हैं. यह रास्ता हिमालयी पहाड़ों, जंगलों और छोटे-छोटे भूटानी गांवों से होकर गुजरता है. भारतीय नागरिकों को यहां जाने के लिए वीजा की जरूरत नहीं होती, लेकिन फुंतशोलिंग बॉर्डर पर अपनी गाड़ी का पंजीकरण कराना जरूरी होता है.
म्यांमार: संस्कृति और इतिहास से भरा सफर

म्यांमार को ‘सोने की भूमि’ भी कहा जाता है और यह अपने सुनहरे पैगोडा, ऐतिहासिक इमारतों और सांस्कृतिक विरासत के लिए प्रसिद्ध है. भारत से म्यांमार जाने के लिए आप मणिपुर के मोरेह बॉर्डर के रास्ते प्रवेश कर सकते हैं. यहां से मांडले और यांगून जैसे शहरों तक ड्राइव करना एक अलग अनुभव देता है. हालांकि म्यांमार में रोड ट्रिप के लिए ओवरलैंड रोड परमिट, वाहन के लिए अस्थायी आयात परमिट और विशेष एमएमटी परमिट लेना जरूरी होता है.
श्रीलंका: समुद्र पार कार के साथ यात्रा
बहुत कम लोग जानते हैं कि आप अपनी गाड़ी लेकर श्रीलंका भी जा सकते हैं. इसके लिए आपको पहले दिल्ली से तमिलनाडु तक ड्राइव करना होगा. वहां से तूतीकोरिन बंदरगाह के जरिए आपकी कार को जहाज से कोलंबो भेजा जाता है. श्रीलंका में ड्राइव करने के लिए इंटरनेशनल ड्राइविंग लाइसेंस, कारनेट और भारतीय नागरिकों के लिए 30 दिन का ई-वीजा जरूरी होता है. इसके बाद आप श्रीलंका के खूबसूरत समुद्र तटों और शहरों की सैर कर सकते हैं.
थाईलैंड: इंटरनेशनल रोड ट्रिप का शानदार अनुभव

अगर आप लंबी इंटरनेशनल रोड ट्रिप का सपना देखते हैं, तो थाईलैंड तक भी अपनी गाड़ी से पहुंचा जा सकता है. यह यात्रा आमतौर पर इंफाल से शुरू होती है और म्यांमार के मोरेह बॉर्डर के रास्ते आगे बढ़ती है. इस दौरान आपको कई सुंदर प्राकृतिक दृश्य देखने को मिलते हैं. थाईलैंड जाने के लिए भारतीय पासपोर्ट, ई-वीजा और गाड़ी से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेज होना जरूरी है. सही तैयारी के साथ यह रोड ट्रिप जिंदगी का एक अनोखा और यादगार अनुभव बन सकती है.
यह भी पढ़ें :- पेरिस-मालदीव नहीं, हनीमून के लिए छा रहीं ये नई इंटरनेशनल डेस्टिनेशन बेहद रोमांटिक


















