Special Coverage
ईरान पर फिर बढ़ा हमले का डर ‘मदर ऑफ ऑल बम्स’ से हमला कर सकता है अमेरिका
Authored By: Rajeev Mandal
Published On: Friday, October 16, 2026
Last Updated On: Sunday, November 1, 2026
ईरान और अमेरिका के बीच तनाव अभी भी चरम पर है। लंबी चुप्पी और शांति के बाद एक बार फिर से ईरान पर हमले का डर सताने लगा है। क्या है पूरा मामला और क्यों है खतरे की आशंका, जानते हैं इस रिपोर्ट में…
Authored By: Rajeev Mandal
Last Updated On: Sunday, November 1, 2026
Mother of All Bombs: ईरान के साथ जारी तनाव के बीच ट्रंप प्रशासन मध्यावधि चुनाव से पहले ही सैन्य कार्रवाई का दायरा बढ़ाने की तैयारी में है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर ईरान के खिलाफ संभावित हमलों की नई योजनाएं तैयार की गई हैं।
इनमें अमेरिका के सबसे शक्तिशाली गैर-परमाणु बम जीबीयू-43/बी यानी ‘मदर ऑफ ऑल बम्स’ (एमओएबी) के इस्तेमाल का विकल्प भी शामिल है।
कब होगा हमला, इसकी पुष्टि नहीं
अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से रिपोर्टों में बताया गया है कि संभावित निशाने ईरान के ऊर्जा ढांचे और परमाणु ठिकाने हो सकते हैं। हालांकि, इन हमलों को मंजूरी मिलने या बम गिराने का अंतिम फैसला होने की पुष्टि नहीं हुई है।
बताते चलें कि हाल ही में इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिकी राष्ट्रपति के बीच ईरान पर संभावित नए सैन्य हमलों को लेकर बातचीत हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, नेतन्याहू ने ईरान के कथित परमाणु और सैन्य कार्यक्रमों को लेकर चिंता जताई है।
‘मदर ऑफ ऑल बम्स’की प्रमुख क्षमताएं
- वजन : करीब 9,800 किलोग्राम (21,600 पाउंड)
- लम्बाई :लगभग 20 फीट
- विस्फोटक क्षमता : इसमें लगभग 8500 किलोग्राम विस्फोटक वारहेड होता है जो व्यापक क्षेत्र में अत्यंत शक्तिशाली विस्फोट करता है।
- पहला युद्धक इस्तेमाल: अमेरिका ने अप्रैल 2017 में अफगानिस्तान में इस्लामिक स्टेट के ठिकानों के खिलाफ इसका इस्तेमाल किया था।
भूमिगत परमाणु ठिकानों पर कितनी कारगर?
रिपोर्ट के अनुसार, संभावित लक्ष्यों में ईरान के परमाणु-संबंधी भूमिगत ठिकाने भी शामिल हैं। इनमें पर्वतीय क्षेत्रों में स्थित कुछ ठिकाने हो सकते हैं। हालांकि, इसकी विस्फोटक क्षमता बड़े क्षेत्र में भारी तबाही मचा सकती है, लेकिन गहरी चट्टानों के नीचे बने भूमिगत ठिकानों को नष्ट करने के लिए इसे विशेष रूप से तैयार नहीं किया गया है। इसलिए ऐसे ठिकानों पर इसकी प्रभावशीलता सीमित हो सकती है।
क्या कहा ईरानी राष्ट्रपति ने
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने कहा है कि बम और मिसाइलें किसी देश को आत्मसमर्पण के लिए मजबूर नहीं कर सकतीं। उन्होंने जनता से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि यदि लोग आपस में बंट गए, तो दुश्मन अपने मकसद में कामयाब हो सकता है।
पुरानी है दोनों की दुश्मनी
अमेरिका और ईरान के बीच का संघर्ष ऐतिहासिक रूप से 1979 की इस्लामी क्रांति और तेहरान दूतावास बंधक संकट के बाद से चल रहा है, जिसने 2026 में सीधे सैन्य टकराव का रूप ले लिया। इस सीधे युद्ध और हमलों में अब तक ईरान में 3,500 से अधिक नागरिकों व सैनिकों सहित कुल मिलाकर दोनों पक्षों और सहयोगियों के हजारों लोग मारे जा चुके हैं, जिसमें अमेरिका के 20 से अधिक सैन्य कर्मी और खरबों डॉलर का भारी सैन्य व ढांचागत नुकसान हुआ है।




