Special Coverage
Nvidia Spy Scandal: जासूसी कांड में क्यों घिरे ट्रंप? चीन, जेन्सेन हुआंग और चिप कारोबार का क्या है कनेक्शन?
Authored By: Rajeev Mandal
Published On: Thursday, November 12, 2026
Last Updated On: Thursday, November 12, 2026
दुनिया की सबसे बड़ी चिप कंपनियों में शुमार एनवीडिया के सीईओ और सह-संस्थापक जेन्सेन हुआंग के चीन की कथित जासूस से संपर्क में आने को लेकर रोज नई-नई और हैरतअंगेज जाननाकरियां सामने आ रही हैं। मगर इन सब खबरों में सबसे खास है राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का जेन्सेन हुआंग पर आंख मूंदकर भरोसा जताना। आखिर जासूसी प्रकरण का खुलासा होने और रिपार्ट सार्वजनिक होने के बावजूद ट्रंप जेन्सेन हुआंग पर न तो आक्रामक हैं और न उनके खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई के समर्थन में। आखिर ट्रंप की इस सदाश्यता का राज क्या है....
Authored By: Rajeev Mandal
Last Updated On: Thursday, November 12, 2026
एक के बाद एक रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया है कि जिस महिला के साथ जेन्सेन हुआंग के संबंध रहे, उसके चीन की एजेंट होने और उसकी ओर से एनवीडिया प्रमुख को ‘हनीट्रैप’ करने का शक अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को काफी पहले से था। हालांकि, इस जानकारी के बावजूद न तो खुफिया विभाग और न ही ट्रंप प्रशासन ने इसे लेकर कोई कार्रवाई की। ऐसे में यह जानना अहम है कि आखिर एनवीडिया प्रमुख के चीन की कथित जासूस से संपर्क में आने को लेकर खुफिया एजेंसियों का क्या-क्या और कबसे पता था? इसे लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को कब जानकारी दी गई? क्या इन खुफिया इनपुट के बावजूद जेन्सेन हुआंग को मेगास्पीड की पूर्व प्रमुख एलिस हुआंग उर्फ हुआंग ली के बारे में नहीं चेताया गया?
क्या कहती है द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट
द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने लगभग एक साल पहले ही यह निष्कर्ष निकाल लिया था कि एलिस हुआंग चीन के लिए जासूसी कर रही थीं और उनके जेन्सेन हुआंग के साथ बेहद करीबी संबंध बन चुके थे। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की देखरेख में मार्च-मई के बीच एक गोपनीय मेमो तैयार कराया गया था, जिसमें जेन्सेन हुआंग और एलिस हुआंग के संबंधों को लेकर ट्रंप प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को सतर्क किया गया। अमेरिकी वाणिज्य मंत्रालय 2024 के अंत से ही एलिस हुआंग से जुड़ी सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड की गतिविधियों की जांच कर रहा था, जिसे बाद में न्याय मंत्रालय को सौंप दिया गया। जांच में एनवीडिया के चिप खरीद भी शामिल रही।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को कबसे थी जेन्सेन की जासूसी होने की भनक?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को जेन्सेन हुआंग और एलिस हुआंग से जुड़ी इस कथित जासूसी की भनक लगभग एक साल पहले ही लग गई थी।
1. खुफिया एजेंसियों की ओर से दी गई थी जानकारी
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने जब यह निष्कर्ष निकाला कि एलिस हुआंग चीन के लिए जासूसी कर रही थीं और उनके संबंध एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग से है, तब सार्वजनिक रूप से यह मामला सामने आने से काफी पहले-तकरीबन एक साल पहले राष्ट्रपति ट्रंप को इस संबंध में औपचारिक खुफिया ब्राीफिंग दी गई थी।
2. ट्रंप ने नहीं की थी कोई कार्रवाई
यह खुफिया जानकारी मिलने के बावजूद ट्रंप ने इस पर कोई कदम नहीं उठाने का फैसला किया। वे एनवीडिया की चिप बिक्री को बाधित नहीं करना चाहते थे, क्योंकि इससे अमेरिकी अर्थव्यवस्था और शेयर बाजार प्रभावित हो सकते थे। साथ ही, ट्रंप जेन्सेन हुआंग को एक सम्मानित व्यक्ति मानते थे।
3. ट्रंप ने एनवीडिया प्रकरण पर खुद क्या कहा है?
जेन्सेन हुआंग की तरफ से जब एलिस से संबंधों के बारे में कबूलनामा आया और उनकी जासूसी की बात का खुलासा हुआ तो ट्रंप भी मीडिया से मुखातिब हुए। हालांकि, उन्होंने सवाल को टालते हुए कहा कि इसका (जेन्सेन हुआंग प्रकरण) का जिक्र कभी हुआ होगा, लेकिन इसका उन पर कोई खास असर नहीं पड़ा था। वहीं, जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें उस समय इस खुफिया जानकारी पर तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए थी, तो उन्होंने साफ कहा- ”नहीं, मुझे ऐसा नहीं लगता।”
क्या थी ट्रंप प्रशासन की मंशा?
खुफिया अधिकारियों की ओर से एनवीडिया प्रमुख हुआंग को सचेत न करने की एक मुख्य संभावित वजह यह थी कि अगर हुआंग को इस बारे में बताया जाता, तो एलिस हुआंग को यह भनक लग सकती थी कि वे अमेरिकी खुफिया एजेंसियों की निगरानी में हैं, लेकिन सिर्फ इस वजह से इतनी बड़ी बात दबा कर रखी जाए, गले नहीं उतरती है।
आखिर किस मजबूरी में शांत हैं ट्रंप
दरअसल, जो रिपोर्ट्स सामने आ रही है उसके मुताबिक, जब जेन्सेन हुआंग चीन की कथित जासूस के संपर्क में थे, उस दौरान वे ट्रंप के काफी करीब भी रहे और अमेरिका-चीन की एआई रेस में उनके गुट का अहम चेहरा बनकर उभरे। अनुमान लगाया जा रहा है कि ट्रंप ने इन्हीं बातों को देखते हुए जेन्सेन हुआंग के अफेयर को सार्वजनिक नहीं किया।
जब यह मामला सार्वजनिक हुआ और राष्ट्रपति ट्रंप ने जेन्सेन हुआंग से बात की, तो हुआंग ने स्पष्ट किया कि उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि एलिस हुआंग कथित तौर पर एक जासूस थीं। राष्ट्रपति ट्रंप ने भी सार्वजनिक रूप से कहा कि वे जेन्सेन की बात पर विश्वास करते हैं।













