Sports News
भारत ने लगातार दूसरी बार जीता महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब, प्रधानमंत्री मोदी ने बधाई दी
Authored By: सतीश झा
Published On: Thursday, November 21, 2024
Last Updated On: Sunday, April 27, 2025
भारतीय महिला हॉकी टीम ने दमखम दिखाते हुए एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2024 का खिताब अपने नाम किया। फाइनल मैच में चीन को 1-0 से हराकर भारत ने पूरे टूर्नामेंट में अपना अजेय रिकॉर्ड कायम रखा। राजगीर के मैदान पर खेला गया यह मैच भारतीय टीम के लिए ऐतिहासिक बन गया।
Authored By: सतीश झा
Last Updated On: Sunday, April 27, 2025
फाइनल मैच में पहला और निर्णायक गोल दीपिका ने तीसरे क्वार्टर के दूसरे मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर से किया। दीपिका का यह टूर्नामेंट में 11वां गोल रहा, जिससे टीम इंडिया को बढ़त मिली। इसके बाद भारतीय डिफेंस लाइन ने जबरदस्त खेल दिखाया और चीन को बराबरी का मौका नहीं दिया।
भारतीय टीम और चीन की महिला टीम के बीच खेले गए फाइनल मैच में पहले दो क्वार्टर में दोनों टीमों की ओर से कोई गोल नहीं आया। हाफ टाइम तक कोई भी टीम गोल नहीं दाग पाई। तीसरे क्वार्टर की शुरुआत भारतीय टीम के लिए अच्छी रही। इस क्वार्टर के पहले ही मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे दीपिका ने गोल में तब्दील कर दिया। इससे भारतीय टीम 1-0 से आगे हो गई। इसके बाद तीसरे क्वार्टर में और कोई गोल नहीं आया। चौथे यानी अंतिम क्वार्टर में चीन ने आगे बढ़ते हुए अधिक दृढ़ संकल्प दिखाया। हालांकि, भारत ने जल्दी ही नियंत्रण हासिल कर लिया और दो मिनट के भीतर पेनल्टी कॉर्नर अर्जित किया लेकिन इसे गोल में तब्दील नहीं कर सका। इसके बाद चीन ने बराबरी के लिए अपनी कोशिशें तेज कर दीं, लेकिन भारतीय रक्षा अभेद्य रही, जिसने चीन के हमलों के सभी रास्ते प्रभावी रूप से बंद कर दिए। अंत में, भारतीय टीम ने कड़ी टक्कर के साथ 1-0 की जीत के साथ अपना तीसरा एशियन चैंपियंस ट्रॉफी खिताब जीत लिया।
हॉकी इंडिया ने इनाम घोषित किया
बिहार महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी (Women’s Asian Champions Trophy) राजगीर 2024 में भारतीय महिला हॉकी टीम की शानदार जीत के बाद हॉकी इंडिया ने सभी खिलाड़ियों को 3 लाख और सभी सहयोगी कर्मचारियों को 1.5 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। इस मौके को और भी खास बनाते हुए एशियाई हॉकी महासंघ ने प्रतियोगिता के इतिहास में पहली बार पोडियम फिनिशरों के लिए इनाम की घोषणा की है। भारत को 10,000 अमेरिकी डॉलर मिलेंगे, जबकि चीन और जापान को क्रमशः 7,000 अमेरिकी डॉलर और 5,000 अमेरिकी डॉलर दिए जाएंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी जीतने पर भारतीय हॉकी टीम को बधाई दी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी जीतने पर भारतीय हॉकी टीम को बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने आज एक्स हैंडल पर पोस्ट कर खुशी जताते हुए देश की टीम को बधाई दी। उन्होंने लिखा, ”एक अभूतपूर्व उपलब्धि! हमारी हॉकी टीम को महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी जीतने पर बधाई। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में असाधारण रूप से अच्छा प्रदर्शन किया। उनकी सफलता कई आगामी एथलीटों को प्रेरित करेगी”