पकड़ा गया संजय सिंह का झूठ

Authored By: गुंजन शांडिल्य

Published On: Monday, April 22, 2024

Last Updated On: Tuesday, August 27, 2024

pakda gaya sanjay singh ka jhuth
pakda gaya sanjay singh ka jhuth

संजय सिंह ने सुप्रीम कोर्ट के एक निर्देश का हवाला देते हुए बताया कि अरविंद केजरीवाल को जेल में केला, टॉफी और ग्लूकोज देने के लिए कोर्ट ने ही कहा है। जबकि यह सरासर झूठ है।

Authored By: गुंजन शांडिल्य

Last Updated On: Tuesday, August 27, 2024

एक संजय थे, महाभारत में। इन्हें दिव्य दृष्टि प्राप्त था। जिससे वे मीलों दूर घट रही सच्ची घटनाओं की तस्वीर ये हू-ब-हू बता देते थे। आज एक संजय हैं, आम आदमी पार्टी में। वे राज्यसभा के सांसद हैं। लेकिन यह संजय सुप्रीम कोर्ट के आदेश को भी सही-सही नहीं पढ़ पाते हैं। इन्हें झूठ का सहारा लेना पड़ता है।

पिछले कुछ दिनों से आम आदमी पार्टी (आप) के कोई-न-कोई नेता लगातार प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहा है। प्रेस को वे एक ही चीज बताते हैं। वह यह कि केंद्र सरकार दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को तिहाड़ जेल में मारने की साजिश रच रही है। इसके लिए वह तर्क देते हैं कि मुख्यमंत्री केजरीवाल शुगर के मरीज हैं। वे काफी समय से इंसुलिन लेते हैं। लेकिन जेल प्रशासन उन्हें इंसुलिन नहीं दे रहा है।

आप नेताओं के इन आरोपों का जवाब खुद तिहाड़ जेल प्रशासन ने दिया है। मगर उसके पहले ईडी ने राउज एवेन्यू कोर्ट में एक खुलासा किया। ईडी ने कोर्ट को लिखित रूप से बताया कि अरविंद केजरीवाल जेल में आम, आलू, पूरी, मिठाई आदि घर से मंगाकर खा रहे हैं। जबकि एक शुगर मरीज के लिए यह सब चीज जहर के समान है। ईडी के इस खुलासे के बाद अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के नेता सवालों के घेरे में आ गए। केजरीवाल सहित आप के नेता फिर से नए तर्क गढ़ने लगे।

सबसे हालिया तर्क राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने गढ़ा है। इन्होंने अपने झूठे तर्क को सही बताने के लिए सुप्रीम कोर्ट के एक आदेश का सहारा लिया। अरविंद केजरीवाल पर मीडिया से बात करते हुए 21 अप्रैल को उन्होंने अपने बयान में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के एक हिस्से को पढ़कर सुनाया। संजय सिंह ने जो हिस्सा पढ़ा, उसके मुताबिक सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया था कि जेल प्रशासन अरविंद केजरीवाल को जेल में केला, टॉफी और ग्लूकोज दें। साथ ही शुगर और बीपी नापने की मशीन भी उपलब्ध कराए।

सुप्रीम कोर्ट ने जेल प्रशासन को यह निर्देश उनकी गैरकानूनी गिरफ्तारी से संबंधित दायर याचिका को निरस्त करते हुए दिया था। संजय सिंह सुप्रीम कोर्ट के निर्देश को पढ़ने के बाद सवाल उठाते हैं कि जब सर्वोच्च न्यायालय ने ही इन्हें यह सब देने को कहा है तो फिर ईडी और जेल प्रशासन तय करने वाला कौन होता है? यह सच्चाई है कि सुप्रीम कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल को यह सब देने को कहा था। लेकिन कब और क्यों? इसका जवाब दिल्ली विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता रामवीर सिंह बिधूड़ी देते हैं। वह बताते हैं, ‘सुप्रीम कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल को केला, टॉफी और ग्लूकोज आदि देने के जेल प्रशासन को तब कहा था जब उनका शुगर लेवल घट जाए। यह आम आदमी भी जनता है कि किसी का शुगर लेवल बढ़े होने पर यह सब नहीं ले सकते हैं। संजय सिंह सरासर झूठ बोल रहे हैं।’

इस मामले में आम आदमी पार्टी के विधायक संजीव झा से बात की तो उन्होंने इस पर कुछ बोलने से मना कर दिया। उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि भाजपा प्रोपेगेंडा फैला रही है। ताकि चुनाव में हमें नुकसान हो।

गुंजन शांडिल्य समसामयिक मुद्दों पर गहरी समझ और पटकथा लेखन में दक्षता के साथ 10 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। पत्रकारिता की पारंपरिक और आधुनिक शैलियों के साथ कदम मिलाकर चलने में निपुण, गुंजन ने पाठकों और दर्शकों को जोड़ने और विषयों को सहजता से समझाने में उत्कृष्टता हासिल की है। वह समसामयिक मुद्दों पर न केवल स्पष्ट और गहराई से लिखते हैं, बल्कि पटकथा लेखन में भी उनकी दक्षता ने उन्हें एक अलग पहचान दी है। उनकी लेखनी में विषय की गंभीरता और प्रस्तुति की रोचकता का अनूठा संगम दिखाई देता है।
Leave A Comment

अन्य खबरें

अन्य खबरें