Sports News
आईपीएल 2026 से पहले राहुल द्रविड़ ने छोड़ा राजस्थान रॉयल्स का साथ, फ्रेंचाइजी ने जताया आभार
Authored By: Ranjan Gupta
Published On: Saturday, August 30, 2025
Last Updated On: Saturday, August 30, 2025
राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 से पहले बड़ा ऐलान किया है. टीम के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. फ्रेंचाइजी ने कहा कि द्रविड़ ने खिलाड़ियों और टीम की संस्कृति पर गहरी छाप छोड़ी है, लेकिन अब उन्होंने नई भूमिका स्वीकार करने से इनकार कर दिया है.
Authored By: Ranjan Gupta
Last Updated On: Saturday, August 30, 2025
आईपीएल 2026 से पहले राजस्थान रॉयल्स को झटका लगा है. (Rahul Dravid Rajasthan Royals Exit) कप्तान संजू सैमसन के टीम से अलग होने की चर्चाओं के बीच पूर्व भारतीय कप्तान और मौजूदा मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. आरआर ने बयान जारी कर द्रविड़ के योगदान को याद किया और उनके नेतृत्व में टीम के भीतर बने मूल्यों की सराहना की.
द्रविड़, जिन्होंने भारतीय टीम को 2024 का टी20 विश्व कप जिताया था, आईपीएल 2025 से राजस्थान रॉयल्स के साथ जुड़े थे. लेकिन एक सीजन बाद ही उनके अचानक हटने से टीम प्रबंधन और खिलाड़ियों के बीच मतभेद की खबरें तेज हो गई हैं. अब क्रिकेट जगत की नजरें इस पर हैं कि राहुल द्रविड़ का अगला कदम क्या होगा.
IPL 2025 से पहले RR से जुड़े थे राहुल
राजस्थान रॉयल्स ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि हाल ही में की गई संरचनात्मक समीक्षा के बाद द्रविड़ को एक बड़ी भूमिका ऑफर की गई थी. लेकिन पूर्व भारतीय कप्तान और मुख्य कोच ने यह जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया.
भारतीय टीम को अपनी कोचिंग में 2024 का टी20 वर्ल्ड कप जिताने वाले राहुल द्रविड़ ने आईपीएल 2025 से पहले राजस्थान रॉयल्स के साथ मुख्य कोच के रूप में करार किया था. माना जा रहा था कि यह समझौता लंबे समय का होगा, लेकिन अचानक उन्होंने पद से इस्तीफा देकर सभी को चौंका दिया.
फ्रेंचाइजी ने जताया आभार
आरआर ने कहा, “राहुल कई वर्षों से रॉयल्स की यात्रा के केंद्र में रहे हैं. उनके नेतृत्व ने खिलाड़ियों की एक पीढ़ी को प्रभावित किया है. टीम के भीतर मजबूत मूल्यों का निर्माण किया है और फ्रेंचाइजी की संस्कृति पर एक अमिट छाप छोड़ी है. राजस्थान रॉयल्स उसके खिलाड़ी और दुनिया भर के लाखों प्रशंसक फ्रेंचाइजी के प्रति राहुल की उल्लेखनीय सेवा के लिए उनका हार्दिक आभार व्यक्त करते हैं.”
द्रविड़ ने आईपीएल 2012 और 2013 में आरआर की कप्तानी की थी. वह 2014 और 2015 सीजन में टीम के मेंटर भी रहे थे.
अच्छा नहीं गया था पिछला सीजन
आईपीएल 2025 से पहले द्रविड़ की वापसी से फ्रेंचाइजी को उम्मीद थी कि 2008 के पहले सीजन के बाद वह दोबारा खिताब जीत सकेगी. लेकिन यह सीजन टीम के लिए अच्छा नहीं रहा. राजस्थान रॉयल्स 14 लीग मैचों में केवल चार जीत हासिल कर सका और अंक तालिका में 9वें स्थान पर रहा. नियमित कप्तान संजू सैमसन साइड स्ट्रेन की वजह से सिर्फ नौ मैच खेल पाए, उनकी गैरमौजूदगी में रियान पराग ने टीम की कप्तानी संभाली.
गौरतलब है कि आईपीएल 2025 में कोचिंग के दौरान द्रविड़ खुद पैर की चोट से जूझ रहे थे, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने टीम का साथ नहीं छोड़ा. अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि राहुल द्रविड़ का अगला कदम क्या होगा और वह किस नई भूमिका में नज़र आएंगे.
ये भी पढ़ें:- भगदड़ के तीन महीने बाद RCB ने किया मुआवजे का एलान, जान गंवाने वालों के लिए 25 लाख की आर्थिक मदद
















