Sports News
भगदड़ के तीन महीने बाद RCB ने किया मुआवजे का एलान, जान गंवाने वालों के लिए 25 लाख की आर्थिक मदद
Authored By: Ranjan Gupta
Published On: Saturday, August 30, 2025
Last Updated On: Saturday, August 30, 2025
आरसीबी ने चिन्नास्वामी स्टेडियम में 4 जून 2025 को खिताबी जश्न के दौरान हुई भगदड़ में जान गंवाने वाले 11 फैंस के परिवारों को 25-25 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. इस मौके पर फ्रेंचाइज़ी ने ‘RCB Cares’ पहल की भी शुरुआत की.
Authored By: Ranjan Gupta
Last Updated On: Saturday, August 30, 2025
RCB Stampede Compensation Announcement: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने अपने प्रशंसकों और समुदाय के प्रति जिम्मेदारी निभाते हुए एक बड़ा कदम उठाया है. 4 जून 2025 को आईपीएल खिताब जीतने के बाद चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ में 11 लोगों की जान गई थी और 33 लोग घायल हुए थे. इस त्रासदी के लगभग तीन महीने बाद, आरसीबी ने पीड़ित परिवारों के लिए 25-25 लाख रुपए की आर्थिक मदद की घोषणा की है.
टीम ने यह कदम सिर्फ आर्थिक सहयोग के रूप में नहीं, बल्कि करुणा और एकता का प्रतीक बताते हुए उठाया है. साथ ही, इस अवसर पर फ्रेंचाइज़ी ने “RCB Cares” नामक नई पहल की शुरुआत भी की, जिसके तहत भविष्य में समाजहित और फैंस के कल्याण से जुड़े कार्य किए जाएंगे.
RCB का आधिकारिक बयान
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक आधिकारिक बयान जारी किया. टीम ने लिखा, “4 जून 2025 हमारे लिए बेहद दुखद दिन था. उस दिन हमने आरसीबी परिवार के 11 सदस्यों को खो दिया. वे सिर्फ प्रशंसक नहीं थे, बल्कि हमारे शहर, हमारे समुदाय और हमारी टीम को खास बनाने वाले लोगों का हिस्सा थे. उनकी कमी हमें हमेशा खलेगी.”
बयान में आगे कहा गया,“उनके जाने का दुख कभी भरा नहीं जा सकता. लेकिन सम्मान और संवेदना के रूप में आरसीबी ने उनके परिवारों को 25-25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी है. यह केवल मदद नहीं, बल्कि करुणा, एकजुटता और हमेशा साथ देने के वादे का प्रतीक है.”
‘आरसीबी केयर्स’ पहल की शुरुआत
टीम ने यह भी जानकारी दी कि, “इसी के साथ ‘आरसीबी केयर्स’ नामक पहल की शुरुआत की गई है. यह एक लंबी अवधि की प्रतिबद्धता होगी, जिसके जरिए हम सार्थक कार्य करेंगे और उन 11 प्रशंसकों की याद को जिंदा रखेंगे. आने वाले समय में ‘आरसीबी केयर्स’ से जुड़ी और जानकारी साझा की जाएगी.”
इससे पहले आरसीबी ने 28 अगस्त को एक पोस्ट शेयर किया था. यह पोस्ट 4 जून को हुई घटना के बाद टीम की पहली सोशल मीडिया पोस्ट थी. इस पोस्ट में टीम ने ‘आरसीबी केयर्स’ के शुरुआत की जानकारी दी थी.
भगदड़ में गई थी 11 लोगों की जान
आरसीबी ने आईपीएल 2025 का खिताब पंजाब किंग्स को हराकर जीता था. 18 साल में आरसीबी का यह पहला खिताब था. खिताबी जीत का जश्न मनाने के लिए फैंस 4 जून को चिन्नास्वामी स्टेडियम में बड़ी संख्या में जुटे थे. स्टेडियम के बाहर भी फैंस बड़ी संख्या में मौजूद थे. अचानक स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई और भगदड़ मच गई. इसमें 11 लोगों की जान चली गई थी जबकि 33 लोग घायल हो गए थे.
ये भी पढ़ें:- टी20 में भारतीय गेंदबाजी का खस्ता हाल, टॉप-10 में शामिल नहीं एक भी खिलाड़ी















