Who is Rohini Acharya: कौन हैं रोहिणी आचार्य जिन्होंने लालू परिवार में लाया तूफान, कभी किडनी दान कर बटोरीं थी सुर्खियां

Authored By: Ranjan Gupta

Published On: Sunday, September 21, 2025

Last Updated On: Sunday, September 21, 2025

Who is Rohini Acharya: लालू परिवार में रोहिणी आचार्य का प्रभाव और उनका किडनी दान.
Who is Rohini Acharya: लालू परिवार में रोहिणी आचार्य का प्रभाव और उनका किडनी दान.

Who is Rohini Acharya: लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तेजस्वी यादव और आरजेडी से दूरी बना ली है. उन्होंने पार्टी और परिवार के कई सदस्यों को अनफॉलो कर दिया, जिससे राजनीतिक गलियारों में अटकलें तेज हो गई हैं.

Authored By: Ranjan Gupta

Last Updated On: Sunday, September 21, 2025

Who is Rohini Acharya: लालू प्रसाद यादव का परिवार एक बार फिर सुर्खियों में है. इस बार वजह उनकी बेटी और किडनी डोनर के रूप में चर्चा में रही रोहिणी आचार्य हैं. हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तेजस्वी यादव, आरजेडी और परिवार के अन्य सदस्यों को अनफॉलो कर दिया है. इसके साथ ही उन्होंने अपना अकाउंट भी प्राइवेट कर लिया है. गौरतलब है कि इस कदम ने न सिर्फ परिवार के अंदरूनी मतभेदों को उजागर किया है बल्कि बिहार की राजनीति में भी हलचल मचा दी है. कहा जा रहा है कि रोहिणी जल्द ही कोई बड़ा फैसला ले सकती हैं या पार्टी से दूरी बना सकती हैं. कुछ दिन पहले उन्होंने संजय यादव को लेकर सोशल मीडिया पर टिप्पणी की थी, जिसके बाद उन्हें ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था. इसी दौरान शुक्रवार को उन्होंने दो पोस्ट करते हुए साफ लिखा था कि उनके लिए आत्मसम्मान सबसे ऊपर है. अब यह खबर सामने आई है कि उन्होंने आरजेडी के सभी आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट को भी अनफॉलो कर दिया है.

दरअसल, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रोहिणी ने अपने एक्स अकाउंट को प्राइवेट कर दिया है और कई करीबी लोगों को भी अनफॉलो कर दिया है. फिलहाल वह केवल 61 लोगों को फॉलो कर रही हैं, जिसमें परिवार से केवल उनकी बहन मीसा भारती का नाम है, जो पाटलिपुत्र से सांसद हैं. इसके अलावा न तो उन्होंने राजद के किसी नेता को और न ही परिवार के किसी और सदस्य को फॉलो किया है. गौरतलब है कि पहले तेज प्रताप यादव भी संजय यादव को लेकर बयानबाजी कर चुके हैं और बिना नाम लिए उन्हें जयचंद कह दिया था. अब रोहिणी भी खुलकर उनके विरोध में खड़ी होती दिखाई दे रही हैं.

कौन हैं रोहिणी आचार्या | Who is Rohini Acharya

रोहिणी, लालू प्रसाद यादव की सात बेटियों और दो बेटों में दूसरे नंबर पर हैं. 5 जनवरी 1980 को पटना में जन्मी रोहिणी की उम्र 45 साल है. उनकी शुरुआती पढ़ाई पटना और रांची में हुई. इसके बाद उन्होंने जमशेदपुर के महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज से साल 2002 में एमबीबीएस की डिग्री फर्स्ट डिवीजन से हासिल की. वहीं, उनके पति समरेश सिंह ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के हिंदू कॉलेज से इकोनॉमिक्स में ग्रेजुएशन और दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से मास्टर्स की पढ़ाई की है. इसके अलावा उन्होंने फ्रांस के मशहूर INSEAD बिजनेस स्कूल से एमबीए भी किया है.

शादी के बाद रोहिणी भारत, अमेरिका और सिंगापुर में रह चुकी हैं. साल 2006 से वह अपने पति और तीन बच्चों के साथ सिंगापुर में रह रही हैं. उनके पति समरेश एक बड़े इन्वेस्टमेंट बैंक में मैनेजिंग डायरेक्टर हैं. रोहिणी की सबसे बड़ी बेटी अनन्या ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ऑफ वॉरविक से इकोनॉमिक्स की पढ़ाई कर रही हैं, जबकि बेटे आदित्य और अरिहंत सिंगापुर में 11वीं और 9वीं क्लास में पढ़ रहे हैं. सबसे खास बात यह है कि रोहिणी ने अपने पिता लालू यादव को किडनी डोनेट की थी. इस वजह से वह चर्चा में आईं और हर तरफ उनकी सराहना हुई थी.

बहन के समर्थन में तेज प्रताप यादव

तेज प्रताप यादव ने अपनी बहन रोहिणी आचार्य के बयान का समर्थन किया है. उन्होंने कहा कि रोहिणी की बातें बिल्कुल सही और परिवार की गरिमा के अनुरूप हैं. तेज प्रताप ने यह भी याद दिलाया कि रोहिणी ने अपने पिता को किडनी दान कर एक मिसाल कायम की थी, जो किसी भी बेटी के लिए गर्व की बात है. उन्होंने चेतावनी भी दी कि जो लोग उनकी बहन का अपमान करेंगे, उन्हें इसका जवाब जरूर मिलेगा.

परिवार में दरार के संकेत?

यह पूरा विवाद अब राजनीतिक रूप से भी बड़ा मुद्दा बनता दिख रहा है. बिहार विधानसभा चुनाव नजदीक हैं और ऐसे समय में लालू परिवार के अंदर उठे मतभेद चर्चा का विषय बन गए हैं. सवाल यह उठ रहा है कि क्या रोहिणी आचार्य आने वाले समय में पार्टी से अलग कोई रास्ता चुन सकती हैं या फिर यह सिर्फ अस्थायी नाराजगी है. हालांकि, अब तक उन्होंने कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है. लेकिन अकाउंट प्राइवेट करने और परिवार से दूरी बनाने के उनके कदम से इतना साफ है कि वे अपने निजी और राजनीतिक जीवन में संतुलन बनाने की कोशिश कर रही हैं.

यह भी पढ़ें :- बिहार चुनाव में क्यों जनता के सामने लाया जाता है लालू के जंगलराज का खौफ

About the Author: Ranjan Gupta
रंजन कुमार गुप्ता डिजिटल कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें डिजिटल न्यूज चैनल में तीन वर्ष से अधिक का अनुभव प्राप्त है. वे कंटेंट राइटिंग, गहन रिसर्च और SEO ऑप्टिमाइजेशन में माहिर हैं. शब्दों से असर डालना उनकी कला है और कंटेंट को गूगल पर रैंक कराना उनका जुनून! वो न केवल पाठकों के लिए उपयोगी और रोचक लेख तैयार करते हैं, बल्कि गूगल के एल्गोरिदम को भी ध्यान में रखते हुए SEO-बेस्ड कंटेंट तैयार करते हैं. रंजन का मानना है कि "हर जानकारी अगर सही रूप में दी जाए, तो वह लोगों की जिंदगी को प्रभावित कर सकती है." यही सोच उन्हें हर लेख में निखरने का अवसर देती है.
Leave A Comment

अन्य खबरें