अफ्रीका में अमेरिकी मिसाइलों की वापसी: नाइजीरिया क्यों बन रहा है युद्ध का अगला मोर्चा

Authored By: गुंजन शांडिल्य

Published On: Friday, December 26, 2025

Last Updated On: Friday, December 26, 2025

US Missiles Africa: अमेरिकी मिसाइलों की वापसी ने नाइजीरिया को युद्ध का संभावित अगला मोर्चा बना दिया है.
US Missiles Africa: अमेरिकी मिसाइलों की वापसी ने नाइजीरिया को युद्ध का संभावित अगला मोर्चा बना दिया है.

अमेरिका का नाइजीरिया पर हुए हमले बेशक आतंकवाद के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय सहयोग को दर्शाता हो, लेकिन साथ ही यह धर्म, राजनीति और सुरक्षा के जटिल सवाल भी खड़े करता है. जहां अमेरिका ईसाइयों के खिलाफ हिंसा को प्रमुख मुद्दा बना रहा है, वहीं नाइजीरिया सरकार इसे व्यापक सुरक्षा संकट के रूप में देखती है.

Authored By: गुंजन शांडिल्य

Last Updated On: Friday, December 26, 2025

US Missiles to Africa: डोनाल्ड ट्रंप की अमेरिकी सेना ने उत्तर-पश्चिमी नाइजीरिया में इस्लामिक स्टेट (ISIS) के ठिकानों पर सैन्य हमला किया है. इसकी जानकारी स्वयं अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने दिया है. डोनाल्ड ट्रंप और अमेरिकी सेना के अनुसार यह कार्रवाई नाइजीरिया सरकार के अनुरोध पर और उनके साथ मिलकर की गई. अमेरिकी अफ्रीका कमांड (AFRICOM) ने बताया कि यह हमला सोकोतो राज्य में किया गया. इस हमले में ISIS के कई आतंकवादी मारे जाने की खबर है.

अमेरिकी सेना का दावा है कि इस्लामिक स्टेट का यह धड़ा इलाके में हिंसक गतिविधियों में शामिल था. वह नागरिकों खासकर ईसाई समुदायों को निशाना बना रहा था. हालांकि नाइजीरिया सरकार इस दावे को पूरी तरह स्वीकार नहीं करती. नाइजीरियाई सरकार का कहना है कि आतंकवादी समूह किसी एक समुदाय को नहीं बल्कि मुसलमानों और ईसाइयों दोनों को निशाना बनाते हैं.

ट्रंप की ईसाइयों को लेकर चेतावनी

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने क्रिसमस के दिन अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर हमले की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि उनके निर्देश पर अमेरिकी सेना ने ‘ISIS के आतंकवादी ठिकानों’ के खिलाफ घातक और शक्तिशाली हमला किया. उन्होंने दावा किया कि यह आतंकी समूह निर्दोष ईसाइयों को बेरहमी से मार रहा था. इसलिए इसे रोकना जरूरी था.

पिछले कुछ महीनों से ट्रंप नाइजीरिया में ईसाई समुदाय पर खतरे की बात कहते रहे हैं. अक्टूबर के अंत में उन्होंने चेतावनी दी थी कि नाइजीरिया में ईसाई धर्म के अस्तित्व पर खतरे मंडरा रहे हैं. अगर हालात नहीं सुधरे तो अमेरिका सैन्य हस्तक्षेप कर सकता है.

अमेरिकी सेना की खुफिया गतिविधियां

अमेरिकी अफ्रीका कमांड की मानें, तो इस ऑपरेशन से पहले अमेरिका नवंबर के अंत से नाइजीरिया के कई हिस्सों में खुफिया जानकारी जुटा रहा था. इसके लिए सेना के खुफिया विमान उड़ानें भी भरी थी. इन उड़ानों के जरिए आतंकवादी ठिकानों, प्रशिक्षण शिविरों और उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई थी. फिर उस पर नजर रखी जा रही थी.

पेंटागन द्वारा जारी वीडियो में एक अमेरिकी युद्धपोत से मिसाइल लॉन्च होते हुए दिखाया गया है. एक अमेरिकी रक्षा अधिकारी ने बताया कि हमले में ISIS के ज्ञात शिविरों को निशाना बनाया गया. हमले में कई आतंकवादी मारे गए.

नाइजीरियाई सरकार ने क्या कहा?

नाइजीरिया के विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह हमला अमेरिका के साथ चल रहे सुरक्षा सहयोग का हिस्सा था. इस सहयोग में खुफिया जानकारी साझा करना, रणनीतिक तालमेल और आतंकवादी ठिकानों पर सटीक हमले शामिल हैं. विदेश मंत्री यूसुफ मैतामा टुगर ने इसे ‘संयुक्त अभियान’ बताया और साफ किया कि इसका किसी खास धर्म से कोई लेना-देना नहीं है.

टुगर ने यह भी संकेत दिया कि भविष्य में भी इस तरह के हमले हो सकते हैं. हालांकि यह दोनों देशों के नेतृत्व के फैसलों पर निर्भर करेगा. वहीं नाइजीरिया सरकार का कहना है कि देश की सुरक्षा स्थिति को केवल धार्मिक उत्पीड़न के नजरिये से नहीं देखा जाना चाहिए.

और तेज हो सकते हैं हमले

अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर नाइजीरिया सरकार को सहयोग के लिए धन्यवाद भी दिया. उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘और भी बहुत कुछ होने वाला है.’ अमेरिकी रक्षा सचिव के इस बयान से संकेत मिलता है कि अमेरिका पश्चिम अफ्रीका में आतंकवाद के खिलाफ अपनी सैन्य और रणनीतिक गतिविधियां और तेज कर सकता है.

नाइजीरिया की सामाजिक स्थिति

नाइजीरिया की आबादी धार्मिक रूप से लगभग दो हिस्सों में बंटी है. यहां उत्तर में मुख्य रूप से मुसलमान और दक्षिणी हिस्सों में मुख्यतः ईसाई समुदाय के लोग रहते हैं. पिछले एक दशक से बोको हराम और इस्लामिक स्टेट वेस्ट अफ्रीका प्रोविंस (ISWAP) जैसे जिहादी समूह उत्तर-पूर्वी नाइजीरिया में हिंसा फैला रहे हैं. इस हिंसा में हजारों लोग मारे गए हैं. नाइजीरिया सरकार के मुताबिक मारे जाने वालों में दोनों समुदाय के लोग शामिल हैं.

इसके अलावा मध्य नाइजीरिया में चरवाहों और किसानों के बीच पानी और चरागाह को लेकर लंबे समय से संघर्ष चल रहा है. इनमें से अधिकांश किसान ईसाई हैं, जबकि चरवाहे अधिकांशतः मुस्लिम होते हैं. इन झड़पों में दोनों समुदायों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है.

नाइजीरियाई राष्ट्रपति का शांति की अपील

क्रिसमस के दिन नाइजीरिया के उत्तर-पूर्वी हिस्से में एक मस्जिद में हुए आत्मघाती हमले में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई. वहीं 35 लोग घायल हुए. यह घटना भी दिखाती है कि आतंकवादी हिंसा केवल किसी एक धर्म तक सीमित नहीं है. जबकि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने हमले के लिए ईसाइयों पर हो रहे हमले को बहाना बनाया.

क्रिसमस के मौके पर नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला टिनूबू ने देश में शांति की अपील की. उन्होंने कहा कि वे धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा के लिए कृत संकल्पित हैं. सभी नाइजीरियाई नागरिकों, चाहे वे ईसाई हों या मुसलमान, को हिंसा से बचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

आने वाले समय में यह देखना अहम होगा कि यह सैन्य सहयोग आतंकवाद पर कितना असर डाल पाता है. इससे इस सवाल का भी जवाब मिल सकता है कि क्या इससे नाइजीरिया में स्थायी शांति आएगी.

यह भी पढ़ें :- हसीना आउट, तारिक इन: क्या बांग्लादेश में सत्ता का पहिला अब उल्टा घूमेगा?

गुंजन शांडिल्य समसामयिक मुद्दों पर गहरी समझ और पटकथा लेखन में दक्षता के साथ 10 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। पत्रकारिता की पारंपरिक और आधुनिक शैलियों के साथ कदम मिलाकर चलने में निपुण, गुंजन ने पाठकों और दर्शकों को जोड़ने और विषयों को सहजता से समझाने में उत्कृष्टता हासिल की है। वह समसामयिक मुद्दों पर न केवल स्पष्ट और गहराई से लिखते हैं, बल्कि पटकथा लेखन में भी उनकी दक्षता ने उन्हें एक अलग पहचान दी है। उनकी लेखनी में विषय की गंभीरता और प्रस्तुति की रोचकता का अनूठा संगम दिखाई देता है।

Leave A Comment

अन्य खबरें