अफगानिस्तान से कमाठीपुरा तक का सफ़र, भूख, गंदगी और कब्रिस्तान से निकला बॉलीवुड का सबसे बड़ा उस्ताद कादर खान

Authored By: Nishant Singh

Published On: Friday, January 2, 2026

Updated On: Friday, January 2, 2026

Kader Khan की प्रेरक कहानी - अफगानिस्तान से कमाठीपुरा तक का संघर्षभरा सफ़र, जिसने उन्हें बॉलीवुड का सबसे बड़ा उस्ताद बनाया.

Kader Khan: अफगानिस्तान से भारत आए कादर खान की ज़िंदगी संघर्ष, भूख और गंदगी के बीच शुरू हुई। कमाठीपुरा जैसे बदनाम स्लम में बचपन गुज़रा, जहां अपराध और मजबूरी रोज़मर्रा की हकीकत थी। हालात ने तोड़ा जरूर, लेकिन हौसला नहीं। कब्रिस्तान की खामोशी से रंगमंच और फिर सिनेमा तक पहुंची उनकी कहानी हैरान कर देती है। जानिए पूरी कहानी विस्तार से इस लेख में…

Authored By: Nishant Singh

Updated On: Friday, January 2, 2026

बॉलीवुड के महान अभिनेता और लेखक रहे कादर खान (Kader Khan) की ज़िंदगी किसी फ़िल्मी पटकथा से कम नहीं थी. उनके माता-पिता अफगानिस्तान के काबुल में रहते थे, लेकिन वहां लगातार बच्चों की मौत ने उनकी मां को भीतर तक डरा दिया था. परिवार में उनसे पहले जो भी बच्चे पैदा हुए, वे ज़िंदा नहीं रह पाए। मां को लगा कि काबुल की हवा और हालात बच्चों के लिए ठीक नहीं हैं. जब कादर खान का जन्म हुआ, तो उन्होंने काबुल छोड़ने का फैसला कर लिया. कई महीनों तक पैदल सफ़र करते हुए यह परिवार भारत पहुंचा, और उनकी मंज़िल बनी मुंबई.

कमाठीपुरा की गंदी गलियों में बचपन

मुंबई आकर कादर खान का परिवार कमाठीपुरा में रुका, जो उस दौर में शहर की सबसे बदनाम और गंदी बस्तियों में गिना जाता था. वहां उन्हें किराए पर दो बेहद छोटे कमरे मिले, जो एक इमारत की तीसरी मंज़िल पर थे. चारों तरफ़ अपराध, गंदगी और डर का माहौल था. जिस जगह कादर खान बड़े हो रहे थे, वहां वेश्यावृत्ति आम बात थी, अवैध शराब बनती थी और आए दिन झगड़े व हत्या तक हो जाती थीं। उन्होंने बाद में खुद कहा था कि दुनिया की शायद ही कोई बुराई हो जो उन्होंने उस इलाके में न देखी हो.

भूख, गरीबी और टूटा हुआ परिवार

कमाठीपुरा की गंदगी के साथ-साथ कादर खान का बचपन भयानक गरीबी में बीता. घर में खाने के लिए अक्सर कुछ नहीं होता था. कई-कई दिन भूखे रहना आम बात थी। उनके पिता मेहनत करते थे, लेकिन कमाई इतनी नहीं थी कि परिवार का गुज़ारा ठीक से हो सके. हालात से परेशान होकर एक दिन उनके पिता परिवार को छोड़कर चले गए. ऐसे इलाके में अकेले रहना उनकी मां के लिए बेहद मुश्किल था, इसलिए रिश्तेदारों के दबाव में उन्हें दूसरी शादी करनी पड़ी। दुर्भाग्य से कादर खान के दूसरे पिता काम नहीं करते थे, जिससे घर की हालत और भी बदतर हो गई.

कब्रिस्तान में मिली शांति

इतनी उथल-पुथल और हिंसा के बीच एक छोटा सा बच्चा भीतर से बेहद संजीदा बन गया था. कादर खान सिर्फ आठ साल के थे, लेकिन उन्हें भीड़-भाड़ और शोर से दूर शांति चाहिए थी. वह रोज़ कब्रिस्तान जाते और घंटों चुपचाप बैठे रहते। वहां उन्हें सुकून मिलता था, जैसे ज़िंदगी की सारी तकलीफ़ें कुछ देर के लिए रुक गई हों. वही कब्रिस्तान आगे चलकर उनकी ज़िंदगी का टर्निंग पॉइंट बना.

एक संयोग जिसने बदली तक़दीर

उन्हीं दिनों थिएटर से जुड़े अभिनेता अशरफ खान अपने नाटक के लिए एक पढ़ा-लिखा, समझदार बच्चे की तलाश कर रहे थे. किसी ने उन्हें बताया कि कमाठीपुरा में एक ऐसा लड़का है जो पढ़ने-लिखने में अच्छा है और स्वभाव से भी गंभीर है. अशरफ खान कादर खान को ढूंढते-ढूंढते कब्रिस्तान तक पहुंच गए. वहां बैठकर सोच में डूबे उस बच्चे से उन्होंने पूछा कि क्या वह अभिनय करना चाहता है। कादर खान ने बिना ज्यादा सोचे “हां” कह दिया। यही वह पल था, जहां से उनकी ज़िंदगी की दिशा बदल गई.

रंगमंच से सिनेमा तक का सफ़र

नाटक में काम करने के बाद कादर खान का आत्मविश्वास बढ़ने लगा. अभिनय उनके लिए सिर्फ़ शौक नहीं, बल्कि ज़िंदगी से निकलने का रास्ता बन गया। पढ़ाई के साथ-साथ वह थिएटर से जुड़े रहे और अपनी भाषा व संवाद अदायगी पर काम करते रहे। साल 1973 में उन्हें फिल्म “दाग” से बॉलीवुड में काम करने का मौका मिला। यही उनका फिल्मी डेब्यू था। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा.

संघर्ष से स्टारडम तक

कमाठीपुरा की तंग गलियों से निकलकर कादर खान ने हिंदी सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई. उन्होंने सैकड़ों फिल्मों में अभिनय किया, यादगार किरदार निभाए और बेहतरीन संवाद लिखे. उनकी सफलता इस बात का सबूत है कि हालात चाहे कितने भी खराब हों, अगर हौसला ज़िंदा हो तो इंसान अपनी तक़दीर खुद लिख सकता है. अफगानिस्तान से आए एक गरीब बच्चे की यह कहानी आज भी लाखों लोगों को उम्मीद और हिम्मत देती है.

यह भी पढ़ें :- ‘The Kerala Story 2’ की शूटिंग पूरी, जानिए कब सिनेमाघरों में देगी दस्तक?

About the Author: Nishant Singh
निशांत कुमार सिंह एक पैसनेट कंटेंट राइटर और डिजिटल मार्केटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता और जनसंचार का गहरा अनुभव है। डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के लिए आकर्षक आर्टिकल लिखने और कंटेंट को ऑप्टिमाइज़ करने में माहिर, निशांत हर लेख में क्रिएटिविटीऔर स्ट्रेटेजी लाते हैं। उनकी विशेषज्ञता SEO-फ्रेंडली और प्रभावशाली कंटेंट बनाने में है, जो दर्शकों से जुड़ता है।
Leave A Comment

यह भी पढ़ें

Email marketing icon with envelope and graph symbolizing growth

news via inbox

समाचार जगत की हर खबर, सीधे आपके इनबॉक्स में - आज ही हमारे न्यूजलेटर को सब्सक्राइब करें।

खास आकर्षण