States News
Lalan Singh JDU: अपने ही गढ़ मुंगेर में संजय झा के कार्यक्रम से गायब रहे ललन सिंह, क्या JDU में खत्म होगा दबदबा?
Authored By: Rajeev Mandal
Published On: Monday, November 9, 2026
Last Updated On: Monday, November 9, 2026
जनता दल यूनाइटेड के सीनियर नेता और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह को लेकर चर्चाएं तेज हैं कि उनका पार्टी से रिश्ता लगभग समाप्ति पर है। जिस तरह से उनकी अनदेखी पार्टी में हो रही है, उससे ये बात तो साफ हो चली है कि आने वाले दिनों में बिहार की सियासत में कुछ बड़ा हो सकता है।
Authored By: Rajeev Mandal
Last Updated On: Monday, November 9, 2026
मुंगेर के सांसद और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह को लेकर जनता दल यूनाइटेड (JDU) में सबकुछ ठीक नहीं होने की चर्चाएं एक बार फिर तेज हो गई हैं। सोमवार को उनके संसदीय क्षेत्र लखीसराय में फरक्का जलसंधि से जुड़े मुद्दे पर जदयू के कार्यक्रम का आयोजन किया गया, लेकिन इस कार्यक्रम में ललन सिंह की गैरमौजूदगी ने कई नए सवाल खड़े कर दिए। पार्टी में उनके राजनीतिक प्रभाव, नेतृत्व के साथ संबंधों और कथित गुटबाजी को लेकर पहले से चल रही चर्चाओं के बीच उनकी अनुपस्थिति को नए सियासी घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है।
दरअसल, पिछले कुछ समय से ललन सिंह को लेकर जदयू के भीतर कई तरह की चर्चाएं सामने आती रही हैं। बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के चुनाव के दौरान पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार और मोकामा विधायक अनंत सिंह के बीच राजनीतिक खींचतान खुलकर सामने आई थी। चुनाव के दौरान अनंत सिंह ने नीरज कुमार का विरोध किया था। इस पूरे प्रकरण में ललन सिंह की सहानुभूति अनंत सिंह के साथ होने की चर्चाएं भी राजनीतिक गलियारों में होती रहीं।
नीरज की जीत के बाद खुलकर सामने आई नाराजगी
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नीरज कुमार की जीत के बाद ललन सिंह को लेकर उनकी नाराजगी भी सार्वजनिक हो गई। नीरज कुमार ने यहां तक कहा कि ललन सिंह ने उन्हें जीत की बधाई तक नहीं दी। उन्होंने चुनाव के दौरान ललन सिंह समेत अन्य नेताओं की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी को इस पूरे मामले पर विचार करना चाहिए।
संजय झा से हालिया सम्बन्ध ने अटकलों को दी हवा
ललन सिंह और जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के बीच बेहतर तालमेल नहीं होने की अटकलें भी लंबे समय से लगाई जाती रही हैं। फरक्का जलसंधि का मुद्दा संजय झा की ओर से उठाया गया है। इसी मुद्दे पर लखीसराय में कार्यक्रम आयोजित हुआ, लेकिन मुंगेर संसदीय क्षेत्र के सबसे प्रभावशाली जदयू नेताओं में गिने जाने वाले ललन सिंह इसमें मौजूद नहीं थे।
खास बात यह है कि लखीसराय को ललन सिंह का मजबूत राजनीतिक गढ़ माना जाता है। उनके संसदीय क्षेत्र में उनका सबसे मजबूत जनाधार भी इसी इलाके में माना जाता रहा है। ऐसे में इसी क्षेत्र में आयोजित पार्टी के महत्वपूर्ण कार्यक्रम से उनकी अनुपस्थिति को लेकर राजनीतिक चर्चाओं का गर्म होना स्वाभाविक है।
फिलहाल ललन सिंह की गैरमौजूदगी के पीछे आधिकारिक दौरे को वजह बताया जा रहा है, लेकिन नीरज कुमार की नाराजगी, अनंत सिंह प्रकरण, संजय झा के साथ कथित दूरी और पार्टी के भीतर गुटबाजी की चर्चाओं के बीच इस घटनाक्रम ने एक बार फिर जदयू की अंदरूनी राजनीति को सुर्खियों में ला दिया है। सवाल यही है कि क्या यह महज संयोग है या फिर पार्टी में ललन सिंह की भूमिका और राजनीतिक हैसियत को लेकर कोई नया समीकरण आकार ले रहा है?













