श्रीराम के बाद श्रीकृष्ण लगाएंगे बीजेपी की नैया पार, पीडीए की काट के लिए भाजपा ने बदली चाल, बूथ से होगा हिसाब

Authored By: Rajeev Mandal

Published On: Tuesday, November 17, 2026

Updated On: Tuesday, November 17, 2026

मथुरा में बीजेपी की 2027 चुनावी रणनीति बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पार्टी के वरिष्ठ नेता

उत्तर प्रदेश की सियासत में हर रोज कुछ-न-कुछ ऐसा घटता है, जो न केवल राज्य की राजनीति बल्कि देश की राजनीति को भी चौंकाता है। अयोध्या की बात अब पुरानी हो गई। राजनीति के केंद्र में अब मथुरा की एंट्री हो गई है। भाजपा मथुरा के बहाने या कहें मथुरा को केंद्र में रखकर उत्तर प्रदेश की सत्ता पर तीसरी बार काबिज होने के लिए जी-जान से जुटी है। कह सकते हैं कि भाजपा 2027 का रण मथुरा को केंद्र में रखकर लड़ेगी। इस बीच ताजा जानकारी यही निकलकर आ रही है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अचानक से दिल्ली जाने का कार्यक्रम बनाया है, जहां उनकी मुलाकात अमित शाह आैर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से होगी।

Authored By: Rajeev Mandal

Updated On: Tuesday, November 17, 2026

मथुरा में हुई बैठक को आप हल्के में मत लीजिए। ये सिर्फ चाय-नाश्ते वाली मीटिंग नहीं थी। उत्तर प्रदेश के अगले चुनाव की पूरी कहानी वहीं लिखी गई है। मुद्दा एक ही था-समाजवादी पार्टी के पीडीए यानी ‘पिछड़े, दलित आैर अल्पसंख्यक” वाले फॉर्मूले को कैसे रोका जाए। पिछले चुनाव में पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक का ये समीकरण भाजपा को बहुत भारी पड़ा था। उसी का जवाब खोजने के लिए ब्राज की धरती पर बड़े नेता जुटे। संदेश साफ है कि अयोध्या को किनारे रखकर अब श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा पर बात हो। अखिलेश को घेरने के मकसद से भाजपा के लिए सबसे मुफीद मुद्दा श्रीकृष्ण जन्मभूमि है। अखिलेश यादव ने अभी तक सीधे तौर पर इस मसले पर कुछ भी नहीं बोला है। उनकी चुप्पी को ही भाजपा हथियार बना रही है।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने क्या कहा

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि में एक भव्य मंदिर का निर्माण उत्तर प्रदेश चुनाव का सबसे बड़ा आैर सबसे अहम मुद्दा है। उन्होंने आगे कहा कि इस पवित्र स्थान पर एक भव्य मंदिर जरूर बनेगा, चाहे वह न्यायिक प्रक्रिया के सहारे हो या आपसी बातचीत के जरिये, जैसा कि अयोध्या में राम मंदिर मामले में हुआ।

अखिलेश यादव पर कसा तंज

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए मौर्या ने कहा कि अगर अखिलेश यादव कारसेवा में शामिल होना चाहें, तो हम लोग उन्हें श्रीकृष्ण भगवान के लिए बनने वाले मंदिर में भी साथ लेंगे।

अखिलेश ने भी मजाक-मजाक में किया पलटवार

अखिलेश ने यमुना नदी की गंदगी पर भाजपा नेताओं को घेरते हुए मजाकिया अंदाज में कहा कि भाजपा नेताओं से उनका आग्रह है कि वो यमुना नदी में डुबकी लगाएं आैर अंजुरी भर के जल ग्रहण करें। यह ज्यादा पवित्र काम है। इसके बाद अगर वो बीमार पड़ें तो डॉक्टर से जरूर मिलें।

बंद कमरे में क्या-क्या तय हुआ?

सूत्रों के हिसाब से बैठक में चार चीजों पर सबसे ज्यादा जोर दिया गया।

  • बूथ ही सब कुछ है: अब बड़े नेताओं की बड़ी रैली से चुनाव नहीं जीता जाएगा। बूथ पर जो कार्यकर्ता है, उसे ही मजबूत करना होगा। जहां बूथ कमजोर है, वहां की अलग से लिस्ट बन रही है। वहां स्पेशल टीम जाएगी, घर-घर जाएगी।.
  • नई सोशल इंजीनियरिंग: यादव को छोड़कर बाकी ओबीसी और जाटव को छोड़कर बाकी दलित समाज से सीधे जुड़ना है। इनके बीच भाजपा की पैठ पहले से है, उसे और गहरा करना है। इसके लिए गांव-गांव संपर्क अभियान चलेगा।.
  • लाभार्थी को साथ रखो: जिस परिवार को मकान मिला, राशन मिला, आयुष्मान कार्ड मिला, उससे सीधे मिलना है। पार्टी का मानना है कि ये लाभार्थी जाति से ऊपर उठकर वोट करेगा, क्योंकि फायदा बिना भेदभाव के मिला है।.
  • लोकल मुद्दा, लोकल भाषा: ब्राज और पश्चिम उत्तर प्रदेश में दिल्ली वाली भाषा नहीं चलेगी। वहां किसान की बात, गन्ने का रेट, मंदिर, संस्कृति, स्थानीय सम्मान की बात करनी होगी।

पीडीए का तोड़ निकलेगा क्या?

भाजपा खेमे में भरोसा है। उनका कहना है सबका साथ, सबका विकास ही सबसे बड़ा जवाब है। जब योजना सबको मिली है तो वोट भी सबका मिलेगा, लेकिन दूसरी तरफ के जानकार ऐसा नहीं मानते। उनका कहना है विपक्ष ने संविधान, आरक्षण और जाति जनगणना को ऐसा हथियार बना दिया है कि पिछड़े और दलित वर्ग में एक नई एकजुटता आ गई है। इसे सिर्फ एक-दो बैठकों से तोड़ना आसान नहीं है। असली परीक्षा पश्चिम उत्तर प्रदेश में है। यहां जाट, गुर्जर, राजपूत और तमाम पिछड़ी जातियों के बीच बैलेंस बनाना होगा। एक जाति को खुश करो तो दूसरी नाराज। यही संतुलन ही जीत-हार तय करेगा।

बैठक में कौन-कौन था?

बैठक पूरी तरह बंद कमरे में हुई। इसमें प्रदेश संगठन के बड़े पदाधिकारी, ब्राज क्षेत्र और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष, सरकार के कई सीनियर मंत्री, स्थानीय सांसद, विधायक, पिछड़ा वर्ग मोर्चा और अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रमुख लोग शामिल रहे। सबसे अहम निर्देश यही दिया गया कि सरकार और संगठन आपस में न लड़ें। कार्यकर्ता की नाराजगी को हल्के में न लें। उसकी बात सीधे लखनऊ और दिल्ली तक पहुंचनी चाहिए।

आगे होगा क्या?

मथुरा का ये मंथन बता रहा है कि भाजपा को समझ आ गया है कि हवा में बात करने से काम नहीं चलेगा। जमीन पर उतरना पड़ेगा। समाजवादी पार्टी के नेतृत्व में बने विपक्षी गठबंधन को हराना है तो बूथ जीतना होगा, नाराज कार्यकर्ता को मनाना होगा और लोकल मुद्दों को हल करना होगा। अब देखना है कि मथुरा में बनी ये रणनीति गांव तक कितनी पहुंचती है। क्योंकि कागज पर रणनीति सबकी अच्छी होती है, असली खेल तो बूथ पर होता है।

About the Author: Rajeev Mandal
वरिष्ठ पत्रकार राजीव मंडल पिछले 25 वर्षों से मीडिया इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। दैनिक जागरण (लखनऊ) से बतौर कॅरियर की शुरुआत हुई। गलगोटिया टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थान से जुड़ने से पहले राजीव ने टीवी इंडस्ट्री-ईटीवी और नेपाल वन न्यूज चैनल- में भी काम किया। इसके अलावा राष्ट्रीय सहारा अखबार के साथ 19 वर्षों तक इनका साथ रहा। इस अखबार के संपादकीय पृष्ठ और साप्ताहिक परिशिष्ट 'हस्तक्षेप" अंक का बतौर प्रभारी लंबे समय तक नेतृत्व किया। राजीव ने पत्रकारिता से मास्टर डिग्री (2000-2001) काशी हिन्दू विश्वविद्यालय, वाराणसी से हासिल किया। फिलहाल राजीव गलगोटिया टाइम्स के लिए राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और समसामयिक विषयों पर कलम चलाते हैं।

Leave A Comment

यह भी पढ़ें

Email marketing icon with envelope and graph symbolizing growth

news via inbox

समाचार जगत की हर खबर, सीधे आपके इनबॉक्स में - आज ही हमारे न्यूजलेटर को सब्सक्राइब करें।

खास आकर्षण